June 26, 2026

उत्तर प्रदेश की अब तक की अहम खबरे –

Spread the love

*दिनांक-27-07-2022,* *दिन:बुधवार*

 

 

✒️ *वरिष्‍ठ नागरिकों के लिए रियायतों की बहाली पर विचार कर रहा है रेलवे, लेकिन उम्र के मानदंड में नया पेंच*

कड़ी आलोचनाओं के बाद रेलवे वरिष्ठ नागरिक रियायतों की बहाली पर विचार कर रहा है। सूत्रों ने बताया कि कार्ड पर 70 साल से ऊपर के लोगों के लिए रियायती किराया बढ़ाकर उम्र मानदंड में बदलाव किया जा रहा है। हालांकि उक्‍त रियायत केवल सामान्य और स्लीपर क्लास पर दी जा सकती है। पहले महिलाओं के लिए 58 साल और पुरुषों के लिए 60 साल का मानदंड रखा गया था। सूत्रों ने बताया कि बुजुर्गों के लिए सब्सिडी बरकरार रखते हुए रेलवे इन रियायतों को देने की लागत की भरपाई के उपायों पर विचार कर रहा है,आधिकारिक सूत्र ने बताया कि हमारा का मानना है कि ये रियायतें बुजुर्गों की मदद करती हैं। हमने कभी नहीं कहा कि हम इसे पूरी तरह से खत्म करने जा रहे हैं। हम इसकी समीक्षा कर रहे हैं और इस पर फैसला लेंगे। सूत्रों ने संकेत दिया कि रेलवे बोर्ड वरिष्ठ नागरिकों को रियायत देने के लिए उम्र के मानदंडों में बदलाव करने और इसे केवल 70 वर्ष से ऊपर के लोगों के लिए बढ़ाने पर विचार कर रहा है। 2020 में कोरोना महामारी के दौरान ये रियायतें खत्‍म कर दी गई थीं।

 

 

✒️ *एलर्ट:दो सप्ताह में दोगुने हो रहे मंकीपॉक्स के केस, साइंटिस्ट बोले- प्रसार रोकने के रास्ते हो रहे बंद*

मंकीपॉक्स दिन पर दिन गंभीर रूप लेते जा रहा है। विश्व स्वास्थ संगठन के वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान में हर दो सप्ताह में इसके मामले दोगुने हो रहे हैं। मंकीपॉक्स के प्रसार को रोकने के लिए रास्ते बंद रहे हैं। बीमारी को लेकर चिंता जताते हुए वैज्ञानिकों ने कहा कि प्रकोप को चरम पर पहुंचने में कुछ महीने लग सकते हैं।डब्ल्यूएचओ के अनुसार 2 अगस्त तक 88 देशों में 27,000 से अधिक मंकीपॉक्स के मामलों की पुष्टि हुई है। जबकि इससे पहले यह आकंड़ा 70 देशों में 17,800 मरीजों तक सीमित था। वैज्ञानिकों का मानना है कि इससे आगे की भविष्यवाणी करना जटिल है, लेकिन वायरस के लंबे समय तक ट्रांसमिशन की उम्मीद जताई है। कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, लॉस एंजिल्स में एक महामारी विज्ञान के प्रोफेसर ऐनी रिमोइन ने कहा है कि हमें इसके फ्रंट में आना पड़ेगा।वहीं, डब्ल्यूएचओ विशेषज्ञ समिति के एक सदस्य रिमोइन ने कहा, यह स्पष्ट है कि ऐसा करने के अवसर की खिड़की बंद हो रही है। बता दें कि पिछले हफ्ते डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉ टेड्रोस अदनोम दुनिया के सामने हेल्थ इमरजेंसी की घोषणा की कर चुके हैं

✒️ *उत्तर प्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कल से लखनऊ समेत 50 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी*

