*ए. टी. न्यूज अलीगढ़ ब्रेकिंग शाम 5 बजे तक…*
*दिनांक- 29-05-2022,* *दिन:रविवार*
✒️ *प्रदेश में 11 आइपीएस अफसरों का ट्रांसफर,अपर पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के पद पर तैनात रहे शुभम पटेल पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बने*
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 11 आइपीएस अफसरों की तबादला सूची को जारी की है। इसमें छह जिलों के पुलिस अधीक्षक भी बदले गए हैं,अनिल कुमार सिंह को अपर पुलिस आयुक्त वाराणसी के पद से उपमहानिरीक्षक पीएसी लखनऊ अनुभाग के पद पर भेजा गया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक/एसएसपी, बुलंदशहर संतोष कुमार सिंह अब अपर पुलिस आयुक्त वाराणसी का पद संभालेंगे। एसपी रायबरेली श्लोक कुमार को एसएसपी बुलंदशहर बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर आलोक प्रियदर्शी अब पुलिस अधीक्षक रायबरेली होंगे। पुलिस अधीक्षक कानपुर आउटर अजीत कुमार सिन्हा को पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर के पद पर तैनाती मिली है,एसपी कार्मिक, पुलिस मुख्यालय डीजीपी आफिस तेज स्वरूप सिंह को पुलिस अधीक्षक कानपुर आउटर बनाया गया है। पुलिस उप महानिरीक्षक/एसपी देवरिया श्रीपति मिश्रा को डीआइजी पीएसी मुख्यालय के पद पर तैनाती मिली है। पुलिस उपायुक्त कानपुर कमिश्नरेट संकल्प शर्मा को पुलिस अधीक्षक देवरिया बनाया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के पद पर तैनात रहे शुभम पटेल पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के पद पर भेजा गया है। अशोक कुमार राय को पुलिस अधीक्षक मैनपुरी से हटाकर प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। वह डीजीपी आफिस लखनऊ से अटैच रहेंगे। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के पद पर तैनात कमलेश दीक्षित को इसी पद पर मैनपुरी भेजा गया है।
✒️ *मोदी सरकार नई नौकरियां देने में नहीं, बची नौकरियां छीनने में सक्षम:राहुल गांधी*
कांग्रेस ने अर्थव्यवस्था में गिरावट और नकली नोटों के बढ़ने के साथ बेरोजगारी के नए आंकड़ों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि मोदी सरकार नई नौकरियां देने में तो नहीं लेकिन बची हुई नौकरियां छीनने में जरूर सक्षम है। याद रहे यही युवा आपके सत्ता के घमंड को तोड़ेगा। इनके भविष्य को बर्बाद करना इस सरकार को महंगा पड़ेगा।वहीं पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि बेरोजगारी ने 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है और करोड़ों लोगों ने रोजगार की उम्मीद छोड़ दी है। आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे में 50 प्रतिशत नौकरियां हमेशा के लिए खत्म हो गई हैं और 91,629 पदों पर अब कभी भर्ती नहीं होगी। गांव से शहर तक युवा रेलवे और सेना में भर्ती के लिए दिन रात जुटे हैं, लेकिन मोदी सरकार में भर्ती और उम्मीद दोनों खत्म हो गई हैं।उन्होंने अर्थव्यवस्था और नकली नोट पर कहा कि देश में 500 के 101.9 प्रतिशत और 2000 के 54.16 प्रतिशत नकली नोट बढ़े हैं। बैंकों में जमा 500 और 2000 के कुल 87.1 प्रतिशत नोट नकली हैं। कुल करेंसी का 21.23 प्रतिशत जाली नोट हैं। नोटबंदी की लाइन सिर्फ जनता के लिए ही तबाही साबित हुई।
✒️ *मुख्यमंत्री योगी बोले- 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी में 75 सीटें जीतेंगे*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यसमिति की बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में आठ वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर बधाई दी है। बैठक में अपने संबोधन में उन्होंने 2024 के आम चुनाव में यूपी में 75 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।योगी ने कहा कि 2024 के संकल्प को साकार करने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से प्रयास शुरू करना होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल मे सेवा कार्य, कोरोना प्रबंधन के साथ केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ जनता को पहुंचाने का लाभ यूपी के चुनाव में मिला है। अब 2024 के लोकसभा चुनाव की जमीन अभी से तैयार करनी होगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी अब पीएम मोदी के विजन के अनुरूप नई अंगड़ाई ले रही है। पहले प्रदेश में लाउड स्पीकर दंगे अराजकता और तनाव का कारण बनते थे। यह भाजपा सरकार के सुशासन का ही परिणाम है कि 70 हजार लाउडस्पीकर धार्मिक स्थलों से हटाए गए हैं या उनकी आवाज को परिसर तक ही सीमित कर दिया गया है।
✒️ *अलीगढ़ जुलाई के पहले सप्ताह में मुख्यमंत्री ख्यामई औद्योगिक स्थान की आधारशिला रखेंगे*
