November 8, 2026

कानपुर एनकाउंटर में CO समेत 8 पुलिसकर्मी शहीद

Spread the love

कानपुर. उत्तर प्रदेश के कानपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां चौबेपुर थाना क्षेत्र के विकरू गांव में दबिश देने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं. इसमें बिल्‍हौर के सीओ समेत 8 पुलिसकर्मी शहीद हो गए हैं। एसओ बिठूर समेत 6 पुलिसकर्मी गम्भीर रूप से घायल हैं। सभी घायल पुलिसकर्मियों को गंभीर हालत में रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मुठभेड़ के बाद यूपी का पुलिस महकमा सकते में है । एनकाउंटर में बड़ी संख्‍या में पुलिसवालों के मारे जाने के बाद सीएम योगी ने बदमाशों के खिलाफ सख्‍त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इसके बाद उनकी गिरफ्तारी को लेकर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है । वहीं, DGP एचसी अवस्‍थी खुद घटनास्‍थल पर जाएंगे. एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार मौके के लिए रवाना हो चुके हैं। पता चला है कि विकास दुबे नाम का बदमाश और उसके साथियों ने छतों से पुलिस टीम पर गोलियां बरसाईं. इस हमले के बाद बदमाशों ने पुलिस के असलहे भी लूट लिए. जानकारी के मुताबिक, विकास दुबे ने थाने में घुसकर राज्यमंत्री की हत्या की थी। एडीजी कानपुर जोन, आईजी रेंज एसएसपी कानपुर समेत भारी पुलिस फ़ोर्स मौके पहुंच गए हैं. इस घटना पर डीजीपी एचसी अवस्थी ने कहा कि हत्या के प्रयास मामले में दबिश देने गई टीम पर घात लगाकर फायरिंग की गई. एक सीओ, 1 एसओ, 1 चौकी इंचार्ज, 5 सिपाही शहीद हुए हैं । इसके अलावा 4 सिपाही घायल हैं, जिनमें एक गंभीर है. घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं ।आरोपी 7-8 के करीब हो सकते हैं. आरोपी विकास दुबे की गिरफ्तारी के लिए पड़ोसी जिलों की पुलिस को भी लगाया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी में एसटीएफ को भी लगाया गया है. लखनऊ से एक फॉरेंसिक की टीम भी कानपुर जा रही है. कानपुर देहात में एनकाउंटर के बाद जिले की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं. पूरे गांव में पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है.
शहीद पुलिसकर्मी
1-देवेंद्र कुमार मिश्र, सीओ बिल्हौर
2-महेश यादव, एसओ शिवराजपुर
3-अनूप कुमार, चौकी इंचार्ज मंधना
4-नेबूलाल, सब इंस्पेक्टर शिवराजपुर
5-सुल्तान सिंह, कांस्टेबल थाना चौबेपुर
6-राहुल, कांस्टेबल बिठूर
7-जितेंद्र, कांस्टेबल बिठूर
8-बबलू, कांस्टेबल बिठूर