May 6, 2026

उत्तर प्रदेश की अब तक की अहम खबरे –

Spread the love

[1/18, 8:01 AM] +91 99196 00094: अलीगढ़ एक बार कोरोना के मरीजों के मिलने में तेजी आ गयी है,आज 233 कोरोना संक्रमित मरीज मिले है,जो कि 10 साल से लेकर 60 साल के बीच के है।जिनकी लैब के द्वारा जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। विभागीय अफसर इसकी पड़ताल में लगे हैं। प्रशासन ने जिले के लोगों से अपील की है कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है ,सावधानी बरतें। सीडीओ अंकित खंडेलवाल ने जिले के लोगों से अपील की है कि कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण ही एकमात्र बचाव है । टीकाकरण अवश्य कराएं।

 

✒️ *12 से 14 साल के बच्चों का टीकाकरण:कोरोना के खिलाफ लड़ाई में NTAGI के चेयरमैन ने दिया बड़ा संकेत, मार्च से शुरू हो सकता है 12 से 14 साल के बच्चों का टीकाकरण*

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। NTAGI के COVID-19 कार्यकारी समूह के अध्यक्ष डा. एनके अरोड़ा ने बताया कि COVID-19 के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ा फैसला लिया गया है। उन्‍होंने कहा कि मार्च से 12 से 14 साल के बच्चों का टीकाकरण शुरू होने की संभावना है क्योंकि तब तक 15 से 18 आयुवर्ग के किशोरों के पूरी तरह से टीकाकरण पूरा हो जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 12 से 14 साल के आयु वर्ग में अनुमानित आबादी 7.5 करोड़ है।मालूम हो कि इस साल तीन जनवरी को 15 से 18 साल के किशोरों का टीकाकरण शुरू किया गया था।टीकाकरण संबंधी राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (NTAGI) के कोविड-19 कार्यसमूह के अध्यक्ष डा. एनके अरोड़ा ने बताया कि 15 से 18 साल के अनुमानित 7,40,57,000 किशोरों की आबादी में से 3.45 करोड़ से अधिक को अब तक कोविड रोधी वैक्‍सीन कोवैक्सीन की पहली खुराक दी जा चुकी है। इनको 28 दिनों में दूसरी खुराक दी जानी है। इस आयु वर्ग के किशोर में टीकाकरण को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।

 

 

✒️ *कोरोना एलर्ट:उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में 15,622; एक्टिव केस एक लाख छह हजार*

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण की तीसरी लहर की तेज गति दो दिन की अपेक्षा सोमवार को कुछ मंद पड़ी है। प्रदेश में सोमवार को 15,622 नए संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में एक्टिव केस एक लाख छह हजार 616 हैं।उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में दो लाख 16,152 सैंपल की जांच की गई। जिसमें 15,622 नए केस मिले हैं। इस दौरान 12,402 लोग इसके संक्रमण से उबरे भी हैं। प्रदेश में अब रिकवरी रेट भी काफी बेहतर हो रहा है। प्रदेश में एक लाख, छह हजार 616 एक्टिव केस हैं। इनमें से एक लाख, दो हजार 211 लोग घर में ही इलाज करा रहे हैं। रविवार को 17,185 और शनिवार 16795 नए केस मिले थे। इस दौरान बहुत कम संख्या में लोगों को अस्पताल की जरूरत पड़ रही है।अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद का कहना है कि यह संक्रमण वायरल फीवर की तरह है। डरने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सभी एहतियात अवश्य बरतें। प्रदेश सरकार की एग्रेसिव ट्रेसिंग और टेस्टिंग, त्वरित ट्रीटमेंट के साथ ही साथ तेज टीकाकरण कोविड के प्रसार को रोकने का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। उत्तर प्रदेश कोरोना टीकाकरण तथा टेस्टिंग में देश के अन्य राज्यों की तुलना में शीर्ष पर है।

 

✒️ *कोरोना एलर्ट:दिल्ली में नीचे आया कोरोना का ग्राफ, 24 घंटे में 12,500 से अधिक नए बीमार, 18,340 लोग हुए रिकवर*

दिल्ली में कोरोना का ग्राफ अब तेजी से नीचे आ रहा है है।सोमवार को दिल्ली में कोरोना के 12,500 से अधिक नए मरीज मिलने के बाद यहां संक्रमितों का कुल आंकड़ा बढ़कर 17.22 लाख के पार पहुंच गया है। इसके साथ ही पॉजिटिविटी रेट भी घटकर 28 फीसदी से नीचे आ गया है। दिल्ली में आज कोरोना से 24 और मौतें हुईं। अगर एक्टिव केसों पर नजर डालें तो यह भी घटकर 84000 से कम हो गए हैं।दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे में जहां कोरोना के 12,527 नए मरीज मिले हैं, आज संक्रमण से 24 मरीजों की मौत भी हो गई। रविवार को दिल्ली 18 हजार से अधिक नए कोविड केस सामने आए थे। खास बात यह रही कि दिल्ली में आज 18,340 लोग कोरोना मुक्त होकर अपने घरों को भी लौट गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि दिल्ली में अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 17,22,497 हो गई है।

