✒️ *मुख्यमंत्री योगी का आदेश : क्रिसमस व नए साल के जश्न पर बरती जाए सख्ती, कोविड प्रोटोकॉल के पालन में न बरते लापरवाही*
भारत में कोविड मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्रिसमस और नए साल के जश्न पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराया जाए। सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क को अनिवार्य किया जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रेस, टेस्ट व ट्रीट की रणनीति से कोविड को नियंत्रित करने में कामयाबी मिली है। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों जैसे मॉल, सिनेमाघर, होटल, कैफे व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अधिक सतर्कता बरती जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के डेल्टा व ओमिकॉन वैरिएंट को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी डीएम को अलर्ट किया जा चुका है। उन्होंने निर्देश दिया है कि यूपी की सीमाओं पर सुरक्षा व सतर्कता के दायरे को बढ़ाते हुए प्रदेश में आने वाले हर यात्री की जांच की जाए। टीकाकरण की गति बढ़ाई जाए। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम के सुझावों को ध्यान में रखते हुए सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों में नई गाइडलाइन के तहत सभी इंतजामों को पुख्ता करे
✒️ *ओमिक्रॉन एलर्ट:कोरोना की चौथी लहर से गुजर रही दुनिया! ओमिक्रॉन के मामले 358 होने पर बोली सरकार*
भारत में कोरोना वायरस के साथ-साथ ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिली है। अब तक देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 358 मामले सामने आ चुके हैं।राहत की बात है कि इनमें से 114 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। देश में ओमिक्रॉन के अभी तक जितने भी केस सामने आए हैं उनमें से अधिकतर ने विदेश की यात्रा की थी। सरकार ने सतर्क करते हुए कहा कि विश्व में चौथी बार कोविड मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कोरोना के मामले एक बार फिर से पीक पर हैं। 23 दिसंबर को पूरी दुनिया में एक दिन में कोरोना वायरस के 9,64,000 मामले सामने आए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने बताया कि 183 ऑमिक्रोन मामलों का विश्लेषण किया गया है जिसमें से 121 ने विदेश की यात्रा की थी। 44 विदेश नहीं गए थे लेकिन ज्यादातर के कॉन्टैक्ट ने विदेश यात्रा की थी। 183 में से 87 लोगों ने कोविड की दोनों डोज़ ली थी। जबकि तीन लोग ऐसे थे जो बूस्टर डोज भी ले चुके थे। देश के 20 ज़िले ऐसे हैं जहां केस पॉजिटिविटी रेट 5-10 फीसदी है। इनमें से 9 केरल में और 8 मिजोरम में हैं। 2 जिले ऐसे हैं जहां केस पॉजिटिविटी 10 फीसदी से ज्यादा है, ये 2 ज़िले मिजोरम में हैं।
✒️ *कोरोना एलर्ट:उत्तर प्रदेश में बढ़ रहा कोरोना वायरस संक्रमण, बीते 24 घंटे में मिले 49 नए संक्रमित:अब सक्रिय 266 केस*
विश्व के साथ भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के ओमिक्रोन वैरिएंट के बढ़ते मामले के साथ उत्तर प्रदेश में तीसरी लहर की गति भी तेज होने लगी है। प्रदेश में सरकार के ट्रैकिंग, टेस्टिंग तथा ट्रीट पर फोकस करने के कारण ही केस पकड़ में भी आ रहे हैं। बीते 24 घंटे में प्रदेश में 49 नए संक्रमित मिले हैं। गुरुवार को नए केस की संख्या 31 थी। राज्य के 37 जिलों में कोविड का एक भी केस नहीं है। सीएम योगी ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए ट्रेसिंग, टेस्टिंग, ट्रीटमेंट और टीकाकरण पर फोकस बनाये रखने पर जोर दिया है।उत्तर प्रदेश में टेस्टिंग की गति काफी तेज है। बीते 24 घंटों में एक लाख 91 हजार 428 सैम्पल की जांच में कुल 49 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 12 लोग ठीक होकर इसके संक्रमण से मुक्त हुए हैं। अब प्रदेश में कुल एक्टिव कोविड केस की संख्या 266 है, जबकि 16 लाख 87 हजार 657 लोग कोरोना संक्रमण को मात दे चुके हैं। प्रदेश में शुक्रवार को 37 जिलों में एक भी कोविड संक्रमित शेष नहीं है।
✒️ *विधानसभा चुनाव-2022:मुख्य निर्वाचन आयुक्त का 28 से तीन दिनी यूपी का दौरा, हो सकता है इलाहाबाद हाईकोर्ट के सुझाव पर विचार*
