September 25, 2026

*काशीवासियों को सीएम योगी का तोहफा, बनारस में रोप-वे को दी मंजूरी*

Spread the love

वाराणसी। शहरवासियों को जाम से राहत दिलाने के लिए रोप-वे बनाने की मुहिम तेज हो गई है. सरकार आगरा में मेट्रो परियोजना के शिलान्यास के बाद बनारस में रोप-वे चलाने पर जोर दे रही है. VDA के अधिकारियों ने लखनऊ में सरकार को पिछले दो साल में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली के लिए हुए सर्वे और बैठकों के नतीजों की रिपोर्ट सौंपी है. शासन ने VDA को कैंट से गोदौलिया तक रोप-वे का प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा है. प्रस्ताव को शहरी विकास मंत्रालय को भेजा जाएगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैंट से गोदौलिया के अलावा वरुणा किनारे रोप-वे चलाने को मंजूरी दे दी है. वहीं, आवास विकास विभाग ने विकास प्राधिकरण को रोप-वे की फिजिबिलिटी रिपोर्ट बनाने की जिम्मेदारी दी है. पायलट प्रोजेक्ट के तहत करीब 30 किमी तक रोप-वे चलाने पर प्रदेश सरकार तैयार है. इस बारे में VDA उपाध्यक्ष राहुल पांडेय ने बताया कि सरकार को रोप-वे की प्रगति रिपोर्ट सौंपी गई है. सरकार से प्रस्ताव बनाकर भेजने का निर्देश मिला है.

बताते चलें कि बीते साल वैप्कास कंपनी ने तीन रूटों का सर्वे भी किया था. इनमें राजघाट से मछोदरी, विश्वेश्वरगंज होते हुए मैदागिन, चौक, गोदौलिया, सोनारपुरा, अस्सी, बीएचयू तक, बीएचयू से कैंट स्टेशन तक और कचहरी से गोदौलिया तक का रूट शामिल था. VDA जो प्रस्ताव तैयार करेगा, वह भले ही इन रूटों से कुछ अलग होगा, लेकिन इससे आगे की योजना तैयार करने में मदद मिलेगी. ये दोनों स्थान सबसे ज्यादा भीड़भाड़ वाले इलाकों में शामिल हैं.