 

✒️ *कोविड-19 टास्‍क फोर्स ने वयस्क संक्रमितों के इलाज के लिए जारी की संशोधित गाइडलाइन, मरीजों को तीन वर्गों में बांटा*

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतरगत आने वाले नेशनल कोविड-19 टास्‍क फोर्स ने वयस्क कोरोना संक्रमितों के उपचार के लिए संशोधित नैदानिक गाइडलाइन जारी की है। नई गाइडलाइन में कोरोना पाजिटिव पाए गए वयष्‍कों को तीन वर्गों में बांटा गया है। इनमें माइल्‍ड, माडरेट और सर्व यानी गंभीर श्रेणी के मरीज शामिल हैं। संशोधित गाइडलाइन में तीनों प्रकार के मरीजों के लक्षणों, एहतियात और उपचार के बारे में जानकारी दी गई है।गौरतलब है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड-19 के मसले पर एक उच्‍च स्‍तरीय समीक्षा बैठक की थी जिसमें अधिकारियों को कई निर्देश जारी किए गए थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने इस बैठक में बताया था कि इस समीक्षा बैठक के बाद मंत्रालय ने कोविड मरीजों की डिस्चार्ज नीति में बदलाव किया है। लव अग्रवाल ने बताया कि नई नीति के तहत कोविड-19 मरीजों की स्थिति को तीन भागों (हल्के, मध्यम और गंभीर) में बांटा गया है। बैठक में कोविड टास्‍क फोर्स के उच्‍चाधिकारी भी मौजूद थे।

 

✒️ *विधानसभा चुनाव:सपा ने अलीगढ़ की कोल सीट पर सलमान की जगह अज्जू को बनाया प्रत्याशी*

कोल सीट पर काफी कशमकश के बाद सपा ने पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इश्हाक को प्रत्याशित घोषित किया है। इस सीट पर पहले सलमान शाहिद को प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन बी फार्म नहीं दिया था। इसके बाद से ही प्रत्याशी बदलने की अटकलें तेज हो गईं थीं। अब पार्टी हाईकमान ने उनकी टिकट काटकर अज्जू को प्रत्याशी बनाया है। अज्जू ने बी फार्म मिलने की पुष्टि की है। कहा है पार्टी के सभी नेताआें से बात कर नामांकन की तारीख तय करेंगे। अज्जू 2017 में भी विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। तब वह हार गए थे। सपा ने कोल विधानसभा सीट पर रविवार रात तक स्थिति स्पष्ट नहीं की थी। लेकिन माना ये जा रहा था कि हाईकमान पूर्व घोषित प्रत्याशी सलमान शाहिद का टिकट काटकर अज्जू इश्हाक को प्रत्याशी घोषित कर सकता है। पिछला विधानसभा चुनाव लड़ चुके अज्जू टिकट फाइनल होने का दावा भी कर रहे थे। सपा ने पिछले दिनों सलमान शाहिद को प्रत्याशी घोषित किया था, बी फार्म नहीं दिया था। तभी से टिकट कटने की अटकलें लगाई जा रही थीं। कोल पर पूर्व विधायक जमीर उल्लाह के अलावा पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी अज्जू इश्हाक भी प्रबल दावेदार थे। 2017 के विधानसभा चुनाव में पूर्व विधायक जमीर उल्लाह को टिकट मिली थी। बाद में उनकी टिकट काटकर अज्जू को प्रत्याशी घोषित किया गया। अज्जू मोदी लहर में चुनाव हार गए थे।

 

✒️ *उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को मिला टीएमसी का साथ, अखिलेश यादव के समर्थन में प्रचार करेंगी ममता बनर्जी*

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के तुरंत बाद समाजवादी पार्टी (सपा) भाजपा को हराने के लिए अन्य दलों के साथ गठजोड़ की राजनीति में जुट गई है। इस कड़ी के तहत सपा को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का समर्थन मिलने जा रहा है। सूबे में होने होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन में जनसभाएं करेंगी। वहीं दूसरी ओर टीएमसी यूपी में एक सीट पर अपना उम्मीदवार उतारने जा रही है।

 

✒️ *उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 : अलीगढ़ में 38 प्रत्याशियों ने लिया नामांकन पत्र,शहर सीट से संजीव राजा ने खरीदा नामांकन पत्र,दो ने भरा नामांकन*

विधानसभा चुनाव के लिए सपा, बसपा, रालोद ने सभी सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए हैं। कांग्रेस को अभी छर्रा, खैर और इगलास में प्रत्याशी अभी उतारा है। भाजपा शहर सीट पर अभी प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं कर पाई है। वहीं अन्य दलों ने भी अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। प्रत्याशियों के नाम का एलान कर असर सोमवार को देखा गया भी गया। सोमवार को विभिन्न दलों के 38 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे। वही शहर सीट से विधायक संजीव राजा ने भी नामांकन पत्र खरीदा है,जबकि विधानसभा बरौली से निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र कुमार वर्मा और छर्रा से बसपा प्रत्याशी तिलकराज यादव ने नामांकन भी किया।

