May 1, 2026

जहरीली गैस रिसाव से 7 लोगों की मौत, सैकड़ों की हालत गंभीर

Spread the love

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में आरआर वेंकटपुरम में स्थित विशाखा एलजी पॉलिमर कंपनी से गुरुवार सुबह खतरनाक जहरीली गैस का रिसाव हुआ है। इस जहरीली गैस के कारण फैक्ट्री के तीन किलोमीटर के इलाके प्रभावित हैं। गैस लीक होने की घटना में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। पांच गांवों को खाली करा लिए गया है। सैकड़ों लोग सिर दर्द, उल्टी और सांस लेने में तकलीफ के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं। आरआर वेंकटपुरम गांव में स्टाइलिन गैस रिसाव के बाद एक बच्चे सहित कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और लगभग 120 लोग अस्पताल में भर्ती हैं।

बता दें कि शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार पीवीसी गैस (या स्टाइरीन) एलजी पॉलिमर से गुरुवार सुबह करीब 2:30 बजे लीक हुई है। जहरीली गैस के रिसाव के कारण लोग या तो बेहोश हो गए या सांस लेने में तकलीफ होने लगी।  बड़ी संख्या में घरेलू और पालतू जानवर और पौधे भी प्रभावित हुए।

विशाखापट्टनम की स्थिति को लेकर पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के सीएम वाईएस जगनमोहन रेड्डी से बात की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने बातचीत के दौरान सभी तरह की मदद और सहायता का आश्वासन दिया है। इसी को लेकर पीएम मोदी ने आज सुबह 11 बजे से एनडीएमए की बैठक बुलाई है।