ग्राउड ब्रेकिंग सेरेमनी के तहत तीन जून को यहां की 27 औद्योगिक इकाइयों की आधारशिला लखनऊ में रखी जाएगी। यह औद्योगिक इकाइयां डिफेंस कॉरिडोर, औद्योगिक आस्थान ख्यामई, तालानगरी तथा अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित की जानी है।इनमें से 12 औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। शेष औद्योगिक इकाइयों की आधारशिला वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अलीगढ़ में ही रखी जाएगी। इसके लिए जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी तैयारी में जुटे हुए हैं।ख्यामई में नए औद्योगिक आस्थान की स्थापना के लिए प्रशासनिक और उद्योग विभाग के अधिकारियों से तैयारी तेज कर दी हैं। इसके लिए वर्तमान वित्तीय वर्ष के बजट में प्रावधान हो गया है। ले आउट प्लान भी तैयार हो गया है, जिसे औद्योगिक विकास आयुक्त को जल्द ही भेज दिया जाएगा। संकेत मिले हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ जून के अंतिम या जुलाई के पहले सप्ताह में इस आस्थान की अलीगढ़ आकर आधारशिला रखेंगे।जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्रीनाथ पासवान ने बताया कि ले आउट प्लान पूरी तरह तैयार है। 3 जून को 27 औद्योगिक इकाइयों की आधारशिला भी रख दी जाएगी। इसके लिए सभी औपचारिकाएं पूरी कर ली गईं हैं। इनमें से 12 औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह में वंडर सीमेंट, एंकर रिसर्च लैब, सिंडीकेट इडोवेशन इंटरनेशनल, वेरीविन डिफेंस प्राइवेट लिमिटेड, एलन एलविन प्राइवेट लिमिटेड. नित्या क्रिएशन इंडिया, दीप एक्सप्लो इक्वपेंट, श्री त्रिपति ब्रास वेयर, लक्ष्मी मेटल वर्कस, जीएसडब्ल्यू एंटर प्राइजेज, मनकामेश्वर स्टील, श्री सोफूड इंडस्ट्री तथा एडवांस फायर एवं सेफ्टीेेे के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
✒️ *भाजपा उत्तर प्रदेश की कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले- प्रधानमंत्री मोदी के अभूतपूर्व नेतृत्व से देश लाभांवित*
उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की पहली कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के अटल बिहारी बाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में भाजपा कार्यसमिति की एक दिवसीय बैठक में मुख्यमंत्री का स्वागत कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने किया,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों सहित अन्य आमंत्रित नेताओं को इस मौके पर संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय मिली। यह शानदार और ऐतिहासिक विजय सभी के परिश्रम से मिली है। इस विजय के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने कई बड़े अंधविश्वास भी तोड़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तमाम मिथकों को तमाम षड्यंत्रों को धूल धूसरित करते हुए भाजपा ने उत्तर प्रदेश में अपना कार्यकाल पूरा करके दोबारा सरकार बनाई है। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने सभी मिथकों को तोड़ा है। भाजपा सरकार तो देश के साथ ही उत्तर प्रदेश में मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। जनता ने भाजपा की सरकार पर भरोसा जताया है। हम भी इनके भरोसे पर खरा उतरने में लगे हैं। हमारे कोरोना प्रबंधन की हर तरफ तारीफ हुई। अब तो पीएम मोदी के नेतृत्व में एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना साकार हो रही है।
✒️ *आधार कार्ड को लेकर केंद्र की नई एडवाइजरी, फोटोकॉपी साझा करते वक्त रखें इस बात का ध्यान*
आधार कार्ड काफी जरूरी दस्तावेज है। किसी सरकारी योजना का लाभ उठाना हो या वित्तीय लेन-देन करना हो। आज कई जरूरी कार्यों के लिए इस कार्ड की खास उपयोगिता हम लोगों के लिए है। आधार कार्ड आपकी पहचान का प्रमाण है। इसमें 12 अंकों का न्यूमेरिक डिजिट होता है। ये न्यूमेरिक अंक आपके बायोमीट्रिक पहचान को सुनिश्चित करने का काम करते हैं। ऐसे में आपको आधार कार्ड का उपयोग करते समय कई बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। अक्सर हम लोग कहीं भी किसी को अपने आधार कार्ड की कॉपी शेयर कर देते हैं। अगर आप भी ये गलती कर रहे हैं, तो आपको तुरंत सावधान हो जाने की जरूरत है। आपकी ये लापरवाही एक बड़े नुकसान की वजह बन सकती है। इसको लेकर सरकार ने चेतावनी जारी की है। सरकार ने अपनी गाइडलाइन में केवल मास्क्ड आधार कार्ड को दूसरे लोगों के साथ शेयर करने के लिए कहा है।सरकार ने बताया है कि आधार कार्ड की कॉपी किसी व्यक्ति या संस्था के साथ शेयर करने पर उसका गलत ढंग से इस्तेमाल किया जा सकता है। ऐसे में आपको एक बड़े नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। सरकार ने लोगों को दिशा निर्देश देते हुए कहा है कि हमेशा दूसरे लोगों या संस्था के साथ केवल मास्क्ड आधार कार्ड ही शेयर करें। मास्क्ड आधार कार्ड में आपके 12 अंको के न्यूमेरिक कोड की पूरी संख्या नहीं दिखाई देती है। मास्क्ड आधार में केवल आधार संख्या के अंतिम 4 अंक दिखाई देते हैं। मास्क्ड आधार कार्ड को आप आसानी से ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं ।
