April 22, 2026

कंपोजिट विद्यालय हरदी पर सुरक्षाकर्मियों ने ताना एक दूसरे पर रायफल

Spread the love

चुनार विधानसभा के कंपोजिट विद्यालय हरदी पर सुरक्षाकर्मियों ने ताना एक दूसरे पर रायफल

मीरजापुर । चुनाव के दौरान काफी गरमा गरमी भी देखने को मिली। सीटों की एक ओर सियासी जंग थी तो दूसरी ओर चुनाव कराने वाले जिम्‍मेदारों ने असलहा तक एक दूसरे पर चुनार विधानसभा में तानकर सियासी पारा गरमा दिया। हालांकि, अधिकारियों की पहल पर मामला शांत तो हो गया लेकिन क्षेत्र में यह प्रकरण खूब चर्चा में रहा।

398 चुनार विधानसभा के बूथ 376 प्राथमिक विद्यालय घरवाह, बूथ 329 धारा प्राथमिक विद्यालय, बूथ 370 प्राथमिक विद्यालय ओड़ी, बूथ 204 प्राथमिक विद्यालय विशुनपुरा पर सुबह मतदान के पूर्व ईवीएम मशीन काम न करने पर करीब आधे घंटे तक मतदान बाधित रहा एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी मे मशीन बदल कर मतदान शुरू कराया गया।

बूथ 366 घसरौड़ी प्राथमिक विद्यालय पर मतदान शुरू होने के एक घंटे के बाद ईवीएम मशीन के वीवीपैट में गड़बड़ी से मतदान आधे घंटे तक बाधित रहा। खराबी दूर कराकर मतदान शुरू कराया गया वीवीपैट में गड़बड़ी होने से पहले तक 195 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। 356 बूथ कंपोजिट विद्यालय हरदी सहिजनी पर मतदाताओं को लाइन लगवाने को लेकर दो सुरक्षाकर्मी ने एक दूसरे पर राइफल तान लिया। पुलिस ने पहुंच कर मामला सुलझाया एवं दोनों सुरक्षाकर्मियों को मतदान केंद्र से बाहर कराया गया।

बहुआर गांव की एक गली में पार्टी विशेष का चुनाव चिन्ह बनाने की सूचना पर मौके पर पहुंच कर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज ने पानी से चुनाव चिन्ह को साफ कराया। क्षेत्राधिकारी चुनार रामानंद राय ने चुनार विधानसभा क्षेत्र के धारा, मठना, सिकंदरपुर एवं हरदी सहिजनी बूथ पर पहुंच कर बूथ पर हो रहे मतदान का निरीक्षण किया। पर्यवेक्षक विजयपाल ने प्राथमिक विद्यालय मदरा बूथ, देवकली इंटर कांलेज जमालपुर में बनाये गए बूथों पर मतदान का जायजा लिया। ब्लाक प्रमुख मंजू देवी ने अपने बूथ 360 प्राथमिक विद्यालय भदावल द्वितीय पर अपने पति पूर्व ब्लाक प्रमुख आनंद सिंह बंटू के साथ मतदान किया।