 

✒️ *आम आदमी पार्टी ने यूपी में चुनाव प्रचार के लिए लांच किया कैंपेन सॉन्ग*

आम आदमी पार्टी ने यूपी में चुनाव प्रचार के लिए ‘यूपी का कचरा साफ करने आया है, यहां भी केजरीवाल का झाड़ू छाप आया है, पहली पहली बार झाडू छाप आया है’ गीत को लांच किया। इस गीत को आम आदमी पार्टी के बिहार के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लोकेश सिंह ने तैयार किया है और स्वर मशहूर गायिका अंतरा ने दिये हैं।प्रेस कांफ्रेस के दौरान आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने इस गीत को लांच किया। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन से लेकर परिवर्तन की कोई भी लड़ाई पूरी दुनिया में लड़ी गई तो उसमें गीतों का बड़ा रोल रहा। गीतों के जरिये अपनी बात जनता तक पहुंचाने का एक बड़ा ही अच्छा तरीका समय-समय पर आंदोलनों ने इस्तेमाल किया।इसके बोल हैं ‘यहां भी केजरीवाल का झाड़ू छाप आया है, पहली-पहली बार झाडू छाप आया है’ इस गीत का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी जनता तक अपने संदेश को पहुंचाने में करेगी। इस गीत में बिजली की बात, शिक्षा की बात, बेरोजगारी भत्ता की बात, एक हजार रुपये माताओं-बहनों की योजनाओं की बात की गई है।

 

✒️ *उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव कामयाबी के लिए इस बार नए नुस्खे आजमा रही कांग्रेस, मतदाताओं को लुभाने के लिए लगाए ये दांव*

उत्तर प्रदेश की सत्ता से तीन दशक से ज्यादा समय से दूर रही कांग्रेस प्रयोगों के सहारे अपने सुनहरे अतीत के गलियारे में दाखिल होने के लिए प्रयासरत है। पिछले विधानसभा चुनाव से जारी यह प्रयोग प्रदेश कांग्रेस संगठन में फेरबदल के स्तर पर हुए और मतदाताओं को लुभाने के लिए पार्टी की गतिविधियों में भी झलके।राजनीति को जाति-धर्म की बेड़ियों से मुक्ति दिलाने के लिए इस बार चुनावी संग्राम में ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का युद्धघोष करने वाली कांग्रेस ने पिछले विधानसभा चुनाव में ’27 साल यूपी बेहाल’ का नारा दिया था। यह नारा चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर की देन था जो पिछले विधान सभा चुनाव में कांग्रेस और सपा के गठबंधन के सूत्रधार भी थे। इस नारे के साथ अपनी चुनावी जमीन पुख्ता करने के लिए कांग्रेस ने तब यात्राओं की माला जपी थी। इनमें मुख्य रूप से देवरिया से दिल्ली किसान यात्रा प्रमुख थी जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुआई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने 3500 किलोमीटर की दूरी नापी। दलितों को साधने के लिए भीम ज्योति यात्रा निकाली गई तो शिक्षा, सम्मान और स्वाभिमान यात्रा भी आयोजित हुई। एक नया प्रयोग करते हुए प्रदेश के चार दर्जन जिलों में खाट सभाओं का भी आयोजन हुआ था। संपर्क संवाद और रोड शो जैसी गतिविधियां भी जारी रहीं।

 

✒️ *अन्न हाथ में लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने लिया भाजपा को यूपी चुनाव 2022 में हराने का संकल्प*

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पार्टी के कार्यालय में बेहद ही जुदा अंदाज में थे। लखीमपुर खीरी से आए किसान तेजिंदर सिंह विर्क के साथ मीडिया को संबोधित करने के दौरान अखिलेश यादव ने हाथ में अन्न लेकर भारतीय जनता पार्टी को हराने तथा हटाने का संकल्प लिया।अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में हमारी पार्टी की सरकार बनने पर सभी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू होने के साथ शपथ लेने के 15 दिन में ही सभी किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान कराया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि लखीमपुर खीरी की हिंसा में तेजिंदर सिंह विर्क को भी गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया गया है। हमारी सरकार बनने पर हम इनका सम्मान करेंगे। इसके साथ ही किसानों के खिलाफ दर्ज सभी केस को वापस लेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि हम तो किसानों को सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त करने के साथ ही साथ ब्याज मुक्त लोन तथा किसानों के लिए बीमा एवं पेंशन की व्यवस्था भी करेंगे। उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए बड़े-बड़े षडयंत्र और साजिश की जा रही हैं। हमारे परिवार की हमसे ज़्यादा चिंता भाजपा को है। हमारा घोषणा पत्र भाजपा के घोषणा पत्र के बाद आएगा।

 

✒️ *मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का निर्देश, 23 को सुव्यवस्थित रूप में हो यूपी टीईटी-2021 का आयोजन*