✒️ *रामपुर से विधायक आजम खान की तबीयत बिगड़ी, गंगाराम अस्पताल में कराया गया भर्ती*
रामपुर से विधायक आजम खान की तबीयत खराब हो गई है, उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहां पर उनका चल रहा है। बताया जा रहा है कि आजम खान को सांस लेने में परेशानी हो रही है। आजम को डाक्टरों की निगरानी में रखा गया है,अस्पताल सूत्रों ने बताया आजम खान को सांस लेने में परेशानी होने के चलते स्वजन ने उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया। अस्पताल में उनकी हालत भी स्थिर है,फिलहाल वह चिकित्सकों की निगरानी में हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान काफी समय से जेल में बंद थे वहां पर भी उनकी तबीयत खराब हो गई थी। इससे पहले उन्हें कोरोना हो गया था। उन्हें शनिवार देर शाम दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
✒️ *उत्तर प्रदेश पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षाओं के एडमिट कार्ड जारी, 6 जून से होने हैं एंट्रेंस एग्जाम*
यूपी पॉलीटेक्निक संस्थानों में दाखिले के लिए आवेदन किए उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण अलर्ट। उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद यानि जीकप (पालीटेक्निक) ने विभिन्न कोर्सेस में इस साल प्रवेश के लिए योग्य उम्मीदवारों के चयन हेतु आयोजित की जाने वाली प्रवेश परीक्षा UPJEE 2022 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने इन प्रवेश परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है, वे जीकप की आधिकारिक वेबसाइट, jeecup.admissions.nic.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड के माध्यम से उम्मीदवार परीक्षा तिथि और समय, परीक्षा केंद्र, परीक्षा के लिए निर्देश, आदि की जानकारी ले सकेंगे।
✒️ *पांच जून को अलीगढ़ में होगी सिविल सर्विसेज की परीक्षा*
अलीगढ़ एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल ने शनिवार को संघ लोक सेवा आयोग की ओर से होने वाली सिविल सर्विसेज की परीक्षा को लेकर बैठक की। अधिकारियों को नकल विहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए। एडीएम सिटी ने बताया कि संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सर्विसेज परीक्षा पांच जून 2022 को दो पालियों में होगी। इसमें 13634 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था व केंद्रों पर नकल रोकने के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी। केंद्र जल्द तय कर दिए जाएंगे।
✒️ *अलीगढ़ के कॉलेज में नमाज पढ़ता दिखा शिक्षक, वीडियो वायरल होने के बाद बैठी जांच*
अलीगढ़ में एक शिक्षक कॉलेज के अंदर नमाज पढ़ते देखा गया है। शिक्षक के नमाज पढ़ने का किसी वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने इस पर एतराज जताया। हिंदू संगठनो के विरोध के बाद कॉलेज प्रचार्य प्रोफेसर अनिल कुमार गुप्ता ने समिति गठित कर दी है। उन्होंने बताया कि कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कॉलेज में ऐसी गतिविधियां फिर से नहीं होने दी जाएंगी,वायरल वीडियो गांधी पार्क थाना इलाके के वार्ष्णेय कॉलेज का बताया जा रहा है। वीडियो में एक शिक्षक नमाज पढ़ता हुआ दिख रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदूवादी नेताओं ने कॉलेज में नमाज पढ़ने को लेकर आपत्ति जताई। साथ ही शिक्षक पर माहौल खराब करने का भी आरोप लगाया है। हिंदू संगठनों ने इसकी लिखित शिकायत भी पुलिस को दी है। हिंदू संगठनों ने कॉलेज में शिक्षक द्वारा नमाज पढ़ने को गलत बताया। हिंदू नेताओं की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस ने इस मामले में कॉलेज प्रशासन से भी जानकारी मांगी है।
✒️ *अकराबाद क्षेत्र में बाइक सवार डिवाइडर से टकराया मोके पर मौत*
थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव जल्लूपुर सिहोर निवासी राजा बाबू (32 वर्षीय) पुत्र रामजीलाल मजदूरी करने के लिए बाइक द्वारा शनिवार की सुबह सिकंदराराऊ गया था वहां से शाम को वापस घर के लिए लौट रहा था इसी दौरान थाना अकराबाद क्षेत्र के सामने हाईवे पर डिवाइडर से राजा बाबू की बाइक टकरा गई जिसमें उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई घटना देख आसपास के स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया मृतक की जेब से मिले मोबाइल से उसके परिजनों को सूचना दे दी सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया परिवारी जन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है मृतक अपने पीछे दो बेटा दो बेटी व पत्नी रोते बिलखते छोड़ गया है।
