June 23, 2026

उत्तर प्रदेश की अब तक की अहम खबरें –

Spread the love

✒️ *कोरोना एलर्ट:भारत में 575 दिन में सबसे कम हुई सक्रिय मरीजों की संख्या, 24 घंटे में सामने आए 6,317 संक्रमित*

भारत में ओमिक्रॉन के खतरे के बीच कोरोना के मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। कभी स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ें लोगों को डरा रहे हैं तो कभी ये मामूली राहत भी दे रहे हैं। बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 6,317 नए कोरोना मरीज सामने आए और 6,906 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जबकि, मंगलवार को 5,326 और सोमवार को 6,563 मरीज सामने आए थे।स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के अंदर 318 लोगों ने कोरोना की वजह से जान गंवा दी। जबकि, मंगलवार को कोरोना संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या 453 दर्ज की गई थी। वहीं 575 दिन बाद सबसे कम सक्रिय कोरोना मरीज रह गए हैं। जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में अब 78,190 सक्रिय कोरोना मरीज हैं, जो 575 दिन बाद सबसे कम हैं।

 

✒️ *ओमिक्रॉन एलर्ट:आईआईटी के वैज्ञानिकों ने कहा- ‘ओमिक्रॉन’ फरवरी में चरम पर होगा, लेकिन एक महीने के भीतर हो जाएगा कम*

भारत में कोरोना का नया वैरिएंट ‘ओमिक्रॉन’ का प्रसार तेजी से होने लगा है। देश में अब तक कुल 220 लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा 65 मरीज महाराष्ट्र में हैं व 54 मरीज दिल्ली में मिले हैं। ओडिशा के दो व जम्मू-कश्मीर में मिले तीन संक्रमितों के साथ 14 राज्यों में ओमिक्रॉन संक्रमण फैल चुका है। अन्य राज्यों की बात करें तो तेलंगाना (20), कर्नाटक (19), राजस्थान (18), केरल (15), गुजरात (14) और उत्तर प्रदेश में (2) मामले हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और चंडीगढ़ में एक-एक मामला है।आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिक मनिंद्र अग्रवाल और आईआईटी हैदराबाद के वैज्ञानिक एम विद्यासागर ने बताया कि फरवरी में ओमिक्रॉन के मामले चरम पर होंगे। दोनों वैज्ञानिकों ने अपने सूत्र मॉडल के अध्ययन के अनुसार बताया कि फरवरी में 1.5 से 1.8 लाख रोजाना मामले आ सकते हैं। लेकिन राहत की बात यह है कि एक महीना के भीतर यह कम

 

 

✒️ *उत्तर प्रदेश में 24 घंटे में कोरोना के 23 नए मरीज मिले, सीएम योगी का आदेश- सरकारी अस्‍पतालों में दोगुने करें बेड*

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुंदेलखंड के झांसी, महोबा, चित्रकूट आदि जिलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए सरकारी अस्पतालों में बेडों की संख्या 100 से 200 करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कोविड संक्रमण से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को निरंतर प्रभावी बनाए रखा जाए। कोविड प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित कराया जाए। प्रदेश में 24 घंटों में कोरोना के 23 नए मामले सामने आए और 15 व्यक्तियों को डिस्चार्ज किया गया। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 211 है।

 

✒️ *विधानसभा चुनाव:गड़बड़‍ियां रोकने के लिए चुनाव आयोग की जबरदस्‍त तैयारी, 50% बूथों की होगी वेबकास्टिंग*