उत्तर प्रदेश सरकार ने 23 जनवरी को आयोजित की जाने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी-2021) की सभी तैयारी पूरी कर ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश भी दिया कि 23 जनवरी को प्रस्तावित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के सुव्यवस्थित आयोजन के संबंध में पुख्ता तैयारियां कर ली जाएं।मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी केन्द्र पर कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन हो। प्रदेश में हर केन्द्र पर मास्क के साथ सैनिटाइजर, इंफ्रारेड थरमामीटर की उपलब्धता होनी चाहिए। इसके साथ ही इस बार भी परीक्षा केन्द्र निर्धारण में संस्थान के पिछले रिकार्ड को जरूर देखें। सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट कहा कि दागी या संदिग्ध छवि वाले संस्थानों को केन्द्र कतई न बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी भी समय है। इस परीक्षा की शुचिता के दृष्टिगत अपर मुख्य सचिव गृह और एडीजी कानून-व्यवस्था, प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा के साथ जिलाधिकारियों, बेसिक शिक्षा अधिकारियों व परीक्षा आयोजन से जुड़े अन्य अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर सभी प्रकार की व्यवस्थाओं की पड़ताल करें।

 

✒️ *शिवपाल सिंह यादव की अपर्णा यादव को सपा के साथ रहने की सलाह, साइकिल के चिह्न पर लड़ेंगे शिवपाल*

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान से पहले तमाम उठापटक और अटकलों के बीच में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने छोटी बहू अपर्णा यादव को कड़ी नसीहत के साथ सलाह भी दी है। इंटरनेट मीडिया पर अपर्णा यादव के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की खबरों के बीच में ही शिवपाल सिंह यादव ने उनको फिलहाल समाजवादी पार्टी के लिए काम करने की सलाह दी है।प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल सिंह यादव ने सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलों पर मोर्चा संभाल लिया है। शिवपाल सिंह यादव ने अपर्णा यादव को फिलहाल तो समाजवादी पार्टी में ही रहने की सलाह दी है।शिवपाल सिंह यादव ने अपर्णा यादव को नसीहत देते हुए कहा कि पहले अपर्णा यादव समाजवादी पार्टी के लिए काम करें। काम करने के बाद फिर कोई उम्मीद करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अपर्णा यादव को अभी समाजवादी पार्टी में ही रहना चाहिए। इससे पहले समाजवादी पार्टी उनको लखनऊ कैंट से चुनाव भी लड़ा चुकी है। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने उनके लिए प्रचार भी किया था। कम से कम इन सब बातों को तो उनको ध्यान में रखना ही चाहिए।

 

✒️ *आयोग ने लिया बड़ा फैसला, आगे बढ़ाई गई पंजाब विधानसभा के चुनाव की तारीख, अब 20 फरवरी को होगा मतदान*

चुनाव आयोग पंजाब विधानसभा के चुनाव की नई तारीख की घोषणा कर दी है। अब पंजाब में चुनाव 20 फरवरी को होगा। पंजाब में विधानसभा चुनाव टालने की अपील राज्‍य की विभिन्‍न राजनीतिक पार्टियों जिसमें सत्‍ताधारी कांग्रेस पार्टी और सूबे के सीएम चरनजीत सिंह चन्‍नी, भाजपा और पंजाब लोक कांग्रेस ने की थी। अब इस पर चुनाव आयोग की भी मुहर लग गई है। इन सभी पार्टियों ने चुनाव आयोग से गुहार लगाई थी कि रविदास जयंती के मद्देनजर राज्‍य की विधानसभा के लिए होने वाले चुनाव को 14 फरवरी से आगे बढ़ा दिया जाए। पंजाब की सभी राजनीतिक पार्टियों की निगाहें आज चुनाव आयोग के फैसले पर टिकी हुई थीं।गौरतलब है कि सूबे की सत्‍ताधारी पार्टी समेत भाजपा और पंजाब लोक कांग्रेस की तरफ से इस संबंध में चुनाव आयोग को पत्र लिखकर अपील की गई थी। सूबे के सीएम चरनजीत सिंह चन्‍नी ने अपील की है कि चुनाव की तारीख को कम से कम छह दिनों के लिए आगे कर देना चाहिए।भाजपा के महासचिव की तरफ से चुनाव आयोग को लिखे गए एक पत्र में कहा गया है कि 16 फरवरी को गुरु रविदास जयंती है। राज्‍य की करीब 32 फीसद आबादी गुरु रविदास को पूजती है। सूबे से हर वर्ष अधिकतर लोग इस शुभ अवसर पर वाराणसी जाते हैं। ऐसे में अधिकतर लोग सूबे के चुनाव में हिस्‍सा नहीं ले सकेंगे।

 

✒️ *चुनावी राज्‍यों में किन विभागों के कर्मचारियों को मतदान के लिए मिलेगी पोस्टल बैलेट की सुविधा, निर्वाचन आयोग ने जारी की लिस्‍ट*

