June 20, 2026

जबलपुर में घर से चंद कदम दूर बंद कुएं में मिली मासूम अमोली की लाश-

Spread the love

*जबलपुर में घर से चंद कदम दूर बंद कुएं में मिली मासूम अमोली की लाश, शव रखकर किया चक्‍काजाम*

 

जबलपुर। नगर निगम कार्यालय जोन क्रमांक-3 रामपुर के पास निवासी मूलचंद और शीला प्रजापति की बेटी अमोली का शव घर से चंद कदम दूर कुएं में मिला। कुएं में लोहे की जाली लगी है। अमोली रविवार दोपहर करीब दो बजे घर से लापता हो गई थी। मूलचंद सब्जी का ठेला लगाता है तथा उसकी पत्नी शीला घरों में काम करती है। अमोली छह भाई बहनों में पांचवें नम्बर की थी। अमोली का शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लोगों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा।

 

यह है मामला: रामपुर क्षेत्र से रहस्यमय ढंग से लापता पांच साल की बालिका की तलाश में 100 से ज्यादा पुलिस जवान व अधिकारी तैनात किए गए हैं। रामपुर क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर बालिका की तलाश की जा रही है। घर के पहुंच मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक समेत तमाम अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। जिसके बाद सोमवार को रातभर उसकी तलाश चलती रही।

 

इधर, बालिका की तलाश में माता-पिता भी दर-दर भटक रहे हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। पुलिस अधिकारी स्वजन से बातचीत करने पहुंचे। बालिका की मां आंसू बहाते हुए मूर्छित हो गई। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा, एएसपी क्राइम ब्रांच गोपाल प्रसाद खांडेल, सीएसपी बरगी प्रियंका शुक्ला आइपीएस, टीआइ गोरखपुर अर्चना नागर समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।

 

बिजली गुल होने से नहीं हो पाई रिकार्डिंग: अपह्त बालिका की तलाश में पुलिस शहर में जहां-तहां लगे सीसीटीवी कैमरों पर ध्यान केंद्रित किया है। बालिका के घर से चंद कदम दूर एक घर के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगा है। परंतु घटना से कुछ देर पहले अचानक बिजली गुल हो जाने के कारण काफी देर तक रिकार्डिंग नहीं हो पाई। वहीं नगर निगम के संभागीय कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे से भी कोई खास जानकारी नहीं मिल पाई।

 

देर रात पुलिस ने भटकाया: बालिका के माता-पिता ने बताया कि उसके न मिलने पर वे क्षेत्र में उसकी तलाश करते रहे। उसका पता न चलने पर वे गोरखपुर थाना पहुंचे। गोरखपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। माता-पिता को गढ़ा थाने की राह दिखा दी गई। गोरखपुर पुलिस ने कहा कि घटनास्थल गढ़ा है इसलिए रिपोर्ट वहीं दर्ज की जाएगी। कड़ाके की ठंड में आधी रात माता-पिता गढ़ा थाना पहुंचे। गढ़ा पुलिस ने उन्हे वापस गोरखपुर थाना जाने की सलाह दी। बालिका के माता-पिता गढ़ा से गोरखपुर थाना पहुंचे। जिसके बाद पुलिस ने बालिका के अहपहरण की एफआइआर दर्ज की।

 

गोद में शव रखकर सड़क पर बैठे स्वजन, किया चक्काजाम: अमोली का शव गोद में लिए स्वजन रामपुर तिराहे पर बैठ गए। जिसके बाद क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों ने वहां चक्काजाम कर दिया। आधे घंटे से ज्यादा समय तक रामपु-ग्वारीघाट-एमपीईबी मार्ग पर आवागमन ठप रहा। हालात को नियंत्रित करने के लिए कई थानों का पुलिस बल व अधिकारी मौके पर डटे रहे। अमोली की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार किए जाने के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी माने। जिसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और स्वजन शव लेकर मुक्तिधाम रवाना हो गए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अमोली की हत्या की गई है।

 

यह है मामला: रामपुर क्षेत्र निवासी पांच साल की बालिका रविवार दोपहर रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। छह भाई बहनों में अपह्त बालिका पांचवें नंबर की है। वह बहनों में सबसे छोटी है तथा उससे छोटा एक भाई है। रविवार को बालिका को स्नान कराने के बाद मां ने घर के सामने स्थित एक घर के बाहर धूप सेंकने के लिए बैठा दिया था। बालिका अपनी बड़ी बहन के साथ वहां बैठी थी। कुछ देर बाद वह घर से चंद कदम दूर स्थित दुकान से कुछ सामान खरीदने चली गई। जिसके बाद उसका पता नहीं चला।