सुबह से ही छाए बादल बारिश की उम्मीद जगाकर रफूचक्कर हो जा रहे हैं। सावन में मानसून शुरू तो हुआ लेकिन, एक-दो दिन बारिश होने के बाद ब्रेक लग गया। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश न होने से लोग गर्मी से परेशान हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार से उत्तर प्रदेश के करीब 50 जिलों में झमाझम बारिश के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, कुछ जिलों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। राजधानी की बात करें तो यहां बुधवार की सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही लगी है। इस दौरान कई बार बारिश का मौसम बना, लेकिन हवाओं के रूख ने दिशा मोड दी। बता दें कि मंगलवार को आगरा, मेरठ, बरेली, उरई, बस्ती, सोनभद्र, बलिया, वाराणसी, लखीमपुर खीरी, इटावा और हरदोई में हल्की बारिश दर्ज की गई थी। सबसे अधिक बारिश औरैया में 31 मिलीमीटर और आगरा में 26.3 मिलीमीटर बारिश हुई थी। हालांकि, अगले दो दिनों में उपरोक्त जिलों में अच्छी बारिश का अनुमान है। किसानों को भी बारिश का बेसब्री से इंतजार है।

 

✒️ *अब हर हाथ को काम देगी योगी सरकार, ओटीओपी से तहसील तक पहुंचेगा रोजगार और कारोबार*

जिस तरह से प्रदेश के लगभग सभी जिलों का कोई न कोई विशेष उत्पाद है, उसी तरह अधिकांश तहसीलें भी विशिष्ट उत्पाद के लिए जानी जाती हैं। चाहे घोसी तहसील के गोठा कस्बे का गुड़ हो या हरदोई के संडीला का लड्डू। इसे देखते हुए योगी सरकार एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) की तर्ज पर एक तहसील, एक उत्पाद (ओटीओपी) योजना भी शुरू करने जा रही है। इसके जरिए सरकार की मंशा प्रत्येक तहसील तक रोजगार और कारोबार पहुंचाने की है। प्रदेश के अधिकांश जिलों की तहसीलें या उनका कोई कस्बा किसी न किसी उत्पाद के लिए जाना जाता है। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, ओडीओपी की सफलता से उत्साहित योगी सरकार अब एक तहसील, एक उत्पाद योजना शुरू करने की तैयारी कर रही है। सरकार का मानना है कि ओडीओपी की तर्ज पर यदि तहसीलों के इन उत्पादों की पैकेजिंग, डिजाइनिंग, ब्रांडिंग, मार्केटिंग, जरूरत के अनुसार पूंजी की उपलब्धता और इनसे जुड़े लोगों के कौशल को निखारने के लिए प्रशिक्षण आदि की सुविधाएं दी जाएं तो इनकी भी संभावनाएं ओडीओपी की तरह ही बढ़ जाएंगी।

 

✒️ *प्राइमरी स्कूलों के शिक्षकों का होगा हेल्थ इंश्योरेंस, कैशलेस इलाज के लिए 76 हजार रुपये तक देना होगा प्रीमियम*

उत्तर प्रदेश के परिषदीय छह लाख से अधिक शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक व शिक्षणेतर कर्मचारियों को कैशलेस इलाज देने का खाका तैयार हो गया है। सामूहिक स्वास्थ्य बीमा पालिसी के लिए 18,500 से लेकर 76 हजार रुपये तक का वार्षिक प्रीमियम तय हुआ है। शिक्षक व अन्य स्वेच्छा से पालिसी ले सकते हैं। इसमें सभी प्रकार की बीमारियों का इलाज पालिसी लेने के दिन से होने लगेगा।उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों व अन्य को कैशलेस इलाज की सुविधा दी जानी है। सरकार इस सुविधा का लाभ पूरे परिवार को देगी, जिसमें पति-पत्नी आश्रित दो बच्चे व उनके माता-पिता भी शामिल रहेंगे। बीमा पालिसी लेने के लिए किसी भी तरह की चिकित्सीय जांच की जरूरत नहीं होगी। बीमा पालिसी लेने के साथ ही सारी सुविधाएं तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। इसमें मातृत्व चिकित्सा की सुविधा भी पालिसी लेते ही मिल सकेगी।

 

✒️ *उत्तर प्रदेश के डीजीपी का नया आदेश, 5 लाख रुपए तक की साइबर ठगी की शिकायत लोकल थाने पर होगी दर्ज*

साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए डीजीपी ने लोगों की सहूलियत के मद्देनजर नया आदेश दिया है। नए आदेश के मुताबिक अब पांच लाख रुपये तक की साइबर ठगी की एफआईआर पीड़ित स्थानीय थाने में दर्ज करा सकेगा। अब तक स्थानीय थाने में एक लाख रुपये तक की साइबर ठगी की रिपोर्ट ही दर्ज होती थी।एक लाख से बड़ी रकम के लिए लोगों को साइबर थाने जाना पड़ता था। वहीं अब पांच लाख रुपये या इससे अधिक की साइबर ठगी के मामले के रिपोर्ट साइबर थाने में दर्ज करानी होगी। यूपी के सभी 18 रेंज में खुले साइबर थानों पर यह नियम लागू कर दिया गया है,पब्लिक की मदद करेगी हेल्प डेस्क: पुलिस ने बताया कि साइबर थानों में मुकदमा दर्ज कराने के लिए दूर-दूर से फरियादियों को प्रयागराज आना पड़ता था। अब यह समस्या नहीं होगी। आईजी राकेश सिंह ने बताया कि सभी थानों में साइबर हेल्प डेस्क खोली गई है। उन्हें प्रशिक्षण दिया जा चुका है। साइबर ठगी के शिकार फरियादियों की स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज की जाएगी। संबंधित थाने की पुलिस को साइबर सेल मदद करेगी।

 

✒️ *भाजपा कोर कमेटी की आज शाम को होगी बैठक, मुख्यमंत्री योगी सहित दोनों डिप्टी सीएम रहेंगे मौजूद*

उत्तर प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक आज शाम साढ़े छह बजे भाजपा के लखनऊ स्थित मुख्यालय में होगी। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री संगठन भी मौजूद रहेंगे।बैठक में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रत्येक घर पर तिरंगा झण्डा फहराने का बृहद कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा किया जाना है। इसकी रणनीति पर चर्चा की जा सकती है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आगामी 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा लगाने का महत्वपूर्ण कार्यक्रम किया जाएगा।अभियान के लिए सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग (एमएसएमई) के जरिये दो करोड़ राष्ट्रीय ध्वज खरीदे जाएंगे। इसकी स्वीकृत मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में दी जा चुकी है। एक ध्वज की कीमत 20 रुपये निर्धारित की गई है। डेढ़ करोड़ राष्ट्रीय ध्वज का खर्च 30 करोड़ रुपये पंचायतीराज विभाग और 50 लाख ध्वज का खर्च 10 करोड़ रुपये नगर विकास विभाग वहन करेगा।

 

✒️ *पूर्व राष्ट्रपति कलाम का सपना पूरा करे सरकार:अखिलेश यादव*

समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने पूर्व राष्‍ट्रपति डॉक्‍टर एपीजे अब्‍दुल कलाम की पुण्‍यतिथि पर उन्‍हें याद करते योगी सरकार से उनका सपना पूरा करने का आग्रह किया। अखिलेश ने कहा कि वहां लगा सोलर प्‍लांट बंद पड़ा है। उसे सरकार ठीक कराए

अखिलेश ने ट्वीट किया, ”आज पूर्व राष्ट्रपति डॉक्‍टर एपीजे अब्दुल कलाम साहब की पुण्यतिथि पर उनको याद करते हुए उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार से आग्रह है कि इत्र नगरी कन्नौज में उनके सपने को पूरा करते हुए सपा सरकार के समय जो ‘सोलर प्लांट’ बना और सफलतापूर्वक चल रहा था, वह अब मरम्मत के अभाव में बंद पड़ा है, उसे ठीक करवाएं।”पूर्व मुख्‍यमंत्री ने 27 जुलाई 2015 को कलाम के निधन से 20 दिन पहले उनके कन्‍नौज आकर ‘सोलर प्लांट’ का उद्घाटन किये जाने की एक खबर भी साझा की। अखिलेश उस वक्‍त राज्य के मुख्‍यमंत्री थे।

 

✒️ *दो दिनों की कमजोरी के बाद बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 547 अंक चढ़ा, निफ्टी 16600 पार*