भारतीय चुनाव आयोग ने पंजाब में 14 फरवरी को गुरु रविदास जयंती का हवाला देते हुए राजनीतिक दलों के अनुरोध के बाद मतदान की तारीख बदलकर 20 फरवरी कर दी। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग ने आवश्यक सेवाओं में काम करने वाले उन व्यक्तियों की सूची जारी की है जो पांच राज्यों में पोस्टल बैलेट के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव में वोट डाल सकते हैं।आयोग ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए सूचना और जनसंपर्क विभाग, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग (आपातकालीन, एम्बुलेंस सेवा), डाक विभाग, यातायात विभाग, रेलवे, बिजली विभाग, नागरिक उड्डयन विभाग, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल निगम में कार्यरत व्यक्तियों को पोस्टल बैलेट के जरिए वोट डालने की अनुमति दी है। आयोग के मुताबिक दूरदर्शन, ऑल इंडिया रेडियो और भारत संचार निगम लिमिटेड में काम करने वाले कर्मियों को भी डाक मतपत्र के माध्यम से अपना वोट डालने को मंजूरी दी है।

 

✒️ *सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद, सेंसेक्स 86 अंक चढ़ा, निफ्टी 18300 के पार*

सोमवार को शेयर बाजार हरे निशान पर खुला और दिनभर के उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद अंत में बढ़त के साथ बंद हुआ। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 86 अंक की तेजी के साथ 61,309 के स्तर पर बंद हुआ। इसके साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 18,300 के स्तर के पार पहुंचकर बंद हुआ। कारोबार के अंत में निफ्टी 52 अंक की बढ़त के साथ 18,308 के स्तर पर बंद हुआ।इससे पहले सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बीच शेयर बाजार की शुरुआत हरे निशान पर हुई थी। सेंसेक्स 52 अंक उछलकर खुला था, जबकि एनएसई के निफ्टी ने 30 अंक की तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत की थी। शेयर बाजार खुलने के साथ लगभग 1674 शेयरों में तेजी आई थी, जबकि 657 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई थी। बता दें कि बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार लाल निशान बंद हुआ था। सेंसेक्स 12 अंक टूटकर 61,223 के स्तर पर, जबकि एनएसई का निफ्टी 02 अंक या 0.01 फीसदी टूटकर 18,256 के स्तर पर बंद हुआ था।

 

✒️ *क्वार्सी क्षेत्र में पैदल जा रहे युवक को ट्रक ने रौंदा मौके पर मौत*

थाना क्वारसी क्षेत्र के मोहल्ला जमालपुर मौलाना आजाद नगर निवासी सलीम (36 वर्षीय) पुत्र कल्लू ने कई वर्ष पूर्व दूसरा मकान भुजपुरा कोतवाली क्षेत्र में लिया था रविवार की रात्रि 10 बजे पैदल ही मौलाना आजाद नगर से भुजपुरा अपने मकान पर जा रहा था जैसे ही वह देहली गेट चौराहे पर पहुंचा ही था कि तभी ट्रक ने उसे रौंद दिया, हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना होते ही काफी संख्या में आसपास के लोग एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, मृतक अपने पीछे पत्नी सलमा तीन बेटे दो बेटों को को रोते बिलखते हुए छोड़कर चला गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

 

✒️ *गृह क्‍लेश से तंग आकर चकबंदी पेशकार ने की आत्महत्या*

अतरौली तहसील में चकबंदी पेशकार ने गृह क्लेश के चलते फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंचर पुलिस ने शव को फंदे से उतारते हुए अपने कब्जे में ले लिया और शव का पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। सूचना पाकर स्वजन भी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। जहां उनका रो रोकर बुरा हाल था।तहसील में चकबंदी पेशकार के पद पर तैनात 55 वर्षीय सुभाष सिंह निवासी शिकोहाबाद नगर के मोहल्ला नई तहसील निवासी लाल सिंह के मकान में किराए के कमरे में रहते थे। वह अतरौली में चकबंदी विभाग में वर्ष 2018 से पेशकार के रूप में कार्य कर रहे थे। मकन मालिक सोमवार के तड़के ऊपर की छत पर घूमने गए तो उनकी नजर वहां स्थित कमरे में पड़ी। जहां पेशकार का शव कमरे में लगे कुंदे पर रस्सी के द्वारा लटका हुआ था। जिसपर उन्होंने कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना देते हुए मौके पर बुला लिया। पुलिस ने शव को फंदे से उतारते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई। जिसपर वह पोस्टमार्टम हाउस अलीगढ़ पहुंच गए। जहां उनका रो रोकर बुरा हाल था।

 