अगले साल की शुरूआत में ही होने जा रहे यूपी विधानसभा चुनाव में इस बार मतदान की कड़ी निगरानी के बंदोबस्त किये जा रहे हैं। केन्द्रीय चुनाव आयोग ने आदेश दिये हैं कि यूपी के कम से कम पचास फीसदी पोलिंग बूथ की वेबकास्टिंग आवश्यक रूप से करवाई जाए।इसका निर्णय डीएम यानी जिला निर्वाचन अधिकारी को सभी मतदान केन्द्रों का जायजा लेने के बाद खुद लेना होगा। पिछले चुनाव में महज दस फीसदी पोलिंग बूथों की ही वेबकास्टिंग करवाई गयी थी। मतदान के दौरान होने वाले विवादों और शिकायतों के निस्तारण के लिए इस बार चुनाव आयोग और पुख्ता इंतजाम करने जा रहा है।प्रदेश में इस बार कुल पोलिंग बूथ की संख्या 01 लाख 80 हजार के करीब है। इनमें कम से कम 50 प्रतिशत बूथों यानी लगभग नब्बे हजार बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी। जरूरत के हिसाब से इस संख्या को बढ़ाया भी जा सकेगा। मतदान के दौरान डीएम कार्यालय, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय और केन्द्रीय चुनाव आयोग के कण्ट्रोल रूम के जरिये मतदान की निगरानी की जाएगी।

 

✒️ *ओमिक्रोन को लेकर केंद्र ने किया आगाह, कहा- ‘वार रूम’ हो एक्टिव: नाइट कर्फ्यू पर भी विचार करें राज्य*

कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अब तक 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक यह वैरिएंट पहुंच गया है और इसके 200 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। नए वैरिएंट से बढ़ते खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सावधान किया है। केंद्र ने कहा कि ‘वार रूम’, सक्रिय कर लें, सक्रिय कदम उठाएं और नाइट कर्फ्यू लगाने जैसे कदम उठाने पर भी विचार करें।केंद्र और राज्यों से मंगलवार देर रात तक मिले आंकड़ों के मुताबिक देश में ओमिक्रोन के मामलों की संख्या बढ़कर 220 हो गई है, जिनमें से 77 संक्रमित अब तक ठीक भी हो चुके हैं। 19 दिन में ही ओमिक्रोन के मामले दो से बढ़कर 220 तक पहुंच गए हैं। दो दिसंबर को ओमिक्रोन का पहला मामला कर्नाटक में मिला था। उस दिन दो मरीज इससे संक्रमित पाए गए थे। जम्मू-कश्मीर और ओडिशा में भी ओमिक्रोन के मामले मिले। जम्मू में तीन और ओडिशा में दो केस पाए गए हैं। ओडिशा के दोनों मरीज विदेशी नागरिक हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र में 11 और तेलंगाना में चार नए केस सामने आए हैं

 

✒️ *संसद की समिति करेगी लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाने वाले बिल पर मंथन, सरकार ने की सिफारिश*

लड़कियों की शादी की उम्र 18 वर्ष से बढ़ाकर 21 वर्ष करने के प्रविधान वाला विधेयक कल भारी हंगामे के बीच लोकसभा में पेश हुआ। महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति इरानी ने बाल विवाह निषेध (संशोधन) विधेयक, 2021 पेश किया। विधेयक को महिलाओं को बराबरी देने वाला बताते हुए इरानी ने कहा कि हम पहले ही इसमें 75 साल की देरी कर चुके हैं। हालांकि विधेयक पर विस्तृत चर्चा के लिए उन्होंने स्वयं सभापति से इसे संसद की स्थायी समिति को भेजने का अनुरोध किया।विपक्ष ने विधेयक को जल्दबाजी में लाया बताकर भारी विरोध किया और विधयेक पर सभी हितधारकों के साथ विस्तृत चर्चा की जरूरत बताई। कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि आज (मंगलवार को) अचानक सप्लीमेंट्री लिस्ट आफ बिजनेस में देखने को मिला कि बाल विवाह निषेध (संशोधन) विधेयक, 2021 लाया गया है। वह सरकार को सलाह देना चाहते हैं कि हड़बड़ी में कोई भी चीज करने से गड़बड़ी होती है। तृणमूल कांग्रेस के सदस्य सौगत राय ने विधेयक पर सभी पक्षों के साथ विस्तृत चर्चा की जरूरत बताई। मुस्लिम लीग के सदस्य ईटी मोहम्मद बशीर ने विधेयक को गैरजरूरी, असंवैधानिक और पर्सनल ला के खिलाफ बताया। उन्होंने सरकार विधेयक लेने की मांग की।

 

