May 6, 2026

डेंगू मरीजों की पुष्टि के लिए डीडीयू व बीएचयू लैब से करायें निःशुल्क जांच-

Spread the love

वाराणसी/दिनांक 18 नवम्बर, 2022 (सू0वि0)

 

*डेंगू मरीजों की पुष्टि के लिए डीडीयू व बीएचयू लैब से करायें निःशुल्क जांच*

 

*सीएमओ ने निजी चिकित्सालयों को दिया निर्देश*

 

*सम्बन्धित मरीजो का विवरण आई०एच०आई० पी० पोर्टल पर भी करें अपलोड*

 

वाराणसी। डेंगू की रोकथाम, नियंत्रण और प्रबंधन को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है । इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने समस्त निजी चिकित्सालयों से कहा है कि वह डेंगू संभावित लक्षणों के एनएस-1 पॉजिटिव मरीजों की एलाईजा पुष्टि के लिए जनपद स्तरीय प्रयोगशाला में भेंजे । साथ ही निजी चिकित्सालयों की ओर से किए जा रहे एनएस-1 पॉजिटिव मरीज की फोन नंबर सहित समस्त जानकारी को आईएचआईपी पोर्टल पर अंकित करने के साथ ही उससे मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय को भी अवगत करायें, जिससे मरीज को ट्रैक कर फॉलोअप किया जा सके और उससे आवश्यक जांच व उपचार प्रदान किया जा सके ।

सीएमओ ने बताया कि पूर्व से ही समस्त निजी चिकित्सालयों को एनएस-1 पॉजिटिव मरीजों के सैंपल को को एलाईजा जांच पुष्टि के लिए डीडीयू चिकित्सालय और बीएचयू लैब भेजने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही आईएचआईपी पोर्टल के बारे में भी विस्तार जानकारी दी गई और सभी को लॉग इन आईडी भी उपलब्ध कराई गई। इसके बावजूद कई निजी चिकित्सालयों की ओर से इसका अनुपालन नही किया जा रहा है। सीएमओ ने इसके प्रति गंभीरता दिखाने के लिए कहा, क्योंकि शासन के सख्त निर्देश हैं कि जल्द से जल्द प्रमुख शहरों से डेंगू के प्रसार को कम किया जाए । इसके अतिरिक्त सीएमओ ने समस्त निजी चिकित्सालयों को निर्देशित किया कि निजी चिकित्सालयों की ओर से एनएस-1 पॉजिटिव सैंपल को डीडीयू चिकित्सालय और बीएचयू लैब में भजने को लेकर किसी भी प्रकार शुल्क न लिया जाए। डीडीयू और बीएचयू में एलाइजा जांच की सुविधा निःशुल्क मौजूद है। यदि किसी भी निजी चिकित्सालय की ओर से उपरोक्त दिशा निर्देशों का पालन नहीं किया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी । इसके अलावा निजी पैथालोजी लैब को भी निर्देशित किया गया है कि निजी चिकित्सालयों से जांच लिए उनके पास आ रहे मरीजों की पूरी जानकारी सीएमओ कार्यालय भेजना सुनिश्चित करें जिससे उन मरीजों को ट्रैक किया जा सके। यदि किसी भी निजी पैथालोजी लैब की ओर से उपरोक्त दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया जाता है तो तत्काल प्रभाव से उसका लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। पोर्टल पर सूचनाएं अपलोड करने में आ रही समस्या के लिए सभी चिकित्सालयो के प्रभारी डा० शिशिर कुमार के मोबाइल नम्बर 9454936721 पर सम्पर्क कर सकते हैं।