June 20, 2026

प्रतापगढ़ में कपड़े की दुकान में लगी आग, देर से पहुंचे दमकल वाहन में जल्‍द खत्‍म हो गया पानी-

Spread the love

प्रतापगढ़ में कपड़े की दुकान में लगी आग, देर से पहुंचे दमकल वाहन में जल्‍द खत्‍म हो गया पानी-

 

प्रयागराज:- प्रतापगढ़ जनपद में सोमवार की सुबह आग की घटना हुई। जेठवारा के डेरवा बाजार में कपड़े और सौंदर्य प्रसाधन की दुकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने भीषण रूप ले लिया। स्‍थानीय लोगों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचित कर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। करीब एक घंटे बाद पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू तो पा लिया लेकिन तब तक लाखों का नुकसान हो चुका था। आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।

 

डेरवा बाजार में हादसा : जेठवारा थाना क्षेत्र के खटवारा निवासी नौशाद खान पुत्र शरीफ खान और अल्ताफ खान पुत्र मुस्ताक खान की डेरवा बाजार में दुकान है। डेरवा बाजार निवासी रमेश गुप्ता के मकान की दूसरी मंजिल पर किराए के कमरे में दोनों ने मिलकर कपड़े व सौंदर्य प्रसाधन की दुकान खोली है।

 

धुंआ उठा तो व्‍यापारियों को पता चला : सोमवार की सुबह करीब छह बजे शार्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। धुआं उठता देख आसपास के व्यापारियों ने इसकी सूचना दुकानदारों को दी। मौके पर पहुंचे नौशाद खान व अल्‍ताफ खान ने बिजली आपूर्ति को बंद कराने के बाद लोगाें के सहयोग से आग पर काबू करने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग बढ़ती जा रही थी।

 

दमकल वाहन में खत्‍म हो गया पानी : इसी बीच सूचना पर चौकी इंचार्ज हुआ वरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और आग लगने की जानकारी लालगंज फायर ब्रिगेड को दी। सूचना के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी डेरवा बाजार पहुंची तो गाड़ी में पानी आधी टंकी था जो थोड़ी थोड़ी देर बाद ही खत्म हो गया। इसके बाद पुलिस ने इसकी सूचना कुंडा व जनपद मुख्यालय फायर ब्रिगेड को दी। वहां पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बाजार वासियों की मदद से आग पर काबू पाया। दोनों दुकानदारों ने बताया कि उनका करीब 16 लाख रुपये का सामान जल गया है।

 

आक्रोशित लोगों को पुलिस ने शांत कराया : आग लगने से मकान मालिक की छत दीवारें दरक गई। मकान में नीचे के कमरों में रखा परचून का लाखों रुपये का सामान भी जलकर राख हो गया। देर से पहुंचे फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के पहुंचने पर बाजार वासियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। पुलिस कर्मियों के समझाने पर बाजार वासी शांत हुए।