इस हफ्ते के पहले दो दिनों की कमजोरी के बाद आज बााजार में मजबूती लौटी है। हालांकि बुधवार को शुरुआती कारोबार में इंडेक्स लुढ़कते नजर आए और सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान पर चले गए पर वहां से दोनों इंडेक्स में रिकवरी देखने को मिली। बुधवार (27 जुलाई) को सेंसेक्स 547.83 अंक चढ़कर 55816.32 के लेवल पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी भी 157.95 अंकों की मजबूती के साथ 16641.80 अंकों पर बंद हुआ। बुधवार के कारोबारी सेशन में स्टार हेल्थ के शेयरों में आठ प्रतिशत की तेजी देखने को मिली जबकि यस बैंक के शेयर सात प्रतिशत तक ऊपर उछले।

 

✒️ *जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर भारी भूस्खलन, श्रद्धालुओं का जत्था रामबन में रोका*

जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश जारी है। इसके चलते दोनों संभागों के कई मार्ग भूस्खलन के कारण बंद हो गए हैं। बुधवार को रामबन के मेहर और कैफेटेरिया मोड़ पर भूस्खलन के बाद जम्मू-श्रीनगर हाईवे यातायात के लिए ठप हो गया। पहाड़ों से लगातार पत्थर गिरते देख प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा को अस्थायी तौर पर रोक दिया है,सभी यात्रियों को आधार शिविर चंद्रकोट ले जाया गया है। जम्मू के भगवती नगर से सुबह 1147 श्रद्धालुओं के जत्थे को रवाना किया गया था। प्रशासन के मुताबिक हाईवे के खुलने के बाद यात्रियों को पहलगाम व बालटाल के लिए भेजा जाएगा। खराब मौसम के बीच बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए देश भर से आने वाले भक्तों में कमी देखी गई है। बीते 24 घंटे में सड़क मार्ग से लखनुपर के रास्ते 411 श्रद्धालुओं ने जम्मू-कश्मीर में प्रवेश किया। सोमवार रात आठ बजे से मंगलवार सुबह आठ बजे तक मात्र 114 अमरनाथ यात्री लखनपुर पहुंचे।मंगलवार सुबह आठ बजे से रात आठ बजे के बीच 297 भक्त बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए यहां पहुंचे हैं। इससे पहले 24 घंटे के भीतर यह आंकड़ा सात हजार के आसपास चल रहा था। देश भर से आने वाले भक्तों की संख्या भले ही कम हो रही हो, लेकिन इनमें जोश बरकरार

 

✒️ *कुपोषण की रोकथाम के लिए ‘संभव’ अभियान शुरू*

बच्चों के बेहतर भविष्य और सुपोषित समाज के लिए पोषण जरूरी है। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग कुपोषण बच्चों की रोकथाम के लिए जिले में एक जुलाई से संभव अभियान शुरू हो चुका है। 30 सितम्बर तक चलने वाले अभियान के दौरान पोषण व स्वास्थ्य से जुड़ी जनजागरूकता गतिविधियां की जा रही है। स्वच्छता अपनाकर हम संक्रमण और कुपोषण, दोनों को भी रोक सकते हैं। यह कहना है जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रेयस कुमार का जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) ने बताया कि वर्तमान समय में संभव कार्यक्रम प्रशासन की प्राथमिकता में चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत जनपद में जून माह में आंगनबाड़ी केन्द्रों पर 25 जून से लेकर 30 जून के बीच बच्चों का लगभग 2.50 लाख के आसपास बच्चे होंगे। आंगनबाड़ी केन्द्रों पर छह साल तक के 1 लाख 95 हजार 561 बच्चों का वजन कराया गया। जिसमें 5,264 बच्चे कुपोषित पाएं गए। इन बच्चों को अब हम लोग सारी सूची स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करा दी है। वहां पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और उनको पांच प्रकार की जो दवाएं हैं, इनमें आयरन, विटामिन ‘ए’, एल्बेंडाजोल इत्यादि इस तरह की दवाएं उपलब्ध कराई जाएगी। डीपीओ ने बताया कि इस अभियान की सफलता व परिणाम के आधार पर एक जुलाई से 30 सितंबर तक ‘सम्भव’ अभियान की पुनः शुरुआत हो चुकी है। बच्चों की नामवार सूची गांव की आशा, एएनएम, ग्राम प्रधान व संबंधित कन्वर्जेंस विभागों के साथ साझा करेंगी।

 

