April 27, 2026

जमशेदपुर में लाखों के नकली नोट के साथ युवक गिरफ्तार, रुपए छापने वाली मशीन भी बरामद- कौशिक वागडिया

Spread the love

जमशेदपुर में लाखों के नकली नोट के साथ युवक गिरफ्तार, रुपए छापने वाली मशीन भी बरामद

Jamshedpur News: पुलिस ने जुगसलाई थाना इलाके से आरोपी युवक को लाखों के नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर मानगो थाना क्षेत्र में छापेमारी कर नोट छापने वाली मशीन और कई दस्तावेज बरामद किए.

झारखंड के जमशेदपुर में शनिवार देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को लाखों रुपये के नकली नोट (Fake Currency) के साथ गिरफ्तार किया. युवक की निशानदेही पर एक घर में छापेमारी कर नकली नोट छापने वाली मशीन बरामद की गई. एसएसपी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले का खुलासा करेंगे.

मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने जुगसलाई थाना इलाके से आरोपी युवक को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर फिर मानगो थाना क्षेत्र में छापेमारी कर नकली नोट छापने वाला प्रिंटर और कई दस्तावेज बरामद किए. गिरफ्तार युवक से मानगो थाने में पूछताछ की जा रही है.

 

दरअसल, आरोपी युवक जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में नकली नोट चलाने की कोशिश कर रहा था. लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. युवक के पास से नकली नोट बरामद किए गए. पूछताछ में युवक ने खुद का नाम आफताब बताया और वह मानगो के गुलाबबाग कॉलोनी का रहने वाला है. आरोपी के पास से पुलिस को लाखों के नकली नोट बरामद हुए. पूछताछ में आफताब ने बताया कि वह अलीबाग कॉलोनी में प्रिंटर के जरिये नकली नोट छापता था और मानगो से दूर दूसरे इलाके में जाकर उसे खपाता था.

युवक की निशानदेही पर जुगसलाई पुलिस की सूचना पर मानगो पुलिस ने अलीबाग कॉलोनी में छापेमारी की. इस बीच एसएसपी डॉ. एम तमिल वानन भी अलीबाग कॉलोनी पहुंचे. वहां आफताब के कमरे से पुलिस ने काफी संख्या में नकली नोट और नोट छापने वाली मशीन समेत कई दस्तावेज बरामद किए. मानगो थाने में आरोपी आफताब से पूछताछ जारी है. आज इस मामले में एसएसपी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा करेंगे.