✒️ *रोरावर क्षेत्र में मां की डाँट से क्षुब्ध होकर किशोर ने पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर की आत्महत्या*
थाना रोरावर क्षेत्र नीवरी हसन मस्जिद निवासी 18 वर्षीय यासीन पुत्र लताफत खा ने शनिवार की रात्रि घर के बाहर पेड़ पर रस्सी बांधकर लटक गया जिसकी मौके पर मौत हो गई , रविवार की सुबह परिवारीजन घर से बाहर निकले तो उन्होंने पेड़ पर लटका हुआ शव देखा और उनकी चीख निकल गई, चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। सूचना पुलिस को दे दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। उधर थाना प्रभारी ने बताया कि मां बेटे दोनों मीट फैक्ट्री में काम करते हैं मां ने बेटे से काम के लिए बोला तो बेटे ने फैक्ट्री जाने से मना कर दिया। इसी बात से क्षुद्ध होकर मां ने उसे डांट दिया, जिससे वह गुस्से में आ गया और रात्रि को पेड़ पर लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना होने से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
✒️ *सासनीगेट क्षेत्र में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या हत्या का आरोप*
थाना दादा क्षेत्र के गांव नगला मुंडा निवासी कमल सिंह ने अपनी पुत्री (27 वर्षीय) विमलेश की शादी 6 वर्ष पूर्व थाना सासनी गेट क्षेत्र के मोहल्ला पंच नगरी निवासी मुकेश के साथ की थी, विमलेश के पिता कमल सिंह ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बेटी और दामाद का अपने जेठ और जेठानी से आए दिन प्लॉट को लेकर विवाद होता रहता था, और 4 दिन पूर्व भी दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई थी इसी के चलते शनिवार की रात्रि रंजिश मानते हुए उसकी फांसी लगाकर हत्या की गई है। और हत्या को आत्महत्या का रूप दिया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है वहीं मृतक अपने पीछे एक बच्ची रोते बिलखते छोड़ गई है। इगलास इंस्पेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि पंच नगरी में महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
✒️ *गाँधीपार्क पुलिस ने लूट की मोटरसाइकिल व तमंचा सहित एक अभियुक्त किया गिरफ्तार*
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी द्वारा जनपद में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना गाँधीपार्क पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करते हुए लूट की घटना में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को कमालपुर चौराहे से एटा चुंगी के पास से गिरफ्तार किया गया पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम अभिषेक उर्फ विराट पुत्र मदन सिंह निवासी मरघट वाली गली नगला माली थाना गाँधीपार्क बताया, अभियुक्त के कब्जे से लूटी गई एक मोटरसाईकिल पैशन प्रो बिना नम्बर व अवैध एक तमंचा 315 बोर मय 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर सहित गिरफ्तार किया। पुलिस ने अभियुक्त को कोर्ट में पेश कर विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।
✒️ *मुख्यमंत्री की कार्य योजना के मुताबिक छात्रों की ईमेल आईडी और वेबसाइट का कार्य पूरा करने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने 51 इंटर कॉलेजों को जारी किया नोटिस*
मुख्यमंत्री की कार्य योजना के मुताबिक छात्रों की ईमेल आईडी और वेबसाइट का कार्य पूरा करने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने 51 इंटर कॉलेजों को नोटिस जारी किया है। साथ ही 30 मई तक किसी भी हाल में कार्य पूरा करने सख्त निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार कक्षा 9 से 12 तक के समस्त छात्र-छात्राओं के ईमेल आईडी परिषद के पोर्टल पर अपलोड कराया जाना। साथ ही छात्र छात्राओं और शिक्षकों मोबाइल नंबर भी अपलोड होना है। विद्यालय के वेबपेज के लिए विद्यालय के फाेटोग्राफ व अन्य उपलब्धियों को पोर्टल दर्शाया जाएगा। वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर एवं प्रबन्धन से सम्बन्धित विवरण परिषद के अपलोड किया जाना। पर जनपद के 51 विद्यालयों द्वारा निर्देशों की नाफरमानी की गई है। जिसपर कार्रवाई करते जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा 51 इंटर कॉलेज को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही 30 मई तक सभी डाटा पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि आखिरी निर्देश के बाद भी कार्य पूरा नहीं होता तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