✒️ *लोक स्वराज्य फिल्म यूनियन की उप्र इकाई का हुआ गठन*

देश में फिल्म व टीवी के क्षेत्र में कामगारों की प्रमुख यूनियन लोक स्वराज्य फिल्म एंड टेलीविजन ट्रेड यूनियन, मुम्बई के केंद्रीय नेतृत्व की सहमति पर उत्तर प्रदेश में इसको विस्तारित करते हुए प्रदेश कार्यकारिणी गठित की गयी है। उक्त जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश लोक स्वराज्य फिल्म एंड टीवी ट्रेड यूनियन के नवनिर्वाचित चेयरमैन पंकज धीरज व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत अशोकराव खानविलकर के निर्देश पर उत्तर प्रदेश इकाई की नव गठित कमेटी को स्वीकृति दे दी गयी है।उप्र अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि फिल्म व टीवी जगत से जुड़े लोगों को उप्र में कोई भी परेशानी होने नहीं दी जाएगी और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में हर सहयोग प्रदान किया जाएगा। वहीं, चेयरमैन पंकज धीरज ने बताया कि विभिन्न जनपदों से नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को संगठन व समाज के हित में शीघ्र ही वर्चुअल शपथ ग्रहण कराई जाएगी.उत्तर प्रदेश लोक स्वराज्य फिल्म एंड टीवी ट्रेड यूनियन के नवनियुक्त पदाधिकारियों में प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश कुमार, आदित्य उप्पल, धर्मेन्द्र गुप्ता, केएल अग्रवाल व भूपेन्द्र सिंह (हाथरस), प्रदेश सचिव अभिषेक कुमार निगम, डा. प्रभात दास गुप्ता व शिल्पी अनुज, प्रदेश उपसचिव कुलदीप सोनी, अर्चना फौजदार व आलोक शर्मा, प्रदेश तकरार निवारण प्रमुख अनुज श्रीवास्तव, उप तकरार निवारण प्रमुख जाकिर शेख, सीमा शर्मा, नीतेश शर्मा व ऊषा चंद्रा, प्रदेश सम्पर्क प्रमुख विनय गौतम, प्रदेश उप संपर्क प्रमुख चंचल चौहान, अंकुर कुमार, अवनेश कुमार व सुशील सिंह को शामिल किया गया है।

 

✒️ *लोधा क्षेत्र में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत*

थाना लोधा क्षेत्र के गांव मूसेपुर निवासी मुस्कान (30 वर्षीय) पत्नी हिमांशु के रविवार को पेट में दर्द हुआ था परिजनों ने गांव से ही मेडिकल स्टोर से दवा लाकर खिला दी लेकिन उसकी पीड़ा कम नहीं हुई परिजन आनन-फानन में महिला को निजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे जहां कुछ देर उपचार के बाद उसने दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है पति गांव में ही गौशाला में नौकरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना लोधा एसओ ने बताया कि कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

 

✒️ *शहर-विधानसभा ने शुरू किया चुनांव प्रचार*

शाहजमाल से शहर विधान सभा ने महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी और महानगर महासचिव मनोज यादव के नेतृत्व में शुरू किया शहर विधानसभा के प्रत्याशी जफर आलम का चुनाव प्रचार , जिसमे प्रत्याशी जफर आलम के बेटे अब्दुल्ला जफर,खान मौ० आसिफ , अब्दुल कादिर ,शाकिर कुरैसी,राजा कुरैसी,अनीस अंसारी,आरिफ कुरैसी व शहर विधान सभा के सभी पदाधिकारी व शाहजमाल की जनता मौजूद रही। बैठक का संचालन शहर विधान सभा अध्यक्ष मुराद बच्चन ने किया।

 

✒️ *आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए*

जिला निर्वाचन अधिकारी सेल्वा कुमारी जे. की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न कराने के लिए समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। डीईओ ने सभी रिटर्निंग आफिसर्स को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन पाया जाता है तो दलगत भावना से ऊपर उठकर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्यवाही की जाए। उन्होंने सभी एसडीएम एवं तहसीलदार को निरंतर सक्रिय रहते हुए लोगों से संवाद करने के भी निर्देश दिये। डीईओ ने निर्देशित किया कि पोस्टल बैलेट का कार्य समय से पूर्ण कर लिया जाए। जनपद में प्रथम चरण में मतदान होना है, नये वोटर्स को समय से एपिक कार्ड का वितरण सुनिश्ति किया जाए। इस कार्य में डाक विभाग के साथ-साथ बीएलओ से भी मदद ली जा सकती है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि प्रथम रैण्डमाइजेशन के उपरान्त मतदान कार्मिकों को ड्यूटी वितरित की जा रहीं हैं। पीठासीन अधिकारी एवं प्रथम मतदान अधिकारी का प्रशिक्षण 20 से 22 जनवरी तक कृष्णा इंटरनेशनल एवं विवेकानन्द इंजीनियरिंग कॉलेज में सम्पन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि विधानसभा निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न कराने के लिए जनपद में 303 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 21 जोनल मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गयी है, जिनका प्रशिक्षण 18 व 19 जनवरी को विकास भवन सभागार में विधानसभावार कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 3117 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 49 सहायक मतदेय स्थलों का बनाया जाना प्रस्तावित है, जिसे निर्धारित प्रारूप पर 21 जनवरी को समीक्षा के उपरान्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी को प्रेषित किया जाएगा। पोस्टल बैलेट की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अब तक जनपद के 1399 दिव्यांग एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के फार्म 12 डी प्राप्त हो गये हैं। बैठक में सभी आरओ उपस्थित रहे।

 