✒️ *टप्पल क्षेत्र में ढाबा संचालक को कार ने रौंदा, मौके पर मौत*

थाना टप्पल क्षेत्र के गांव उसरम निवासी विजय सिंह (60 वर्षीय) पुत्र टीकम सिंह ढाबा चला कर अपने परिवार का पालन पोषण करते थे, मंगलवार की रात्रि दावा बंद कर रोड पर गांव जाने के लिए किसी महान का इंतजार कर रहे थे इसी दौरान तेज गति से आती है ऑल्टो कार में उन्हें रोक दिया जिनमें उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, और कार थोड़ा आगे चलकर बाइक सवार से टकरा गई, घटना होते ही काफी संख्या में राहगीर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया वही कार में सवार युवकों से पुलिस पूछताछ में जुटी है। मृतक के पुत्र ने जानकारी देते हुए बताया कि कार सवार नशे में कार चला रहे थे और गाड़ी के अंदर शराब पी रहे थे इसी दौरान हादसा हुआ और रोड पर खड़ी मिली पिता को टक्कर मार दी जिसमें मेरे पिता की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस तहरीर के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई में जुटी हुई है।

 

✒️ *जिला कारागार में बंद बंदी की उपचार के दौरान मौत*

नेपाल का रहने वाला जैनी (34 वर्षीय) पुत्र खड़क सिंह अलीगढ़ जिला कारागार में बंद था उसकी 15 दिन पूर्व तबीयत बिगड़ने पर जिला कारागार से जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था जहां उसका उपचार चल रहा था, आज उपचार के दौरान बंदी ने दम तोड़ दिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया वही बंदी के परिजनों को जानकारी दे दी, मृतक बंदी के परिजन नेपाल से अलीगढ़ के लिए चल दिए हैं।

 

✒️ *लोधा क्षेत्र में ग्रह कलेश के चलते नवविवाहिता ने विषाक्त पदार्थ खाकर दी जान, हत्या का आरोप*

जिला कासगंज के थाना उथईया के गांव बहादुरपुर निवासी मुन्नालाल ने अपनी बेटी निशा उर्फ अंजली (25 वर्षीय) की शादी 6 माह पूर्व रवि कुमार उर्फ रविंद्र निवासी सदलपुर थाना लोधा के साथ हिंदू रीति रिवाज के साथ ही अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज देकर की थी, कुछ दिन तक सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा उसके बाद ससुरालीजन निशा को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे, जिससे तंग आकर नवविवाहिता ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली लेकिन का आरोप है कि ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर खाने में जहर देकर उसकी हत्या की है। सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया, घटना से मृतिका के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है, पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

 

✒️ *सासनी गेट क्षेत्र में पानी की टंकी को तोड़ रहे मजदूर की गिरकर मौत*

थाना सासनी गेट क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी में जर्जर पानी की टंकी को तोड़ने के लिए आगरा के ठेकेदार ने ठेका लिया, ठेकेदार ने आगरा से ही मजदूर लगाकर उसे तोड़ने का कार्य शुरू किया जिसमें आगरा का रहने वाला राजीव 25 वर्षीय पुत्र शंकरलाल भी मजदूरी कर रहा था और टंकी को ऊपर से तोड़ रहा था इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह जमीन पर आ गिरा है उसकी मौके पर ही मौत हो गई सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जानकारी के अनुसार मृतक के पिता ने बेटे राजीव की मौत को संदिग्ध मानते हुए पुलिस को तहरीर दे दी है पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई के साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई करने की बात कर रही है।

 

✒️ *महुआखेड़ा क्षेत्र में ईंटों से भरे ट्रैक्टर ट्रॉला ने बाइक सवार को रौंदा बच्ची की मौत*

थाना दिल्ली गेट क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी अफजाल अपनी पत्नी नगीना 25 वर्षीय और बेटी अल्फेद 7 वर्षीय, असलम 1 वर्षीय को बाइक पर बिठाकर अपनी ससुराल गंज डुडवारा जा रहा था, जैसे ही बाइक थाना महुआ खेड़ा क्षेत्र के बुनेर के पास पहुंची तभी तेज गति से आते ईटों से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी, हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि 1 साल की बच्ची असलम की कोई खरोच नहीं आई। सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस ने नगीना अफजाल और अल्फेद को जिला मलखान सिंह अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने (7 वर्षीय) अल्फेद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।