✒️ *इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा: एससीएसटी एक्ट के तहत पारित आदेश के खिलाफ धारा 482 में नहीं हो सकती अपील*
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अधिनियम (एससीएसटी एक्ट) के अपराध में एक विशेष न्यायाधीश द्वारा पारित समन आदेश के खिलाफ धारा 482 सीआरपीसी के तहत अपील सुनवाई योग्य नहीं है,क्योंकि 482 के तहत अपील दाखिल ही नहीं की जा सकती है। कोर्ट ने कहा कि अपील केवल एससीएसटी एक्ट की धारा 14 ए(1) के तहत सुनवाई योग्य है। यह आदेश न्यायमूर्ति अनिल कुमार ओझा ने अनुज कुमार उर्फ संजय व अन्य की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया है।मामले में याची के खिलाफ लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाने में एससीएसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। लखीमपुर खीरी के जिला न्यायालय के विशेष सत्र न्यायाधीश एससीएसटी द्वारा आरोप पत्र के आधार पर याची को समन जारी किया गया था। याची ने जारी किए गए समन को रद्द कराने की मांग को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सीआरपीसी की धारा 482 के तहत अपील दाखिल की थी।
✒️ *उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने घोषित किए प्रत्याशी, लक्ष्मीकांत बाजपेयी समेत छह को मिला टिकट*
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा भेजे जाने वाले छह प्रत्याशियों के नाम भारतीय जनता पार्टी हाईकमान ने घोषित कर दिया है। आज जारी प्रत्याशियों की सूची में डा लक्ष्मीकांत बाजपेयी और डा. राधामोहन दास अग्रवाल समेत आठ शामिल हैं। भाजपा दो महिलाओं को भी यूपी से राज्यसभा भेज रही है। यूपी कोटे की राज्यसभा की 11 सीटें रिक्त हो रही हैं। इनमें से विधायकों के वोटों के गणित से भाजपा की आठ सीटों पर जीत तय है,जबकि सपा के तीन प्रत्याशी जीत जाएंगे।भारतीय जनता पार्टी पिछले दिनों कोर कमेटी की बैठक में 20 से अधिक नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेज चुकी है। फिर उसमें क्षेत्रीय-जातीय समीकरणों के आधार पर कुछ नाम और जोड़ दिए गए थे। रविवार को जारी सूची में डा लक्ष्मीकांत बाजपेयी और डा. राधामोहन दास अग्रवाल के अलावा सुरेन्द्र सिंह नागर, बाबूराम निषाद, दर्शना सिंह और संगीता यादव के नाम शामिल हैं। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए भारतीय जनता पार्टी की आठ सीटों पर जीत तय है। फिलहाल पार्टी ने छह प्रत्याशियों की सूची जारी की है। बाकी दो और प्रत्याशियों के नामों की घोषणा जल्द की जाएगी, जिसमें भाजपा अपने सहयोगी दलों को राज्यसभा का टिकट दे सकती है।
✒️ *युक्रेन रूस युद्ध:डोनबास इलाके में भीषण लड़ाई, जेलेंस्की ने पश्चिम से मांगे हथियार*
डोनबास इलाके में रूसी सेना के भीषण हमलों का सामना कर रही यूक्रेनी सेना के लिए राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियार मांगे हैं। वैसे उन्होंने चंद रोज में इस सिलसिले में अच्छा समाचार मिलने के संकेत भी दिए हैं। इस बीच डोनबास के सबसे बड़े शहर सीविरोडोनेस्क में भीषण लड़ाई जारी है। हफ्तों से रूसी सेना के हमले झेल रहा यह शहर डोनबास का मारीपोल बन गया है।रूसी गोलाबारी से यहां की 90 प्रतिशत से ज्यादा इमारतें ध्वस्त हो गई हैं। हजारों सैनिकों और नागरिकों के मारे जाने की आशंका है। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के सलाहकार मिखाइलो पोडोल्याक ने कहा है कि हमने अमेरिका से लंबी दूरी तक मार करने वाले मल्टीपल राकेट लांचरों की मांग की है। क्योंकि आमने-सामने की लड़ाई में 70 किलोमीटर दूर से हो रहे हमलों से बचना मुश्किल होता है।इस बीच जेलेंस्की ने संभावना जताई है कि अगर यूक्रेनी सेना अपने इलाकों को रूसी सेना से वापस ले लेगी, तो जाहिर है कि रूसी राष्ट्रपति युद्धविराम के लिए तैयार हो जाएंगे। इसलिए हम लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियार चाहते हैं। इनकी मदद से यूक्रेनी सेना बेहतर तरीके से मुकाबला कर पाएगी और अपने इलाके वापस ले पाएगी।
✒️ *अलीगढ़ नगर निगम की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए शिकायतकर्ताओं से सीधे बात करेंगे नगर विकास मंत्री*
