एलन मस्क ने पुतिन को दिया था ये चैलेंज, विवाद के बाद ट्विटर पर बदल लिया नाम
वॉशिंगटन. यूक्रेन और रूस के बीच भीषण युद्ध (Russia-Ukraine War) चल रहा है. अब तक इसमें हजारों लोग मारे गए हैं. टेस्ला (Tesla) के सीईओ और अमेरिकी बिजनेसमैन एलन मस्क (Elon Musk) ने सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) को ट्वीट कर आमने-सामने की लड़ाई की चुनौती दी थी. इस पर रूस के स्पेस प्रोग्राम के डायरेक्टर जनरल ने तीखी प्रतिक्रिया जताई और एलन मस्क को कमजोर बताया. इस पर एलन मस्क भड़क गए और उन्होंने रूसी अधिकारी को मूर्ख बता दिया. इन दोनों के बीच ट्विटर पर हुई नोकझोंक सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है. इस नोकझोंक में चेचन्या नेता रमजान कादिरोव (Ramzan Kadyrov) भी शामिल हो गए. उन्होंने भी मस्क का मजाक बनाया. जिसके बाद एलन मस्क ने ट्विटर पर अपना नाम बदल लिया है.
चेचन्या के प्रधानमंत्री रमजान कादिरोव ने व्लादिमीर पुतिन के बेहद करीबी माने जाते हैं. वह पुतिन के कट्टर समर्थक भी हैं. कादिरोव ने पुतिन का बचाव करने के लिए टेस्ला के सीईओ को जवाब दिया. कादिरोव ने एलन मस्क को मजाक में एलोना कहकर बुलाया.
दरअसल, अपने ट्वीट में मस्क ने पुतिन को दो-दो हाथ करने की खुली चुनौती दी थी. दांव पर यूक्रेन को रखा था. ऐसा करते हुए 50 साल के एलन मस्क ने अपने ब्राजीलियाई जिउ-जित्सु, जूडो, क्योकुशिन कराटे, तायक्वोंडो सहित मार्शल आर्ट की एक सीरीज की प्रैक्टिस करने के अपने अनुभव का संकेत दिया था.
वहीं, व्लादिमीर पुतिन भी जूडो-कराटे में ब्लैकबेल्ट हैं. 70 साल के पुतिन सैम्बो भी प्रैक्टिस कर रहे हैं, जो एक रूसी मार्शल आर्ट है. हालांकि, वर्ल्ड ताइक्वांडो (World Taekwondo) ने हाल ही में यूक्रेन पर आक्रमण की निंदा करते हुए पुतिन से अपनी ब्लैक बेल्ट वापस ले ली है.
क्या है पूरा मामला?
233 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक एलन मस्क (Elon Musk)स्पेसएक्स और टेस्ला के सीईओ (SpaceX & Tesla CEO) हैं और वह अपने अजीबोगरीब ट्वीट को लेकर हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं. एलन मस्क पहले भी यूक्रेन के पक्ष लेते रहे हैं.
मस्क ने किया था ये ट्वीट
एलन मस्क ने अपने ट्वीट में कहा, ‘मैं व्लादिमीर पुतिन को सिंगल फाइट करने की चुनौती देता हूं. दांव पर यूक्रेन ही रहेगा. क्या आप इस लड़ाई के लिए तैयार हैं.’ अपने ट्वीट में मस्क ने रूसी राष्ट्रपति का नाम रूसी भाषा में लिखा. जबकि यूक्रेन का नाम यूक्रेनी में लिखा था. टेस्ला प्रमुख यहीं नहीं रुके उन्होंने अपने ट्वीट में रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन को भी टैग किया.
इस ट्वीट के कुछ घंटे बाद कादिरोव ने टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ मस्क को टेलीग्राम पर एक पोस्ट के साथ जवाब दिया. इसमें कादिरोव ने दावा किया कि व्लादिमीर पुतिन तो एलन मस्क को एक झटके में “नरक से बाहर” कर सकते हैं.
उन्होंने कहा- “एलन मस्क, सलाह का एक शब्द: पुतिन के खिलाफ अपनी ताकत को मत मापो. आप दोनों पूरी तरह से अलग लीग में हैं. उदाहरण के लिए ये मार्शल आर्ट या जूडो के बारे में भी नहीं है.”
कादिरोव ने आगे लिखा- “आप इसे कैसे देखते हैं? क्या आप बॉक्सिंग रिंग के रेड कॉर्नर में एक बिजनेसमैन या ट्विटर यूजर हैं? और पुतिन ब्लू कॉर्नर में एक विश्व राजनेता और रणनीतिकार, जो पश्चिम और अमेरिका में हैरानी को प्रेरित करते हैं?”
मस्क को दिए ट्रेनिंग ऑप्शन
कादिरोव यहीं नहीं रुके. उन्होंने कहा, ‘मैं चेचन गणराज्य के कई केंद्रों में से एक में आपको ट्रेनिंग का ऑफर देता हूं.’
• रूसी विशेष बल विश्वविद्यालय: यहां आप विश्व चैंपियनशिप के विशेष बलों के साथ बंदूक चलाने के प्रशिक्षण से गुजरेंगे. इन्होंने 2015 में अमेरिकी विशेष बलों को हरा दिया था जैसे कि यह कुछ भी नहीं था.
• अखमत फाइट क्लब: यह वह जगह है, जहां आपको एक अच्छा पंच मारने की ट्रेनिंग मिलेगी. जो किसी भी लड़ाई में आवश्यक गुणवत्ता है. अबुजायद विस्मुरादोव के मार्गदर्शन में आप न केवल शारीरिक रूप से, बल्कि मानसिक रूप से भी अपने आप को जल्दी से विकसित कर पाएंगे.
मस्क ने यूक्रेन पर रूसी हमले के बारे में अपनी भावनाओं को पहले ही बहुत स्पष्ट कर दिया है. वे शुरू से ही खुलकर यूक्रेन के समर्थन में हैं. टेस्ला के सीईओ ने न केवल यूक्रेन के लोगों की ओर से बोलने के लिए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया है, बल्कि उन्होंने और अधिक ठोस तरीकों से उनका समर्थन किया है.

More Stories
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-
शराब के साथ चार अभियुक्त गिरफ्तार-
महिला ने युवक की बीच रोड पर की पिटाई-