लखनऊ
उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा की कोरियाई कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जेवर से विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) से मुलाकात की. उद्यमियों ने अपनी परेशानियां मुख्यमंत्री को बताईं. धीरेंद्र सिंह ने बताया कि सीएम ने तत्काल समाधान का आदेश अपर मुख्य सचिव (औद्योगिक विकास) अरविंद कुमार को दिया. सीएम ने उनसे कहा, “उद्यमियों की सारी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए.” मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के बाद कोरियाई प्रतिनिधिमंडल ने अपर मुख्य से भी मुलाकात की.
मुख्यमंत्री को कोरियाई प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि एनवायरमेंट, एनओसी और इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई में बाधा है. रोजाना करीब दो घण्टे बिजली आपूर्ति नहीं होती है. कुछ कंपनियों तक अभी सड़क नहीं बनी हैं. कम्पनियों को मिलने वाले इंसेंटिव्स में देरी हो रही है. धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान ही अपर मुख्य सचिव (औद्योगिक विकास) को फोन किया. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड और सरकार के संबंधित विभागों से जुड़ी इन समस्याओं का तत्काल निराकरण करने का आदेश दिया.
मुख्यमंत्री ने कहा, “उद्यमियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी. राज्य में आए उद्योगों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा. औद्योगिक निवेश हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है.” कोरियाई उद्यमियों ने सरकार के काम की सराहना की. बताया कि सकारात्मक बदलाव हो रहे हैं. कानून-व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिला है.
विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा, “इस सरकार के कार्यकाल में नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे राज्य के उद्योगपति खुश हैं. उद्यमियों की समस्याओं का तेजी से समाधान हुआ है. जिसकी बदौलत राज्य को लगातार बड़ा औद्योगिक निवेश मिल रहा है.”
मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात करवाने के बाद विधायक धीरेंद्र सिंह उद्यमियों के प्रतिनिधिमंडल को लेकर अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार से मिले. एसीएस ने उद्यमियों की समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया. उन्होंने सड़कों का निर्माण प्राधिकरण करवाने और बिजली की समस्या का जल्दी समाधान करने का आदेश दिया है. प्रतिनिधिमंडल में सेंक्वांग कम्पनी के डायरेक्टर सुंग जे चो, सेनाटेक के प्रबंध निदेशक चांग यून वू, चवाटेक इंडिया के डायरेक्टर यून ह्यून सिक और डोंगयांग पॉवर के मैनेजिंग डायरेक्टर जेयोंगक्वान पार्क शामिल थे.

More Stories
एक अधिशासी अभियंता निलंबित, पांच-पांच अधिशासी अभियंता व सहायक अभियंता हटाए-
यूपी में बड़े पैमाने पर जिला जजों के तबादले-
निकाय चुनाव के मद्देनजर में सार्वजनिक अवकाश घोषित-