✒️ *सबसे महंगा तलाक : दुबई के किंग राशिद को कोर्ट ने दिया आदेश, पत्नी को देने पड़ेंगे 5500 करोड़ रुपये*

ब्रिटेन की एक अदालत ने दुबई के शासक को अपनी पूर्व पत्नी और उनके बच्चों को 73 करोड़ डालर (लगभग 5,525 करोड़ रुपये) देने का आदेश सुनाया है। इसे ब्रिटिश इतिहास के सबसे महंगे तलाक निपटारे में एक बताया जा रहा है। हाई कोर्ट ने कहा कि शेख मुहम्मद बिन राशिद अल मकतूम को अपनी पूर्व पत्नी हया बिंत अल हुसैन को 33.33 करोड़ डालर (लगभग 2,522 करोड़ रुपये) का भुगतान करना होगा। शेष राशि उनके बच्चों-अल जलीला और जायद को दी जाएगी। प्रिंसेस हया और उनके बच्चे (जब तक नाबालिग हैं), तब तक के लिए सुरक्षा के मद में 1.45 करोड़ डालर (लगभग 109 करोड़ रुपये) देने के लिए कहा गया है। प्रिंसेस हया 2019 में भागकर ब्रिटेन चली गई थीं। उन्होंने कहा था कि वह अपने पति से भयभीत हैं। उन्होंने ब्रिटेन की अदालत में याचिका दायर कर अपने दोनों बच्चों का संरक्षण देने की मांग की थी।कोर्ट ने कहा कि बच्चों को प्राप्त होने वाली कुल राशि 29 करोड़ पाउंड से अधिक या कम हो सकती है। यह विभिन्न कारकों पर निर्भर करता है जैसे कि वे कितने समय तक जीवित रहते हैं और क्या वे अपने पिता के साथ मेल-मिलाप करते हैं। 72 साल के शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम संयुक्त अरब अमीरात के प्रधानमंत्री भी हैं।लंदन हाईकोर्ट के जज फिलिप मूर ने कहा कि हया और उनके दोनों बच्चों की जिंदगी पर गंभीर खतरे को देखते हुए शेख राशिद को ये कीमत चुकाने का आदेश दिया गया है। जज ने कहा कि ये राशि को हया अपने लिए नहीं मांग रही है, बल्कि वो इस पैसे से अपने बच्चों की परवरिश करेगी। साथ ही इस राशि से शादी के टूटने के कारण उन्हें जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई करना चाहेगी

 

✒️ *चीन में अधिकार देने की तैयारी:पति की आपत्ति के बावजूद महिलाएं कराएंगी सिजेरियन प्रसव*

चीन में गर्भवती महिलाओं को सिजेरियन प्रसव का अधिकार मिल सकेगा।स्थानीय मीडिया की एक रिपोर्ट सामने आई है जिसमें कहा गया है कि चीन महिलाओं को सिजेरियन प्रसव का अधिकार देगा फिर चाहे महिला के पति इसपर आपत्ति ही क्यों ना दर्ज कराएं। चीन की संसदीय स्थायी समिति इस हफ्ते महिला अधिकार व हित संरक्षण कानून संशोधन समेत कई विधेयकों पर चर्चा के लिए बैठक करेगी। यहां आपको बता दें कि यह कानून साल 1992 में पारित हुआ था।बीजिंग न्यूज ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि चीन के एक संसदीय अधिकारी ही इतिंग ने कहा कि यह कानून पिछले कई सालों से मौजूद है लेकिन कुछ पुरानी समस्याएं अभी तक सुलझ नहीं पाई हैं। इस संबंध में चीन का मौजूदा कानून यह कहता है कि गर्भवती महिलाएं सिर्फ अपने पति की इजाजत मिलने पर ही सिजेरियन प्रसव करा सकती हैं।कानून में महिलाओं को कहने के लिए तो एक समान अधिकार मिले हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि शादी करने, बच्चा पैदा करने और करियर चुनने के लिए उनपर परिवार वालों और अन्य फैमिली से जुड़े ऑथोरिटी का दबाव रहता है।साल 2017 में अस्पताल में एक महिला की प्रसव पीड़ा से मौत हो गई थी। उस वक्त महिला के पति ने सिजेरियन प्रसव कराने की इजाजत नहीं दी थी। उस वक्त अस्पताल ने कहा था कि यह कानून के मुताबिक है। नये कानून में यह कहा गया है कि अगर गर्भवती महिला और परिवार के सदस्यों के बीच प्रसव को लेकर अलग-अलग राय है तो अस्पताल को महिला की राय का सम्मान करना होगा।

