नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी इलाके बुराड़ी में रविवार सुबह एक घर से 11 लाशें मिलने से सनसनी फैल गई। सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। शव घर के अंदर जाल से लटके हुए थे और कुछ शवों के आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी। शुरूआती तौर पर इसे आत्महत्या माना जा रहा है लेकिन पुलिस अभी अधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से बच रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मौके पर पहुंच गए हैं।

मृतक परिवार को लोग भाटिया परिवार के नाम से जानते थे जिनका फर्नीचर के अलावा, ग्रॉसरी का बिजनेस था। दिल्ली पुलिस के ज्वॉइंट कमिश्नर ने बताया, ‘7 महिलाओं और 4 पुरुषों के शव मिले हैं जिनमें 3 किशोर भी शामिल हैं। हर एंगल से जांच की जा रही है, किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।’ पड़ोसियों की मानें तो यह परिवार पिछले 22 साल से ज्यादा समय से यहां रह रहा था।

सुबह 7.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बुराड़ी के संत नगर स्थित गली नंबर 4 में 6-7 लोगों ने आत्महत्या कर ली है, मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत इलाके को कॉर्डन ऑफ कर दिया। पुलिस कंट्रोल रूम को मिली जानकारी के मुताबिक जिन 11 लोगों के शव घर से बरामद हुए हैं उनके नाम हैं-
- नारायण- 75+ साल
- नारायण की बेटी प्रतिभा- 55 साल
- प्रतिभा की बेटी प्रियंका- 30 साल
- नारायण का बेटा भूपी- 46 साल
- भूपी की पत्नी सविता- 42 साल
- भूपी की बेटी नीतू- 24 साल
- भूपी की बेटी मीनू- 22 साल
- भूपी का बेटा ध्रुव- 12 साल
- नारायण का बेटा ललित- 42 साल
- ललित की पत्नी टीना- 38 साल
- ललित का बेटा शिवम – 12 साल

11 में से 10 शव एक ही कमरे में लटके थे जबकि एक बुजुर्ग महिला का शव दूसरे कमरे में मिला। बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। मीडिया से बात करते हुए पड़ोसियों ने बताया कि यह परिवार एक सज्जन परिवार था और उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। फिलहाल पुलिस खुदकुशी और हत्या दोनों एंगल से इस घटना की जांच कर रही है।

More Stories
दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात बदमाश टिल्लू ताजपुरिया की सुबह-सुबह हुई हत्या-
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और मेरठ पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में एनकाउंटर-
दिल्ली पुलिस के सिपाही की मेरठ में हत्या-