✒️ *नगर पंचायत जवां सिकंदरपुर ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल*

नगर पंचायत जवां सिकंदरपुर ने अधिशासी अधिकारी सुचेता अरोड़ा एवं प्रशासक ACM-2 सुधीर कुमार के नेतृत्व में जरूरतमंद लोगों को कंबल बांटे जिससे क्षेत्रवासियों ने प्रशासक एवं अधिशासी अधिकारी के कार्यों की प्रशंसा की।इस अवसर पर नगर पंचायत लिपिक सुभाष चंद्र कार्यालय सहायक पुष्पेंद्र कुमार सुपरवाइजर रामवीर सिंह सोनू कुमार जतिन उपाध्याय राजा मुरारी प्रेमचंद पिंकी देवी आदि समस्त स्टॉप मौजूद रहा।

 

✒️ *सोमवार को 67 समेत अब तक 1373 गौवंश किये गये संरक्षित*

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी चन्द्र वीर सिंह ने बताया है कि गौ संरक्षण अभियान निरन्तर प्रक्रिया में है क्षेत्र में जहां भी निराश्रित गौवंश पाया जाता है, तत्काल उसको संरक्षित करने की कार्यवाही की जा रही है। गौ संरक्षण अभियान के तहत अब तक 1373 गौवंशों को संरक्षित किया गया है। सीवीओ ने बताया कि सोमवार को विकासखण्ड जवां में 03, धनीपुर में 12, लोधा में 30, इगलास में 10, गोण्डा में 04 एवं खैर में 08 गौवंशों सहित कुल 67 गौवंशों को संरक्षित किया गया है। उन्होंने डीपीआरओ, बीडीओ, ग्राम पंचायत सचिवों से अपील की है कि अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में निराश्रित गौवंशों को संरक्षित कराते हुए अस्थायी गौवंश आश्रय स्थलों के भरण-पोषण के मांग पत्र भी समय से उपलब्ध करा दें।

 

✒️ *देहलीगेट चौराहे पर बेहोशी की हालत में मिले युवक की उपचार के दौरान मौत*

थाना दिल्ली गेट चौराहे के पास रविवार को एक 30 वर्षीय युवक बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ था जिसे देख वहां आसपास के लोग एकत्रित हो गए लेकिन वह कौन था इसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेहोशी की हालत में पड़े युवक को जिला मलखान सिंह अस्पताल में भर्ती कराया था जहां सोमवार की सुबह युवक ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार युवक जहरखुरानी का शिकार हुआ था। लेकिन उसकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है मृतक के शव को 72 घंटे के लिए पोस्टमार्टम की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक जींस की पैंट, ब्राउन कलर की जैकेट,सफेद कलर के मोजे पहने हुए हैं।

 

✒️ *ईवीएम-वीवीपैट का प्रशिक्षण 18 व 19 जनवरी को विकास भवन में*

उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया है कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी प्रकार के मजिस्ट्रेट्स को ईवीएम-वीवीपैट के संचालन के लिए विकास भवन सभागार में प्रशिक्षित किया जाएगा। विधानसभा वार ईवीएम-वीवीपैट के प्रशिक्षण के लिए विस्तृत जानकारी देते हुए बताया है कि खैर विधानसभा के लिए 18 जनवरी प्रातः 10ः30 से अपरान्ह 12ः30, बरौली विधानसभा के लिए 12ः30 से 2ः30, अतरौली विधानसभा के लिए 2ः30 से 4ः30 बजे तक जोनल, सेक्टर एवं रिजर्व सेक्टर मजिस्ट्रेट्स को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसी प्रकार 19 जनवरी को छर्रा विधानसभा के लिए प्रातः 10ः30 से अपरान्ह 12ः30, कोल एवं अलीगढ़ शहर विधानसभा के लिए 12ः30 से 2ः30, इगलास विधानसभा के लिए 2ः30 से 4ः30 बजे तक जोनल, सेक्टर एवं रिजर्व सेक्टर मजिस्ट्रेट्स को प्रशिक्षित किया जाएगा।

 

✒️ *आवश्यक सेवाओं में लगे सर्विस वोटर्स को मिलेगी डाक मतपत्र की सुविधा*

उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया है कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आवश्यक सेवाएं देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट की सुविधा प्रदान की गयी है। उन्होंने निर्वाचन कार्य में जरूरी सेवाओं में लगे विभागों को चिन्हित करते हुए सूचना विभाग, स्वास्थ्य विभाग, डाक विभाग, यातायात विभाग, रेलवे, विद्युत विभाग, सिविल एविएशन, मेट्रो रेल कारपोरशन, दूरदर्शन, ऑल इण्डिया रेडियो एवं भारत संचार निगम लिमिटेड के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऐसे कर्मचारी जो 10 फरवरी को मतदान दिवस के दिन अपनी सेवाएं देने के कारण मतदान करने में अपने को असमर्थ पा रहे हैं, वह अपना विवरण फार्म-12 डी में भरकर सम्बन्धित रिटर्निंग आफिसर के पास तत्काल जमा कर दें। उन्होंने बताया कि ऐसे कर्मचारियों को डाक मतपत्र की सुविधा प्रदान की जाएगी। श्री पटेल ने बताया कि फार्म-12 डी का प्रारूप जिला निर्वाचन अधिकारी अलीगढ़ की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।

