October 9, 2026

प्रयागराज में फूलपुर स्थित इफको के प्लांट में मंगलवार दोपहर तेज धमाके के साथ ब्वॉयलर फट गया- शरद पांडेय

Spread the love

प्रयागराज में फूलपुर स्थित इफको के प्लांट में मंगलवार दोपहर तेज धमाके के साथ ब्वॉयलर फट गया। धमाका इतना जबरदस्त हुआ कि ब्वॉयलर के परखच्चे उड़ गए और इसकी चपेट में आकर दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि 16 अन्य जख्मी हो गए। घायलों में की हालत गंभीर बनी है। जिन्हें शहर के तीन निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पूर्व सांसद नागेंद्र सिंह पटेल व पूर्व विधायक विजमा यादव ने स्थानीय लोगों के साथ गोरखपुर-प्रयागराज मार्ग को जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जब आर्थिक मदद और मृतकों के परिजनों को नौकरी देने के आश्वासन दिया तब मामला शांत हुआ।

 

इंडियन फार्मर्स फर्टीलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (इफको) में मंगलवार दोपहर पी वन प्लांट में मजदूर खाना खाने के लिए एकत्र हुए थे। लगभग एक बजकर पांच मिनट पर अचानक ब्वॉयलर में धमाका हो गया। विस्फोट इतना जबरदस्त हुआ कि टैंक उड़ गया और वहां मौजूद दो दर्जन से अधिक मजदूर उसकी चपेट में आ गए। मलबा गिरने से किसी का सिर फट गया तो किसी के सीने में चोट आ गई। मजदूर खून से लथपथ हो गए और हर तरफ चीख पुकार मच गई।

सूचना पर इफको का बचाव दल पहुंच गया लेकिन तबतक फूलपुर के पाली गांव निवासी प्रदीप यादव की मौत हो चुकी थी। अन्य घायलों को इफको अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद शहर के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र के मुंगारी गांव निवासी विजय यादव की भी सांसें थम गईं।

 

इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने दोनों शवों को इफको गेट पर रखकर जाम लगा दिया। उधर, मुख्य मार्ग पर भी घंटों जाम लगाकर विरोध जताया। मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने मदद का आश्वासन देकर शांत कराया। डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने बताया कि जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

इफको के वरिष्ठ महाप्रबंधक संजय कुदेसिया घटना की पूरी जांच कराई जाएगी। मृतकों के परिवार को तुरंत एक-एक लाख रुपये व परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी। घायलों का शहर के निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।

इनकी हुई मौत

1-प्रदीप यादव -पाली गांव, फूलपुर

2-विजय यादव-मुंगारी, औद्योगिक क्षेत्र