June 11, 2026

छह सहायक विकास अधिकारी पंचायत निलंबित- अजय मिश्रा

Spread the love

*छह सहायक विकास अधिकारी पंचायत निलंबित*

 

लखनऊ। पंचायतीराज निदेशक ने छह और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को निलंबित कर दिया है। दो को इसके पहले भी निलंबित किया जा चुका है। इन सभी के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करते हुए जांच बैठा दी गई है। यह कार्रवाई सामुदायिक शौचालयों के निर्माण कराने में शिथिलता, निर्मित सामुदायिक शौचालयों को स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को हैंडओवर न करने तथा सामुदायिक शौचालय की देखरेख के लिए नियुक्त एसएचजी की महिलाओं को भुगतान न करने जैसे आरोपों में अलग-अलग की गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में टीम-9 की बैठक में यह बात सामने आई थी कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत बनाए गए सामुदायिक शौचालयों की रखरखाव के लिए नियुक्त स्वयं सहायता समूह की महिला कर्मियों को कई जिलों में भुगतान नहीं हो रहा है। मुख्यमंत्री ने इस पर नाराजगी जताई थी और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज ने निदेशक पंचायतीराज से ऐसे ग्राम सभाओं को चिह्नित करने का निर्देश दिया था । जिसके बाद इन अधिकारियों को निलंबित किया गया।

*श्रीकांत मिश्रा, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) विकास खंड फतहपुर, मऊ।

*शशि भूषण मिश्रा, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) विकास खंड कोन, सोनभद्र।

* राम शिरोमणि पाल, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) विकास खंड करमा, सोनभद्र।

* वीरेंद्र पाल, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) विकास खंड सरवन खेड़ा, कानपुर देहात।

* ओंकार सिंह, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) विकास खंड कायमगंज, फर्रुखबाद।

* नंद कुमार राय, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) विकास खंड दोहरीघाट, मऊ।