 

✒️ *646 पव्वा अवैध देसी शराब सहित एक अभियुक्त गिरफ्तार कर भेजा जेल*

टप्पल थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस टीम अवैध शराब का कारोबार करने वाले अभियुक्तों की धरपकड़ में लगी हुई थी इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर गांव फतेहपुर मोड़ से 646 हुआ मस्ताना मार का हरियाणा देसी अवैध शराब सहित एक अभियुक्त अनुज पुत्र सतपाल निवासी लालपुर थाना टप्पल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

*

 

 

*अनुच्छेद 370 को हटाने, अयोध्या में राम मंदिर बनवाने, हर ग्रामीण के घर शौचालय व नल से जल पहुंचाने के कामों से जो लोग खुश नहीं है उन्हें उत्तर प्रदेश के चुनाव में भाजपा को हराना चाहिए।

 

उत्तर प्रदेश में योगी हारे तो 2024 में मोदी को हराना भी आसान होगा। लेकिन सीएए, कृषि कानूनों के विरोध को लेकर रास्ते जाम नहीं होने चाहिए।

===============

लोकतंत्र का यही मतलब होता है कि आम किसी दल की सरकार से न खुश हैं तो चुनाव में उस दल की सरकार को हरा दें। इन दिनों जिन पांच राज्यों में विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं, इनमें सबसे महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश के चुनाव हैं। राजस्थान में विधानसभा की 200 सीटें हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 403 सीटें हैं। इसी से यूपी के चुनावों का महत्व समझा जा सकता है। वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश की अनेक पुरानी समस्याओं का समाधान हुआ है। इनमें जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने और अयोध्या में राम मंदिर बनवाने के फैसले सबसे महत्वपूर्ण है। 370 की वजह से जहां जम्मू कश्मीर में आतंकवाद पनपा, वहीं राम मंदिर के लिए हजारों लोगों ने बलिदान दिया। हो सकता है कि इन फैसलों से कुछ लोग खुश नहीं हो। ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर में शौचालय बनवाने और नल से जल पहुंचाने का कार्य भी मोदी सरकार ने किया है। विकास के ऐसे कार्यों से भी कुछ लोग नादान हो सकते हैं। मोदी सरकार की नीतियों से नाराज लोगों को अब एकजुट होकर उत्तर प्रदेश के चुनाव में भाजपा को हराना चाहिए। पहले दिल्ली में सीएए और फिर कृषि कानूनों के विरोध में कुछ लोगों ने रास्ते जाम किए। इससे आम लोगों को भारी परेशानी हुई। लेकिन मोदी सरकार से नाराज लोगों ने आम लोगों की परेशानियों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। ऐसे लोगों का मकसद सिर्फ मोदी सरकार का विरोध करना था। जबकि लोकतंत्र में रास्ते जाम करने की कोई गुंजाइश नहीं होती है, क्योंकि लोकतंत्र में चुनाव प्रणाली से सरकारों को हटाया जा सकता है। जनविरोधी नीतियों के कारण ही कांग्रेस को केंद्र की सरकार गंवानी पड़ी है। मोदी सरकार की नीतियों से न खुश लोगों के पास उत्तर प्रदेश का चुनाव एक सुनहरा अवसर है। यूपी चुनाव में भाजपा को हरा कर योगी आदित्यनाथ को तो मुख्यमंत्री के पद से हटाया ही जा सकता है, साथ ही 2024 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को हराना आसान होगा। न खुश लोगों को लोकतंत्र में चुनाव का हथियार के तौर पर इस्तेमाल करना चाहिए। जो लोग चुनाव में हार जाते हैं और सड़क पर बैठ कर धरना प्रदर्शन करते हैं वे एक तरह से लोकतंत्र विरोधी कार्य ही करते हैं। लोकतंत्र का मतलब यही है कि जनता जिसे चाहती है उस दल की सरकार बनती है। अब यदि उत्तर प्रदेश में जनता फिर से भाजपा को वोट देकर योगी आदित्यनाथ को ही मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है तो फिर धरना प्रदर्शन करने वालों को अपनी स्थिति पर विचार करना चाहिए। हालांकि अखिलेश यादव इस बात का पूरा प्रयास कर रहे हैं कि मोदी विरोधियों को एकजुट कर विधानसभा का चुनाव जीत लिया जाए। इसके लिए वे सीएए और दिवंगत हो चुके कृषि कानूनों के विरोधियों का पूरा सहारा ले रहे हैं। यह बात अलग है कि ऐसे गठबंधन अखिलेश ने 2017 के विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी किए थे, लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता ने नरेंद्र मोदी की नीतियों का ही समर्थन किया। उत्तर प्रदेश की जनता क्या चाहती है, इसका पता 10 मार्च को लग जाएगा।