अलीगढ़ नगर निगम की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए नगर विकास मंत्री ने एक और कदम आगे बढ़ाया है। नगर निगम में शिकायत करने वाले शिकायतकर्ताओं से नगर विकास मंत्री सीधे बात करेंगे,आईजीआरएस पोर्टल पर नगर निगम से जुड़ी आठ शिकायतों को चयनित किया जाएगा। इसमें अधिकारी व शिकायकर्ता दोनों को शामिल किया जाएगा।नगर निगम अलीगढ़ में एक माह में करीब 200 से 250 से अधिक शिकायतें अलग-अलग विभागों की आती हैं। इसमें स्थानीय कंट्रोल रूम की शिकायतें शामिल नहीं हैं। हर माह आने वाली शिकायतों में आठ शिकायतों को शासन स्तर से चयनित किया जाएगा। इसमें शिकायत करने वाले से नगर विकास मंत्री एके शर्मा स्वयं बात करेंगे। शिकायत करने वाले के साथ संबंधित विभाग के विभागाध्यक्ष भी शामिल होंगे। नगर निगम में स्वास्थ्य, निर्माण, पथप्रकाश, हाउस टैक्स व जलकल विभाग से संबंधित शिकायतों को चयनित किया जाएगा। मई माह में आने वाली शिकायतों में आठ का चयन किया गया है। जून के पहले सप्ताह में नगर विकास मंत्री इसपर बात करेंगे।नगर निगम में आईजीआरएस प्रभारी विनय कुमार राय ने बताया कि आठ शिकायतों को हर माह चयनित किया जाएगा, जिसमें नगर विकास मंत्री शिकायतकर्ता व संबंधित विभाग के अधिकारी से बात कर फीडबैक लेंगे।शिकायतों का गुणवत्ता परक निस्तारण करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। पानी, सफाई, स्ट्रीट लाइट, कूड़ा उठान व संपत्ति कर से जुड़े मामलों की अधिकांश शिकायतें आती हैं। इनको तय समय के भीतर निस्तारित किया जा रहा है।
✒️ *उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ता अब जमा कर सकेंगे न्यूनतम 100 रुपये तक बिल*
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन (यूपीपीसीएल) प्रंबंधन ने बिजली उपभोक्ताओं को अब विभागीय कैश कांउटर या आनलाइन माध्यम से आंशिक बिल जमा करने की सुविधा दे दी है। इसके लिए उपभोक्ताओं को किसी से अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं होगी। इस सुविधा से राजस्व में सुधार होने पर आगे भी इसे जारी रखने पर विचार किया जा सकता है।उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के एमडी पंकज कुमार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक न्यूनतम 100 रुपये तक का आंशिक भुगतान किया जा सकेगा। अस्थायी रूप से कटे कनेक्शन के मामले में भी आंशिक भुगतान की सुविधा होगी लेकिन यह धनराशि कुल बकाए का न्यूनतम 25 प्रतिशत से कम नहीं होगी।बिजली उपभोक्ताओं द्वारा महीने में एक से अधिक बार भी आंशिक भुगतान किया जा सकेगा। विभागीय कांउटर के अलावा फिलहाल अन्य बिल कलेक्शन एजेंसियों के पास इस तरह की सुविधा नहीं होगी। आंशिक भुगतान की स्थिति में भुगतान की रसीद पर बिल धनराशि एवं भुगतान की राशि दर्ज रहेगी। आंशिक भुगतान के बाद भी समय से पूरा बिल न जमा होने की दशा में बिजली का कनेक्शन काटा जा सकेगा।
✒️ *उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग 1 जून को अलीगढ़ में*
उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश अंजू चौधरी बुधवार 01 जून को सड़क मार्ग द्वारा अलीगढ़ आ रहीं हैं। उपाध्यक्ष, सदस्य राज्य महिला आयोग मीना कुमारी के साथ मिशन शक्ति फेज़ 4 के अंतर्गत 11.00 बजे खैर ब्लॉक पर ग्रामीण महिलाओं को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाये जाने एवं महिला उत्पीड़न सम्बन्धी रोकथाम के लिए चौपाल लगायेंगी।उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग 4.00 बजे सर्किट हाउस में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ महिला उत्पीड़न के सम्बंध में बैठक करेंगी। इसके साथ ही महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन एवं महिला चौपाल लगाकर जनसुनवाई भी करेंगी। उपाध्यक्ष द्वारा सांय 6.00 बजे एक स्थान पर स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा।
✒️ *सारस्वत समाज के अध्यक्ष हरस्वरूप सारस्वत तो उप मंत्री बने पीयूष*
अलीगढ़ सारस्वत समाज रजि. की आमसभा की बैठक मैरिस रोड स्थित कैंप कार्यालय पर हुई। जिसमें वर्ष 2022 की सारस्वत समाज समिति के पदाधिकारियों का गठन किया गया। अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी हरस्वरूप सारस्वत को सौंपी गई है। कार्यकारिणी गठन में अजय शर्मा को सचिव, ओम प्रकाश सारस्वत कोषाध्यक्ष, बीएल शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष्ज्ञ, नेत्रपाल सारस्वत कनिष्ठ उपाध्यक्ष, पियूष सारस्वत उप मंत्री, पंकज सारस्वत प्रचार मंत्री, आडिटर प्रताप सारस्वत के साथ 14 कार्यकारिणी सदस्यों को भी नामित किया गया है।
✒️ *अलीगढ़ वृद्धावस्था पेंशन के लिए लाभार्थियों के आधार फीडिंग में पिछड़ा*