 

✒️ *अलीगढ़ में कोविड संक्रमित मिलने पर एएमयू का हिंदी विभाग तीन दिन के लिए बंद*

अलीगढ़ में कोविड संक्रमित मिलने पर एएमयू का हिंदी विभाग तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है। साथ ही विभाग को सैनिटाइज किया गया है। सोमवार को हिंदी विभाग के एक शिक्षक की कोविड संक्रमित रिपोर्ट आई थी।उसके बाद एएमयू प्रशासन सतर्क हो गया। हिंदी विभाग को तीन के लिए बंद कर दिया गया। विभाग में लगातार सैनिटाइजेशन होगा। इसके अलावा हिंदी विभाग के सभी कर्मचारियों को आरटी-पीसीआर टेस्ट से गुजरना होगा।प्रॉक्टर प्रो. वसीम अली ने बताया कि कोविड संक्रमित शिक्षक के संपर्क में आने वाले सभी शिक्षकों को आरटी-पीसीआर टेस्ट कराने की गुजारिश की गई है। उन्होंने कहा कि यह टेस्ट जेएन मेडिकल कॉलेज में होगा।

 

✒️ *न्यायालय में तलब:अलीगढ़ सीएमओ को कारण बताओ नोटिस*

अलीगढ़ जिला अस्पताल से जारी दुर्घटना की मेडिकल इंजरी रिपोर्ट में ओवरराइटिंग का मामला सामने आया है। खास बात यह है कि मोटर दुर्घटना प्रतिकर न्यायाधिकरण ने इस ओवरराइटिंग पर जब डॉक्टर को दस्तावेज सहित तलब किया तो डॉक्टर नहीं पहुंचा। अब अदालत ने सीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए बृहस्पतिवार को व्यक्तिगत रूप से तलब किया है।मोटर दुर्घटना प्रतिकर न्यायाधिकरण के पीठासीन अधिकारी की ओर से सीएमओ को जारी नोटिस में कहा गया है कि सासनी गेट विहारी नगर के अनिल बनाम ओपी सहाय संबंधी पत्रावली न्यायाधिकरण में सुनवाई के लिए विचाराधीन है।इसमें घायल अनिल की मेडिकल इंजरी रिपोर्ट 1 मार्च 2021 को जिला अस्पताल से जारी की गई है। देखने से साफ लग रहा है कि इंजरी रिपोर्ट में कई जगह 28 फरवरी को यह रिपोर्ट बनी है और उस पर ओवरराइटिंग कर 1 मार्च किया गया है।इसे लेकर 9 दिसंबर को संबंधित डॉक्टर को दस्तावेजों सहित तलबी आदेश भेजा गया। मगर वह नियत तारीख पर नहीं आया। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से 16 दिसंबर को तलबी आदेश भेजा गया।इसके बाद भी न तो डॉक्टर हाजिर हुआ और न सीएमओ स्तर से किसी कार्यवाही से अवगत कराया गया। अब सीएमओ को 23 दिसंबर का व्यक्तिगत रूप से तलब करते हुए कहा है कि आप यह स्पष्ट करें कि क्यों न आपसे कानून के अनुसार 500 रुपये जुर्माना वसूलकर आपनी चरित्र पंजिका में दर्ज कराया जाए।यह तो अब डॉक्टर के कोर्ट में हाजिर होने पर ही साफ होगा। मगर अभी तक यह माना जा रहा है कि पीड़ित क्लेम की खातिर डॉक्टरों से सांठगांठ कर यह ओवरराइटिंग कराने का खेल करते हैं। इसमें क्लेम बढ़ाने या बीमा कराने के बाद तारीख बदलने या अधिक चोट दर्ज कराने का खेल होने का अंदेशा है।

 

