यूपी सियासत: बड़ा है दिल्ली का संदेश ? क्या ‘स्वतंत्र’ होंगे ‘स्वतंत्र’ और ए.के शर्मा की होगी एंट्री ?
उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने जा रहे विधानसभा चुनाव से महज 7-8 पहले प्रदेश की सियासत पर बड़ी हलचल जारी है।
अंदेशा जताया रहा है कि, यूपी भाजपा अध्यक्ष से लेकर उप मुख्यमंत्री तक बदलाव हो सकते हैं। सूत्रों की मानें तो यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को कोई नई जिम्मेदारी मिल सकती है, जबकि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को एक बार फिर यूपी भाजपा की कमान मिल सकती है। ज्ञात हो कि,सांगठनिक कौशल और अपनी अच्छी भाषा शैली के लिए जानें जाने वाले केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में ही 2017 का विधानसभा चुनाव लड़ा गया था।
बताया जा रहा है कि, भाजपा नेतृत्व एक बार फिर केशव प्रसाद मौर्य के चेहरे पर ही दांव लगाना चाह रहा है। केशव प्रसाद मौर्य के नाम पर नेतृत्व में अब तक आम सहमति बन चुकी है। कभी भी इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। बदलाव की इस आंधी में कई और बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। बताया जा रहा है कि, अब प्रदेश में दो-दो उप मुख्यमंत्री नहीं रखे जाएंगे, बल्कि एक ही उप मुख्यमंत्री बनाया जाएगा और दिनेश शर्मा की जगह नया चेहरा देखने को मिल सकता है।
जानकारों की मानें तो, पीएम मोदी के करीबी और गुजरात कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी व भाजपा एमएलसी अरविंद कुमार शर्मा को उप मुख्यमंत्री की ताजपोशी हो सकती है। सिर्फ यही नहीं शर्मा को गृह मंत्रालय जैसा महत्वपूर्ण विभाग दिया जा सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ गृह मंत्री के तौर पर शर्मा को इसलिए लगाया जाएगा, ताकि केंद्रीय नेतृत्व की मंशा के अनुरूप धरातल पर शत-प्रतिशत काम पहुंचाया जा सके।
पिछले दिनों भाजपा एमएलसी अरविंद कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के बाद अवनीश अवस्थी से भी मुलाकात की थी। यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। इसके अलावा यदि हितेश चंद्र अवस्थी केंद्र भेजे गए तो प्रदेश को नया डीजीपी भी मिल सकता है। अनुमान है कि, यह सारे बदलाव 15 जून तक हो जाएंगे।
अब इसी कड़ी में आज बीएल संतोष यहां पार्टी के बड़े नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। यह बैठक भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित है। ताजा जानकारी के अनुसार, बीएल संतोष सहित यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह पार्टी कार्यालय पहुंच गए हैं। इसके साथ ही बैठक में हिस्सा लेने प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर और गोविंद नारायण भी पहुंच गए। सभी बड़े नेताओं के बीच बैठक जारी है।

More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-