अलीगढ़ वृद्धावस्था पेंशन के लिए लाभार्थियों के आधार फीडिंग में अलीगढ़ जनपद की स्थिति खराब है। अब विकास भवन में विशेष कैंप लगाया जा रहा है। जहां लाभार्थी फीडिंग करा सकते हैं,अलीगढ़ मंडल के चारों जिलों में वृद्धावस्था पेंशन के कुल 1.46 लाख लाभार्थी हैं। इन लाभार्थियों को एक हजार रुपये प्रति महीने पेंशन मिलती है। शासन की ओर से पेंशन में फर्जीवाड़ा रोकने और पात्रों को ही लाभ देने के मकसद से सभी लाभार्थियों के आधारकार्ड का प्रमाणीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत से ही इस पर काम चल रहा है। इसमें बैंक खाता व पेंशन पोर्टल आधार कार्ड लिंक किया जा रहा है। मंडल में अब तक 63 हजार ने ही आधार फीडिंग कराई है। 408 लोगों की आधार फीडिंग फेल हो गई है। 215 लोगों का डाटा संदिग्ध मिला है। 82 हजार लाभार्थियों की फीडिंग अब भी बाकी है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सूरज कुमारी ने बताया कि आधार फीडिंग की रफ्तार बढ़ाने को हर संभव मदद की जा रही है।
✒️ *अलीगढ़ श्याम नगर में सरकारी हैंडपंप में सबमर्सिवल पंप लगाने पर मुकदमा*
अलीगढ़ श्याम नगर में हैंडपंप पर सबमर्सिबल लगाकर घर में कनेक्शन दे दिया गया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर जीएम जल ने थाना सिविल लाइंस में मकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।जीएम जल अनवर ख्वाजा ने रिपोर्ट में कहा है श्याम नगर में पोस्ट आफिस से आगे डेयरी वाली गली में सरकारी हैंडपंप लगा है। इसी हैंडपंप पर वहीं रहने वाले प्रमोद गौतम ने सबमर्सिबल लगाकर पाइप के जरिए अपने घर में कनेक्शन दे दिया है, जो गैर कानूनी है। एक टोंटी बाहर लगी हुई है।इसके लिए विभाग से अनुमति नहीं ली गई। स्पष्ट है कि सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग किया गया है। पिछले दिनों इस संबंध में स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त से शिकायत की थी। जांच हुई तो मामला सही पाया गया,नगर आयुक्त के आदेश पर प्रमोद गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। हैंडपंप से सबमर्सिबल हटाया जाएगा। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस प्रवेश राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
✒️ *भाकियू (सुनील) के पदाधिकारियों ने स्व चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी*
भारतीय किसान यूनियन (सुनील गुट) ने एक गेस्ट हाउस पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उनकी पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी l स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन पुष्प अर्पित कर किसानों के मसीहा को याद किया। भारतीय किसान यूनियन (सुनील)के प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर कहा की यूपी में मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री रहे किसानों,गरीबो,पिछडो एवं उपेक्षितों के मसीहा स्मृतिशेष चौधरी चरण सिंह जी एक ऐसे व्यक्ति थे जिनके रंग-रंग में ईमानदारी,त्याग और किसानों के प्रति त्याग भरा पड़ा था।भाकियू (सुनील) के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रंजीत सिंह ने कहा कि चौधरी चरण सिंह भारत के उन जननायकों में से थे जिन्होने जिंदगी भर अन्याय, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध तथा गरीबी व किसानों के हितों के लिए संघर्ष किया।इस मौके पर चौधरी रंजीत सिंह, ठाकुर अर्जुन सिंह तोमर, आमिर चौधरी, मुकेश वशिष्ठ, मोहसिन मेवाती, आरिफ सिद्दीकी , संतोष शर्मा ,अजय शर्मा जुबेर अब्बासी फैसल खान बिलाल शमशेर सैफी, अनिल, अंकित आदि भारतीय किसान यूनियन (सुनील) के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
✒️ *पुण्यतिथि पर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को दी श्रद्धांजलि*
इगलास जाट सभा के कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री व किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान भारत सरकार से चौधरी साहब को भारत रत्न देने की मांग की गई। श्रद्धांजलि देने वालों में अध्यक्ष डा. सत्यपाल सिंह, उदयवीर सिंह, दिनेश कुमार, सरूजपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह आर्य, बल्लभ चौधरी, धरम कुमार, अनिल कुमार, जितेंद्र सिंह, डा. अनिल कुमार, डा. रोहित सिंह, बाबू सिंह, ओमप्रकाश सिंह, गुलाब सिंह, रनवीर सिंह, राजीव कुमार आदि थे। हाथरस रोड पर सर्व समाज सेवा समिति द्वारा श्रद्धांजलि देकर शर्बत की प्याऊ लगाई गई। इस मौके पर जिंप सदस्य सुलेखा सिंह, चौ. महावीर सिंह, नरेंद्र सिंह, कृपाल सिंह, देवीराम शर्मा, दीवान सिंह, किशनपाल सिंह, नवनीत सिंह, वीरेंद्र सिंह, आदेश चौधरी, सीपी सिंह आदि थे। गांव तोछीगढ़ में परोपकार सामाजिक सेवा संस्था द्वारा श्रद्धांजलि दी गई। किसान नेता मनोज ठैनुआं को राष्ट्रीय जाट महासभा का जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने पर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जतन चौधरी, रमेश ठैनुआं, विक्रांत शर्मा, सतीष कुमार, जगवीर सिंह, बृजेश गौतम, नवीन कुमार, मंजीत सिंह, गौरव ठैनुआं, सचिन कुमार, यतेंद्र सिंह आदि थे। पींजरी पैंठ के प्रांगण में अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति, किसान यूनियन व राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर मुकेश चौधरी, बृजेश चौधरी, राम किशन सिंह, रामवीर सिंह, सोनू नौहबार, नीरज सिसोदिया, योगेश कुमार जैन, बारिश खान, दिनेश सिसोदिया, विजय ठैनुआ, नीरज कुमार गुप्ता, अरुण चौधरी आदि।
