डांसर के साथ थिरकने वाले बिजली विभाग के सात संविदाकर्मी भी चिह्नित, अवर अभियंता निलंबित हैं-
प्रयागराज:- प्रयागराज में अधिशासी अभियंता बमरौली के तबादला होने पर आयोजित फेयरवेल पार्टी में महिला डांसर के साथ थिरकने वाले कर्मचारियों की जांच में कई संविधा कर्मचारी भी फंसते नजर आ रहे हैं। अभी तक सात संविदा कर्मियों का चेहरा विडियो में नजर आ रहा है। इनके खिलाफ कार्यवाही की तलवार लटक रही है। जांच रिर्पोट एक-दो दिन में मुख्य अभियंता को सौंपी जाएगी।
इस मामले में एक अवर अभियंता को निलंबित किया जा चुका है।
अधिकारी के तबादला होने पर फेयरवेल पार्टी : बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता बमरौली राजमंगल सिंह का फतेहपुर तबादला होने पर चार मई को सुलेमसराय स्थित एक गार्डेन में फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए थे। रात करीब दस बजे अधिकांश अधिकारी चले गए थे। इसके कुछ देर बाद यहां तीन महिला डांसरों को बुलाया गया। डांसरों के साथ लोग थिरकने लगे।
डांस का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल : डांसरों के साथ नृत्य का वीडियो किसी ने बना लिया और फिर उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला शासन तक पहुंचा तो जांच के आदेश दिए गए। अधिकारियों ने वीडियो की जांच की तो अवर अभियंता आरपी रजक डांसर के साथ ठुमका लगाते नजर आए। सोमवार को अधीक्षण अभियंता द्वितीय आरके सिंह ने उसे निलंबित कर दिया। जबकि अन्य के खिलाफ जांच पूरी होने पर कार्रवाई की बात कही गई।
बोले, अधीक्षण अभियंता : सूत्रों के मुताबिक वीडियो में कई संविदाकर्मी भी महिला डांसर के साथ झूमते नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ अधिकारी भी खड़े होकर यह सब देख रहे हैं। सात संविदा कर्मियों की अब तक पहचान भी हो गई है। अधीक्षण अभियंता आरके सिंह का कहना है कि जो भी संविदा कर्मी चिह्नित किए गए हैं, उनकी सेवा समाप्त की जाएगी।

More Stories
शुआट्स के कुलाधिपति, कुलपति समेत 11 के खिलाफ चार्जशीट फाइल-
बसपा महापौर प्रत्याशी सईद अहमद के बड़े बेटे के बाद छोटे बेटे पर भी मामला दर्ज-
50 हजार की इनामी शाइस्ता की तलाश में यू पी एस टी एफ टीम ने धूमनगंज पुलिस संग मारा छापा-