June 5, 2026

जल्दबाजी बनी जानलेवा, प्रयागराज में पटरी पार करते वक्त ट्रेन से कटकर दो बच्चों समेत महिला की मौत- शरद पांडेय

Spread the love

*जल्दबाजी बनी जानलेवा, प्रयागराज में पटरी पार करते वक्त ट्रेन से कटकर दो बच्चों समेत महिला की मौत*

 

प्रयागराज, । जनपद के यमुनापार इलाके के घूरपुर इलाके में शनिवार दोपहर रेलवे ट्रैक पार कर रही बुजुर्ग महिला अपने बेटे के दो बच्चों के साथ तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने ट्रेन आती देखकर शोर भी मचाया लेकिन तब तक में देर हो चुकी थी। महिला और बच्चों की मौत हो गई। खबर फैली तो वहां भीड़ लग गई। कुछ देर में घूरपुर थाने की पुलिस भी वहां पहुंची। परिवार और रिश्तेदारी के लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने शवों को हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

*बेटी के घर से लौटते वक्त हड़बड़ी में अनहोनी*

यह घटना घूरपुर गांव की है। इस गांव के मोहम्मद हाशिम खान का पुत्र मोहम्मद आमिन सऊदी अरब में नौकरी करता है। उसकी पत्नी दो बच्चों के साथ यहीं गांव में सास-ससुर के साथ रहती है। हाशिम की एक बेटी का विवाह घूरपुर गांव में ही जब्बार के साथ किया गया है। उसका घर गांव में ही रेलवे पटरी पार है। शनिवार दोपहर हाशिम की पत्नी रहीशुलनिशां (60) बेटे के दो बच्चों पांच साल की अनीसा और ढाई साल के अहमद को लेकर पटरी पार बेटी के पास गई थी। शाम करीब साढ़े चार बजे वह बच्चों के साथ घर लौट रही थी तभी प्रयागराज से मुंबई की तरफ ट्रेन जा रही ट्रेन उधर आती। रहीशुलनिशां ने ट्रेन आने से पहले पटरी पार करने की कोशिश की। लोगों ने देखा तो उसे जल्दबाजी नहीं करने के लिए रोकना भी चाहा लेकिन तब तक में वह बच्चों का हाथ थामे पटरी पर पहुंच गई और तभी ट्रेन आ गई। तीनों ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन गुजरने के बाद लोग वहां पहुंचे मगर दोनों बच्चों और महिला की मौत हो चुकी थी। रहीशुलनिशां की बहू और बेटी भी आकर वहां रोने बिलखने लगीं। पुलिस भी आ गई। लोगों का कहना था कि जल्दबाजी और हड़बडी की वजह से इतनी दुखद घटना हो गई। दो बच्चों की भी मौत हो गई। सऊदी अरब में अमीन को भी इस झकझोर देने वाली घटना की खबर दे दी गई।