प्रयागराज में आज से 10 दिन बाधित रहेगी बिजली, किन क्षेत्रों में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक होगी कटौती_______
प्रयागराज: दशहरा और दुर्गापूजा का पर्व निकट है। त्योहार के रंग में बिजली कटौती बदरंग न बने, इसके लिए बिजली विभाग तैयारी कर रहा है। प्रयागराज शहर में बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए आज 20 सितंबर से 30 सितंबर तक तारों की मरम्मत व ट्रांसफार्मरों की जांच किया जाएगा। इसकी वजह से सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
दशहरा व दुर्गापूजा पर बिजली की खपत बढ़ जाती है : उल्लेखनीय है कि प्रयागराज में दशहरा में षष्ठी तिथि से दशमी के दिन तक अलग-अलग मोहल्लों में प्रतिदिन विशाल मेला लगता है। देर रात तक चौकियां निकाली जाएंगी। दशहरा मेला में हजारों की भीड़ रात भर सड़कों पर जुटी रहती है। मार्गों के दोनों ओर बल्लियों पर आकर्षक बिजली सजावट होती है। इसके साथ ही शहर के दर्जनों क्षेत्रों में विशाल दुर्गापूजा पंडाल सजते हैं, जिनमें मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। पंडालों में भी भव्य बिजली सजावट की जाती है। ऐसे में बिजली विभाग का इसमें अहम रोल होता है। इसीलिए बिजली विभाग की ओर से जर्जर तारों को बदलने, मरम्मतीकरण और ट्रांसफार्मरों के रखरखाव को परखा जाएगा|
दशहरा पर्व पर बिजली विभाग की तैयारी : रामबाग उपखंड से संबंधित सुलाकी, मानसरोवर और शिवाजी पार्क फीडर बंद रहेंगे। सुबह नौ से शाम पांच बजे तक रोस्टिंग कर इन इलाकों में बिजली आपूर्ति होगी। विजयी दशमी पर सड़कों के किनारे कई किलोमीटर तक रंग-बिरंगी लाइटें सजाई जाती हैं। चौराहों पर रोशनी कमेटियों द्वारा बड़े-बड़े गेट बनाए जाते हैं। मनमोहक झांकियां निकलती हैं। इस दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो और जर्जर खंभे व लटकते तार से कोई दुर्घटना न हो, इसके मद्देनजर मंगलवार से मरम्मत का कार्य शुरू होगा|
इन इलाकों में बिजली की रोस्टिंग : रामबाग उपखंड अधिकारी विनीत शुक्ला ने बताया कि सुलाकी, शिवाजी पार्क और मानसरोवर फीडर को बंद किया जाएगा। जिस कारण इससे संबंधित मोहल्लों में सुबह नौ से शाम पांच बजे तक रोस्टिंग कर बिजली आपूर्ति दी जाएगी। लाइनों की मरम्मत और ट्रांसफार्मरों की जांच होगी। 30 सितंबर तक यह कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा जहां दुर्गा पूजा होगी, वहां भी लाइनों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं|




More Stories
शुआट्स के कुलाधिपति, कुलपति समेत 11 के खिलाफ चार्जशीट फाइल-
बसपा महापौर प्रत्याशी सईद अहमद के बड़े बेटे के बाद छोटे बेटे पर भी मामला दर्ज-
50 हजार की इनामी शाइस्ता की तलाश में यू पी एस टी एफ टीम ने धूमनगंज पुलिस संग मारा छापा-