✒️ *रामलला के बढ़े ठाठ:अयोध्या में अब शयन झूले में करेंगे रात्रि विश्राम, बेड-कंबल और रजाई भी मिली*

अस्थाई मंदिर में विराजित रामलला के ठाठ-बाट में दिन प्रतिदिन बढ़ोत्तरी हो रही है। रामजन्मभूमि के अस्थाई मंदिर में रामलला चूंकि बालरूप में विराजमान हैं इसलिए उनकी सेवा बालक के रूप में ही की जाती है। रामलला को ठंड से बचाने के लिए भी तरह-तरह के यत्न किए जा रहे हैं। उन्हें जहां गर्म कपड़े पहनाएं जाते हैं, वहीं ब्लोअर भी लगाया गया है। इसी क्रम में अब रामलला शयन झूले में रात्रि विश्राम करेंगे। एक श्रद्धालु ने श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को दो शयन झूला सहित बेड, कंबल, रजाई आदि भेंट किया है।श्रीरामजन्मभूमि के प्रधान अर्चक आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि भगवान राम सहित चारों भाईयों की सेवा बालक रूप में ही की जाती है। इसलिए उन्हें ठंड से बचाने के लिए कई यत्न किए गए हैं। बताया कि एक श्रद्धालु द्वारा ट्रस्ट को भेंट किए गए शयन झूले में रामलला को रात्रि विश्राम कराया जा रहा है।अभी तक रामलला को उनके स्थान पर ही सिंहासन हटाकर रात में गद्दा बिछाकर शयन कराया जाता था। अब उनके लिए शयन झूले रूपी बेड की व्यवस्था कर दी गई है। एक शयन झूले रूपी बेड में भगवान राम व भरत तो दूसरे में लक्ष्मण व शत्रुहन को रात्रि विश्राम कराया जाता है। मच्छरों से बचाने के लिए मच्छरदानी भी लगाया जाता है। ट्रस्ट रामलला के लिए सभी प्रकार की व्यवस्थाओं करने को प्रतिबद्ध रहता है।

 

✒️ *माता वैष्णो देवी मंदिर के पास त्रिकुटा पहाड़ियों के जंगलों में लगी भीषण आग, यात्रा पर कोई असर नहीं*

माता वैष्णो देवी मंदिर के नीचे त्रिकुटा पहाड़ियों के जंगलों में शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। हालांकि सुबह होने तक दमकल विभाग के कर्मचारियों ने वायु सेना की मदद से लगभग पर आग पर काबू पा लिया है। अभी भी कहीं-कहीं से धुआं निकल रहा है। आग को पूरी तरह से काबू पाने के लिए काम किया जा रहा है। आग पर तुरंत काबू पाने के लिए जिला प्रशासन ने भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली है। हैलीकाप्टरों ने सलाल बांध से पानी भरकर आग पार छिड़का जिसकी वजह से समय रहते आग पर काबू पाया जा सका। श्राइन बोर्ड के फायरमैन, दमकल विभाग के कर्मचारियों समेत करीब 200 से अधिक लोग इस अभियान में जुटे हुए हैं। जंगल में लगी आग से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है और यात्रा भी सुचारू रूप से जारी है।

 

✒️ *लोकसभा-राज्‍यसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, वेंकैया नायडू बोले- उम्मीद से कम हुआ काम*

