May 6, 2026

पीएससी कोनिया का अब होगा अपना भवन, मंत्री डॉ0नीलकंठ तिवारी ने नवनिर्मित पीएचसी कोनिया का किया लोकार्पण-

Spread the love

वाराणसी/दिनांक 04 जनवरी, 2022(सू0वि0)

 

*पीएससी कोनिया का अब होगा अपना भवन, मंत्री डॉ0नीलकंठ तिवारी ने नवनिर्मित पीएचसी कोनिया का किया लोकार्पण*

 

*कचराघर को बनाया अस्पताल, अब खुद के भवन में लोगो को मिलेगा स्वास्थ्य लाभ-डॉ0नीलकंठ तिवारी*

 

*प्रधानमंत्री की प्रेरणा से चिकित्सीय एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विस्तार-मंत्री डॉ0नीलकंठ तिवारी*

 

*विधायक निधि (वर्ष 2021-22) से करीब 25 लाख रुपये में कोनिया पीएचसी का हुआ निर्माण*

 

*स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में सीफार के सहयोग से नुक्कड़ नाटक का कार्यक्रम आयोजित*

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से जनपद में चिकित्सीय एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य एवं प्रोटोकॉल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0नीलकंठ तिवारी के विधायक निधि के लगभग 25 लाख की लागत से शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) कोनिया के नवनिर्मित भवन को तैयार किया गया है। जिसका आज मंगलवार को मंत्री डॉ0नीलकंठ तिवारी ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को मोबाइल फोन वितरित किया। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में सेंटर फॉर एडवोकेसी एन्ड रिसर्च (सीफार) के सहयोग से नुक्कड़ नाटक का कार्यक्रम किया गया।

इस अवसर पर मंत्री डॉ0नीलकंठ तिवारी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन व दिशा-निर्देशों से वाराणसी सहित पूरे प्रदेश में चिकित्सीय एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। सोमवार को ही जैतपुरा की नवनिर्मित पीएचसी का लोकर्पण किया गया। जनपद में चिकित्सीय व स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होने बताया कि इससे पूर्व कोनिया शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किराए के भवन में संचालित किया जा रहा था। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में विधायक निधि (वर्ष 2021-22) से इस पीएचसी का निर्माण किया गया है। पहले यह जमीन कचरा घर बनी हुई थी। लेकिन इस स्थान को क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया गया। विधायक निधि के करीब 25 लाख (24.99 लाख) रुपये की लागत से बने शहरी पीएचसी कोनिया का अब खुद का भवन हो गया है। उन्होने कहा कि केंद्र पर सभी चिकित्सीय व स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जाएंगी। इसके नजदीक बने आयुर्वेदिक चिकित्सालय से लोगों को आयुर्वेद के साथ-साथ एलोपैथ चिकित्सा का भी लाभ मिल सकेगा। आने वाले समय में क्षेत्र के लोगों को होम्योपैथ चिकित्सा का लाभ दिया जाएगा।

इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने कहा कि कोनिया की लगभग 70000 आबादी को अब उनके घर के नजदीक ही नवनिर्मित पीएचसी से चिकित्सीय व स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। केंद्र पर बच्चों के टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सामान्य खांसी, जुकाम व बुखार, संचारी व गैर संचारी रोगों की जांच, परिवार नियोजन परामर्श आदि की सेवाएं मिल सकेंगी। इस पीएचसी पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित कुल 13 लोगों का स्टाफ कार्य कर रहा है। इसमें एक चिकित्सा अधिकारी, एक फार्मासिस्ट, एक लैब टैकनीशियन, एक स्टाफ नर्स, दो सहयोगी स्टाफ, पाँच एएनएम तैनात रहेंगे। इसके साथ ही कोनिया की 17 आशा कार्यकर्ताएं समुदाय से जुड़कर उन्हें स्वास्थ्य योजनाओं व सुविधाओं से अवगत करा उन्हें लाभ प्रदान कराएंगी।

लोकार्पण से पहले मंत्री डॉ0नीलकंठ तिवारी ने सम्पूर्ण पीएचसी का अवलोकन किया। शत-प्रतिशत कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए निर्देशित किया। इसके साथ ही केंद्र पर चिकित्सीय संसाधनों से सुसज्जित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया। तत्पश्चात मंत्री डॉ0नीलकंठ तिवारी ने कोनिया की 12 आशा कार्यकर्ताओं कौशल कविता, सुनीता केवट, कंचल जयसवाल, प्रतिभा, मनीषा, सुनीता पाठक, ममता देवी, मीनाक्षी, प्रिया, सीमा केवट, गायत्री, सीमा देवी, फरीदा बानों व रेशमा बानों को शासन से भेजे गए मोबाइल फोन का वितरण किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में सेंटर फॉर एडवोकेसी एन्ड रिसर्च (सीफार) के सहयोग से नुक्कड़ नाटक का कार्यक्रम किया गया। प्रेरणा कला मंच नाट्य संस्था की ओर से सुरक्षित मातृ व शिशु स्वास्थ्य के लिए शीर्षक “क्या करें-क्या न करें” पर जन जागरूकता कार्यक्रम किया गया। अंत में मंत्री डॉ0नीलकंठ तिवारी ने पीएचसी प्रांगण पर पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम का संचालन सुनील तिवारी ने किया।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष डॉ आलोक श्रीवास्तव, एसीएमओ (एनएचएम) डॉ एके मौर्या, डीएचईआईओ हरिवंश यादव, नगरीय स्वास्थ्य समन्वयक आशीष सिंह, पार्षद विजय सोनकर, पार्षद शिवप्रकाश मौर्या, पार्षद रोहित जायसवाल, तीनों मण्डल अध्यक्ष – संदीप चौरसिया, नलिन नयन मिश्र, गोपाल जी गुप्ता, यूनिसेफ से डॉ शाहिद, सीसीपीएम कौशल, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।