April 22, 2026

झटका! चुनाव खत्‍म होते ही बढ़ गए CNG के रेट-

Spread the love

झटका! चुनाव खत्‍म होते ही बढ़ गए CNG के रेट

 

 

नई दिल्‍ली. यूपी सहित पांच राज्‍यों में जारी विधानसभा चुनाव (Assembly election in five state) की वोटिंग सोमवार को समाप्‍त होते ही तेल कंपनियों ने उपभोक्‍ताओं को पहला झटका दे दिया है. दिल्‍ली-एनसीआर ( Delhi-NCR) सहित देश के कई शहरों में सीएनजी (CNG Price Hike) के रेट बढ़ा दिए हैं.

 

तेल कंपनियों की ओर से बढ़े हुए नए रेट 8 मार्च मंगलवार से ही लागू हो चुके हैं. द‍िल्‍ली में सीएनजी की कीमत 50 पैसे बढ़ाई गई है. वहीं, नोएडा और गाजियाबाद (Noida-GZB CNG Price) में यह 1 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हो गई. ग्‍लोबल मार्केट में कीमतें बढ़ने की वजह से कंपनियां भी रेट बढ़ाने को लेकर दबाव में थीं लेकिन विधानसभा चुनाव की वजह से उन्‍हें दाम बढ़ाने का मौका नहीं मिल पा रहा था.

अब कितना होगा सीएनजी का ताजा रेट

द‍िल्‍ली में कल तक CNG की कीमत 57.01 रुपये प्रति किलो थी, जो मंगलवार सुबह से 57.51 रुपये प्रति किलो मिलनी शुरू हो गई है. इसके अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में अब सीएनजी 1 रुपये प्रति क‍िलो महंगी मिल रही है. इन शहरों में अब ग्राहक 58.58 रुपये प्रति किलोग्राम की बजाय 59.58 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से सीएनजी भरवाएंगे।

 

अब पेट्रोल-डीजल का नंबर

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि जल्‍द ही पेट्रोल-डीजल कीमतों को लेकर भी झटका लगने वाला है. आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज की एक रिपोर्ट के मुताबिक अगले कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम में 12 से 15 रुपये प्रति लीटर तक इजाफा हो सकता है. ग्‍लोबल मार्केट में क्रूड ऑयल के दाम 130 डॉलर प्रति बैरल से भी ऊपर चल रहे हैं, जो 13 साल का सबसे ज्‍यादा रेट है और कंपनियों पर भी दाम बढ़ाने का दबाव है.

LPG के भी बढ़ सकते हैं दाम

सरकार रसोई गैस सिलेंडर यानी LPG की कीमतों में भी जल्‍द इजाफा कर सकती है. 1 मार्च को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 105 रुपये का इजाफा किया गया था, जबकि 5 किलोग्राम वाला सिलेंडर भी महंगा हो गया था. हालांकि, चुनाव की वजह से घरेलू गैस सिलेंडर के दाम अक्‍तूबर से नहीं बढ़े हैं और अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में इसमें 100 से 200 रुपये का इजाफा हो सकता है.