संसद का शीतकालीन सत्र कई मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के बीच मंगलवार को तय समय से एक दिन पहले अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया। इस दौरान राज्यसभा में चुनाव कानून (संशोधन) विधेयक पारित हो गया। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने लोकसभा में बाल विवाह निषेध (संशोधन) विधेयक, 2021 पेश किया। वहीं, निलंबित राज्यसभा सांसदों की सूची में डेरेक ओ ब्रायन नाम भी जुड़ गया, मंगलवार को राज्यसभा में तृणमूल के नेता डेरेक ओब्रायन भी गलत व्यवहार के कारण निलंबित हो गए। दरअसल चुनाव सुधार से जुड़े कानून को पारित कराते वक्त डेरेक ने रूल बुक ही महासचिव के सामने टेबल पर फेंक दिया। विधेयक पर मतदान की जरूरत ही नहीं पड़ी क्योंकि विपक्ष वाकआउट कर चुका था और विधेयक ध्वनिमत से पारित हो गया। राज्यसभा को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है। सभापति वेंकैया नायडू ने कहा कि शीतकालीन सत्र में सदन का प्रदर्शन उम्मीद से कम रहा। उन्होंने कहा, ‘यह बेहतर हो सकता था। सभी को आत्मनिरीक्षण करने की जरूरत है कि क्या गलत हुआ। नियमों, विनियमों, प्रक्रियाओं और मिसालों को ध्यान में रखा जाना चाहिए।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि संसद के शीतकालीन सत्र में व्यवधान के कारण 18 घंटे 48 मिनट से अधिक समय बर्बाद हुआ। हालांकि, महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा की गई और उन्हें मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि सदन ने ओमिक्रोन, जलवायु परिवर्तन और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की।

 

✒️ *अलीगढ़ महोत्सव में 24 दिसम्बर को होगा “एक शाम-राष्ट्र के नाम” में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन*

अलीगढ़ महोत्सव 2022″ में कार्यक्रम “एक शाम-राष्ट्र के नाम” का भव्य आयोजन राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी की कृष्णाँजलि नाट्यशाला में दिनांक 24 दिसम्बर 2021 दिन शुक्रवार को सायं 7:00 बजे से होगा।कार्यक्रम संयोजक राष्ट्रीय कवि वेद प्रकाश ‘मणि’ (एडवोकेट) ने बताया कि अपर नगर मजिस्ट्रेट (द्वितीय) सुधीर कुमार प्रभारित्व में गत वर्षों की भाँति अपार सफलता के साथ संस्कार, कला, साहित्य संगम देशभक्ति भावना से ओतप्रोत कार्यक्रम “एक शाम राष्ट्र के नाम” के पंचम आयोजन में सांस्कृतिक संग राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं राष्ट्र गौरव सम्मान समारोह का भव्य आयोजन कृष्णाँजलि नाट्यशाला में किया जायेगा ! जिसमें बाल प्रतिभाओं द्वारा देशभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में ख्यातिप्राप्त राष्ट्रीय कवियों का काव्य पाठ भी होगा एवं समाजसेवियों तथा विशिष्टजनों को विभिन्न क्षेत्रों में स्वअर्जित उपलब्धियों के लिए ‘राष्ट्र गौरव’ से अलंकृत किया जायेगा !

 

✒️ *मथुरा श्रीकृष्ण की जन्मभूमि, वहां बनना चाहिए कॉरिडोर:हेमा मालिनी*

मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर मथुरा में भी कॉरिडोर बनाए जाने की वकालत की है।प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद संवाददाताओं से हुई बातचीत में हेमा मालिनी ने कहा कि काशी विश्वनाथ में बहुत सुंदर कॉरिडोर बना है। अयोध्या में भी भव्य राम मंदिर का निर्माण शुरू हो चुका है।इसलिए सबको लगता है कि मथुरा में भी कॉरिडोर होना चाहिए। संवाददाताओं ने पूछा कि क्या यह मांग वह सरकार के समक्ष उठाएंगी तो उन्होंने कहा कि यह मांग कर दी गई है। राज्यसभा सदस्य जया बच्चन द्वारा भाजपा को श्राप दिए जाने के सवाल पर हेमामालिनी ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।

 

✒️ *हरे निशान के साथ खुला बाजार, सेंसेक्स में 400 अंकों से ज्यादा की उछाल, निफ्टी में भी तेजी*

मजबूत वैश्विक संकेतों से आज सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को शेयर बाजार हरे निशान पर खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 449.23 अंकों की बढ़त के साथ 56,768.24 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 134.95 अंकों की तेजी के साथ 16,905.80 के स्तर पर खुला।आज मेटल, ऑटो और रियलटी के साथ बैंकिंग शेयरों में बढ़त के साथ ट्रेडिंग हो रही है और इन्हीं के दम पर बाजार में तेजी देखी जा रही है और निवेशक जमकर खरीदारी कर रहे हैं।