वाराणसी : रिंग रोड की जमीन हथियाने के लिए पुलिस की पिस्टल लेकर धमकी देने वाले बदमाश पियूष सिंह को सारनाथ पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ जान से मारने की धमकी, मारपीट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा कायम किया है। गौरतलब है कि सारनाथ निवासी अनुराग की चौबेपुर में रिंग रोड किनारे सात बिस्वा जमीन है। सारनाथ निवासी पियूष सिंह की नजर उस जमीन पर थी। अनुराग के चचेरे भाई के जरिए दोस्ती गांठने के बाद जमीन को कम कीमत पर बेचने का दबाव बनाने लगा। इंकार करने पर मारपीट, तोड़फोड़, लूटपाट शुरू कर दिया।
पीड़ित को अक्सर एक वीडियो भेजता जिसमें वह हाथ में पिस्टल लिए दिखता और उसी से धमकी देता। अपनी जान बचाने के लिए अनुराग 12 माह की बेटी और पत्नी को लेकर अज्ञात स्थान पर छिप गया। उसने जब एसएसपी को शिकायत दर्ज कराई तो आरोपित का फिर फोन आया और जान शिकायत वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़ित पक्ष का मुकदमा दर्ज करने के बाद दबिश देकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
ज्ञानवापी में तैनात दारोगा की पिस्टल का करता था धमकी देने के लिए इस्तेमाल
– सारनाथ पुलिस ने गिरफ्तार पियूष से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सनसनीखेज जानकारी दी। पियूष ने बताया कि वाराणसी के कई थानों पर तैनात रह चुके एमके सिंह की पिस्टल है। वर्तमान में उसकी तैनाती ज्ञानवापी में है। पियूष से उसकी मित्रता दो साल पुरानी है। पिस्टल लेकर वीडियो बनाने के बाबत पियूष ने पुलिस को बताया कि एमके सिंह अक्सर उसके साथ दावत करता था। दो साल पहले ही उसने कार में दारोगा के साथ छककर शराब पी थी। दारोगा के धुत होने के बाद उसने उसकी पिस्टल निकाल ली और पिस्टल के साथ दो-तीन वीडियो बना डाले। उसी वीडियो का वह आए दिन लोगों को धमकी देने में इस्तेमाल करता था। सीओ कैंट मुश्ताक ने बताया कि आरोपित पियूष को गिरफ्तार करने के बाद अब पूछताछ में पता चल गया है कि पिस्टल किस दारोगा की थी। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए एसएसपी को पूरे प्रकरण से अवगत करा दिया गया है।

More Stories
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-
शराब के साथ चार अभियुक्त गिरफ्तार-
महिला ने युवक की बीच रोड पर की पिटाई-