✒️ *मारपीट की घटना की रिपोर्ट दर्ज*
इगलास कोतवाली के गांव तेहरा निवासी तेजवीर सिंह व जुगेंद्र सिंह के मध्य खेत की मेंड़ को लेकर विवाद हो गया था। इस घटना को लेकर तेजवीर सिंह पक्ष की ओर से पूर्व में मारपीट करने संबंधी मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। दूसरे पक्ष की ओर से धर्मेश देवी ने तेजवीर सिंह व इनके दो बेटों भूपेंद्र व कन्हैया तथा तीन अज्ञात के खिलाफ बेटे विकास, कपिल व पति के साथ मारपीट करने तथा जानलेवा हमला बोलने संबंधी मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाल रिपुदमन सिंह का कहना है कि जमीन को लेकर पारिवारिक झगड़ा है, घटना की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
✒️ *खेत में पड़ा मिला युवक का शव*
इगलास कोतवाली क्षेत्र के गांव महुआ में रविवार को एक व्यक्ति की संदिग्ध हालत में खेत पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।गांव महुआ निवासी जयप्रकाश पुत्र शंकरलाल (40) खेतों पर किसी काम से गया था। खेत पर उसकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इस घटना के संबंध में ग्राम प्रधान प्रेमपाल सिंह की सूचना पर हस्तपुर चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाल रिपुदमन सिंह ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा, तदनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं क्षेत्र में चर्चा है कि उसकी मौत शराब का अधिक सेवन करने से हुई है।
✒️ *घर से ज्वेलरी चोरी, रिपोर्ट दर्ज*
इगलास कोतवाली क्षेत्र के गांव विसाहुली निवासी रवेंद्र सिंह का कहना है कि विगत 23 मई को उसके घर से ज्वेलरी चोरी हो गई थी। जिसमें एक सोने का हार व कानों की झुमकी थी। घटना के संबंध में पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल रिपुदमन सिंह ने बताया कि पुलिस चोरों के करीब पहुंच गई है। जल्द घटन का पर्दाफास किया जाएगा।
✒️ *तमंचा सहित दो युवक गिरफ्तार*
गौंड़ा एसओ उमेशचंद शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा बसोली रजवहा से अमित पुत्र मनफूल निवासी आजमपुर थाना नूरपुर (बिजनौर) व जितेंद्र कुमार पुत्र विजय सिंह निवासी जोधपुर कालोनी, 25 फुटा रोड, सेक्टर 63 (नोएडा) को गिरफ्तार किया था। युवकों के कब्जे से दो देशी तमंचा बरामद हुए है। एसओ ने बताया कि युवक तमंचा सप्लाई का काम करते हैं। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है। वहीं इनके नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। वहीं गैंगस्टर के दो आरोपित बंटी पुत्र उदयवीर सिंह व कन्हैया पुत्र राजपाल सिंह निवासी रुदायन थाना सासनी हाल निवासी कैथवारी को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।
✒️ *गांजा व तमंचे के साथ दो युवक गिरफ्तार*
गौंडा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान दाे युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से गांजा व तमंचा बरामद हुआ है। आरोपितों को जेल भेजा गया है।एसओ उमेशचंद शर्मा ने बताया कि दारोगा प्रदीप कुमार यादव ढ़ाड पुलिया पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सोनू पुत्र श्यामवीर सिंह व चंदा पुत्र अतर सिंह निवासीगण दरकन नगरिया थाना खैर को गिरफ्तार किया था। दोनों युवकों के कब्जे से तीन किलो सात सौ ग्राम गांजा बरामद हुआ है। सोनू से एक अवैध तमंचा भी मिला है। एसओ ने बताया कि आरोपित बाहर से गांजे की तस्करी करके लाते हैं और यहां क्षेत्र में सप्लाई करते हैं। दाेनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा गया है।
✒️ *शनिदेव जयंती के उपलक्ष्य में मानिक चैाक में हुई भजन संध्या*
अलीगढ़ में शनिदेव जयंती व सोमवती अमावस्या के उपलक्ष्य में आज मानिक चौक स्थित प्राचीन शनिदेव मंदिर पर भजन संध्या का आयोजन किया गया। गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजन संध्या के बाद दाल-रोटी का भंडारा किया गया। सोमवार को विशाल भंडारे के आयोजन होगा।
*ए. टी. न्यूज अलीगढ़*
*अलीगढ़ की ताजा ख़बरों के लिए खबरों की जानकारी देने और विज्ञापन (एसएमएस, वॉइस एसएमएस, वाट्सएप इमेज, वाट्सएप क्लीपिंग एवं रिसेप्शन सॉफ्टवेयर) कराने के लिए सम्पर्क करें 83078-83078 एवम् सूचना प्रकाशित कराने हेतु उक्त मेल आईडी atnews9457901100@gmail.com पर भेजें*।





More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-