कुंभ और महाकुंभ की धरती प्रयागराज में 21 दिसंबर को मातृशक्ति का महाकुंभ लगने जा रहा है। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परेड मैदान में प्रदेश भर से आयी दो लाख से ज्यादा महिलाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संगम की धरती से महिलाओं को स्वरोजगार और स्वावलंबन का बड़ा संदेश देकर एक नई क्रांति की भी शुरुआत करेंगे। मातृ शक्ति का यह महाकुंभ यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी की बड़ी पहल मानी जा रही है। पीएम मोदी के इस कार्यक्रम में दो लाख से ज्यादा महिलाएं प्रदेश के 75 जिलों से आ रही हैं। जिसमें अकेले प्रयागराज से 14 हजार से ज्यादा महिलाएं शामिल होंगी। पीएम मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने वाली महिलाओं में कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी, बीसी सखी योजना की लाभार्थी, कम्युनिटी सैनिटेशन की लाभार्थी, टेक होम राशन की लाभार्थी के साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं शामिल होंगी। इसमें से पीएम मोदी कुछ महिलाओं से अलग से मुलाकात भी कर सकते हैं।
पीएम मोदी के दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पीएम मोदी परेड मैदान पर महिलाओं को सम्मानित भी करेंगे। इन महिलाओं को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए छह हजार बसों का इंतजाम किया गया है। यह बसें परेड मैदान, केपी ग्राउंड और झूंसी की तरफ मेला क्षेत्र में खड़ी कराई जाएगी। इसके अलावा सौ इनोवा गाडियां अफसरों के लिए रहेंगी। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस कार्यक्रम में पीएम से मुलाकात करने वाली महिलाओं की सूची फाइनल की जा रही है। पीएम कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थियों से भी मुलाकात करेंगे और उनसे सीधा संवाद भी करेंगे। संवाद मंच से न होकर सीधे आमने-सामने होगा, इसके लिए व्यवस्था की जा रही है।जिन महिलाओं को पीएम से मिलने के लिए चयनित किया जाएगा, उनके लिए विशेष टेंट लगेगा। यहां पंक्तिबद्ध कुर्सियां लगेंगी, जिनके बीच एक मीटर का फासला होगा। प्रधानमंत्री पैदल ही इन महिलाओं के पास पहुंच कर बातचीत करेंगे। वह दो पंक्तियों के बीच खाली जगह से पूरे कैंप में जाकर महिलाओं से बातचीत करेंगे। इस योजना से महिलाओं के जीवन में किस तरह से रोशनी आई, क्या फायदा हुआ और उनकी क्या सलाह है यह भी पीएम मोदी पूछ सकते हैं। कार्यक्रम में आने वाली महिलाओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी शुरू कर दिया है।
पीएम मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। पीएम के प्रोटोकॉल के तहत पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। इसके साथ ही साथ महिलाओं को लाने और ले जाने के लिए लगाई गई लगभग 6 हजार बसों में भी हर बस में दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है। महिलाओं को जिन गेस्ट हाउसों में रोका जाएगा वहां पर भी सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जा रही है। प्रधानमंत्री के कार्यकम के लिए पांच हेलीपैड बनाए जा रहे हैं इन हेलीपैड पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया जाएगा।इसके साथ ही साथ पार्किंग की भी इंतजाम किया जा रहा है, ताकि शहर में यातायात किसी तरह से बाधित ना हो और बाहर से आई महिलाओं को भी कोई असुविधा न हो। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए विभिन्न जनपदों से छह हजार फोर्स की मांग की गई है। सीसीटीवी कैमरों से भी संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएंं शामिल हो रही हैं, इसको लेकर पुलिस ज्यादा संवेदनशील है और कई जिले से महिला सुरक्षाकर्मियों की मांग की गई है। परेड में अस्थायी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जबकि शहर में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर आइट्रिपल सी के जरिए संदिग्ध लोगों पर पैनी नजर रखी जाएगी। पीएम के कार्यक्रम की सुरक्षा इन पुलिस अधिकारियों के जिम्मे होगी। आइपीएस- 11,एएसपी- 25,डीएसपी- 70,इंस्पेक्टर- 130,सब इंस्पेक्टर- 500,सिपाही, दीवान- चार हजार,महिला पुलिसकर्मी- ढाई हजार,पीएसी, सीआरपीएफ- 15 कंपनी। 500 जवान सादे ड्रेस में तैनात रहेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे से पहले ही दिल्ली व लखनऊ से कई अधिकारी यहां आकर तैयारियों की समीक्षा की। सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए पांच सौ से अधिक जवानों को सादे ड्रेस में तैनात किया जाएगा। खुफिया एजेंसी भी अपने-अपने इनपुट जुटाकर सुरक्षा घेरा को मजबूत बनाएंगी। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भी अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। फिलहाल पुलिस अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-