November 6, 2026

पत्नी की हत्या कर खेत में दफनाया, फिर थाने में कर दी शिकायत, गिफ्ट से खुला राज तो गिरफ्तार हुआ हत्यारा पति-

Spread the love

पत्नी की हत्या कर खेत में दफनाया, फिर थाने में कर दी शिकायत, गिफ्ट से खुला राज तो गिरफ्तार हुआ हत्यारा पति-

 

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में गिफ्ट में पैक कागज के एक छोटे से टुकड़े ने कई दिन से घर से लापता महिला की हत्या के सारे राज खोल दिए. पति ने ही अपनी बीवी को रास्ते से हटाने के लिए मौत की साजिश रची थी. आरोपी पति ने अपनी बीवी की गला घोंटकर हत्या कर शव को छुपाने के मकसद से अपने ही ईंख के खेत में दफना दिया था. पुलिस ने गिफ्ट पैक से मिली जानकारी के मुताबिक हत्यारों को बेनकाब करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

 

दिल्ली रहने की जिद करती थी

पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी नसीम बिजनौर के हीमपुरदीपा के मुबारकपुर कला का रहने वाला है. नसीम ने दो शादी की थी जिसमें से दूसरी बीवी दिल्ली की रहने वाली है जिसका नाम चायना है. चायना नसीम को दिल्ली रहने की जिद करती थी. नसीम ने अपनी पहली पत्नी और चचेरे भाई के साथ मिलकर अपनी दूसरी बीवी चायना को रास्ते से हटाने के लिए मौत की योजना बना डाली. नसीम ने छह दिन पहले अपनी पहली बीवी और चचेरे भाई के साथ मिलकर दूसरी बीवी की गला घोंटकर हत्या कर लाश को अपने ईंख के खेत में दफना दिया ताकि किसी को कोई शक न हो।

 

हत्यारे ने ही दर्ज कराया मामला

इधर नसीम ने अपनी थाने जाकर पुलिस से बीवी चायना की गुमशुदगी दर्ज कराई ताकि किसी को उसपर शक न हो. पुलिस घर से गायब चायना की तलाश कर रही थी कि इसी बीच उसकी बहन के घर अज्ञात व्यक्ति ने गिफ्ट पैक दिया. बहन ने जैसे ही गिफ्ट खोला तो उसमें चायना के हत्यारों के नाम और लाश की डिटेल लिखी थी. मृतक के परिजनों ने पुलिस को गुमनाम गिफ्ट पैक की जानकारी दी तो पुलिस के भी होश उड़ गए.

 

पूछताछ में गुनाह कबूल किया

गुमनाम लेटर को लेकर पुलिस ने जांच की तो हत्या के सारे राज खुलते गए. पुलिस ने आरोपी पति नसीम को गिरफ्तार कर जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या के सारे राज खोल दिए. नसीम को ईंख के खेत में ले जाया गया जहां उसने अपनी बीवी की लाश को दफनाया था. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसकी पहली बीवी और चचेरा भाई फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।