नाक से नथिया नोंचकर चलते आटो से छात्रा को फेंका था, अस्पताल में हुई मौत______
प्रयागराज में 29 सितंबर की दोपहर स्कूल से घर जा रही छात्रा के नाक से नथिया नोंच कर बदमाशों ने चलते आटो से उसे बाहर फेंक दिया था। गंभीर अवस्था में घायल छात्रा अस्पताल में जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रही थी। हालांकि इलाज के दौरान मंगलवार की रात उसकी मौत हो गई। वारदात यमुनापार के नैनी औद्योगिक क्षेत्र स्थित अरीवा कंपनी के समीप हुई थी|
महाविद्यालय में क्लास खत्म होने के बाद आटो से घर जाते समय वारदात हुई : प्रयागराज में यमुनापार औद्योगिक थाना क्षेत्र के महुवारी गांव निवासी जितेंद्र श्रीवास्तव की 22 वर्षीय भांजी रीतिका अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती थी। वह हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय महाविद्यालय में स्नातक की छात्रा थी। 29 सितंबर की दोपहर क्लास खत्म करने के बाद घर के लिए निकली थी। काटन मिल तिराहे से वह घर के लिए विक्रम पर सवार हुई थी। अरीवा कंपनी के समीप उसके नाक की नथिया नोंचकर बदमाशों ने उसे नीचे ढकेल दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी|
रीतिका की मौत से गमगीन माहौल : इस वारदात के बाद से ही रीतिका बेहोश थी। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा था। मंगलवार की रात में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उसकी मौत की खबर सुनकर परिवार व गांव में माहौल गमगीन है|
छात्रा के मामा ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप : रीतिका के मामा जितेंद्र की मानें तो कई दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद घटना की जानकारी हुई थी। इस मामले में पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन उसकी तरफ से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई|
क्या कहते हैं औद्योगिक थाने के इंस्पेक्टर : इस संबंध में औद्योगिक थाने के इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार वर्मा का कहना है कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर विक्रम चालक अभय कुमार को जेल भेजा गया था। अभी भी इस मामले में जांच की जा रही है|

More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-