भारत में 2022 में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है। कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ने की संभावना के बीच में चुनाव की तैयारी के लिए उत्तराखंड के एक दिन के दौरे के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त अपनी टीम के साथ 28 दिसंबर से उत्तर प्रदेश के तीन दिन के दौरे पर रहेंगे। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामले देख प्रधानमंत्री से विधानसभा चुनाव टालने का अनुरोध भी किया है। माना जा रहा है निर्वाचन आयोग की टीम के उत्तर प्रदेश के दौरे में इस पर भी विचार हो सकता है। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा कि अगले हफ्ते टीम उत्तर प्रदेश का दौरा करेगी। इस दौरान स्थिति को लेकर समीक्षा की जाएगी और इसके बाद उचित निर्णय लिया जाएगा। उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी परखने निर्वाचन आयोग की टीम 28 से 30 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेगी। चुनाव आयोग वर्ष 2022 की शुरुआत में जिन पांच राज्यों में चुनाव होने हैं उनमें पंजाब, गोवा के साथ उत्तराखंड की समीक्षा कर चुका है। अब आयोग उत्तर प्रदेश की चुनाव तैयारियां परखने आ रहा है।मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा, चुनाव आयुक्त राजीव कुमार व अनूप चन्द्र पांडेय 28 दिसंबर को लखनऊ पहुंच रहे हैं। आयोग शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव के लिए की गई तैयारियों के बारे में अफसरों से जानकारी लेगा।पहले दिन 28 को आयोग राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जानकारी लेगा। दूसरे दिन 29 दिसंबर को कमिश्नर, डीएम, आइजी, डीआइजी, एसएसपी, एसपी आदि अफसरों के साथ बैठक कर निष्पक्ष चुनाव की तैयारियों को देखेगा। अंतिम दिन यानि 30 दिसंबर को प्रदेश के मुख्य सचिव व डीजीपी सहित प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक होगी। इसी दिन चुनाव आयोग पत्रकार वार्ता कर स्थिति की जानकारी देगा।
✒️ *उत्तर प्रदेश के 396 में से 45 विधायक नहीं लड़ पाएंगे विधानसभा चुनाव? एडीआर ने रिपोर्ट जारी कर बताई वजह*
उत्तर प्रदेश के मौजूदा 396 में से 45 विधायकों के चुनाव लड़ने पर संशय है। एसोसिएट डेमोक्रेटिक रिफार्म (एडीआर) की जारी रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है कि मौजूदा 45 विधायकों पर एमपी-एमएलए कोर्ट में आरोप तय हो गए हैं। आरपी अधिनियम (रिप्रेजेन्टेशन ऑफ पीपुल एक्ट/लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम) 1951 की धारा 8(1), (2) और (3) के तहत सूचीबद्ध अपराधों में ये आरोप तय हुए हैं। इन मामलों में न्यूनतम छह महीने की सजा होने पर ये विधायक चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। एडीआर ने यह रिपोर्ट पहली बार जारी की है।यह महत्वपूर्ण इसलिए है कि सजा काटने और रिहाई के छह साल बाद तक विधायक चुनाव नहीं लड़ सकते। हालांकि चुनाव लड़ने की पात्रता या अपात्रता तय करने का अधिकार केन्द्रीय चुनाव आयोग के पास है। एडीआर के मुख्य समन्वयक डा संजय सिंह ने रिपोर्ट जारी करते हुए कहा कि इनमें भाजपा के 32, सपा के पांच, बसपा व अपना दल के 3-3 और कांग्रेस व अन्य दल का एक-एक विधायक शामिल है। इन 45 विधायकों के खिलाफ आपराधिक मामले लंबित रहने की औसत संख्या 13 वर्ष है।•32 विधायकों के खिलाफ दस साल या उससे अधिक समय से कुल 63 आपराधिक मामले लंबित हैं। इस सूची में टॉप पर मड़िहान विधानसभा से भाजपा विधायक रमाशंकर सिंह, दूसरे स्थान पर बसपा के मऊ से मुख्तार अंसारी, तीसरे स्थान पर धामपुर से भाजपा विधायक अशोक कुमार राना हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का नाम भी इस सूची में शामिल है।आरोप तय होने और तयशुदा सजा मिलने के बाद चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित किए जाने का नियम पहले से है लेकिन अभी तक विभिन्न कोर्टों में मामले चलते रहते थे। ज्यादातर जगहों पर अपराध तय होने को टाला जाता था और लम्बे समय तक मुकदमे चलने के बाद भी आरोप तय नहीं हो पाते थे। रमा शंकर सिंह एक ऐसा नाम है जिन पर 27 साल से मुकदमा चल रहा है लेकिन आज तक आरोप तय नहीं हो पाए। मुख्तार असांरी पर 26 वर्ष से, अशोक राना पर 25 वर्ष, संजीव राजा पर 24 वर्ष, कारिंदा सिंह पर 23 साल से मुकदमें चल रहे हैं लेकिन आरोप तय नहीं हो पाए। वहीं सूचनाओं को छिपाया भी जाता था मसलन किसी कोर्ट में अपराध तय भी हो गया तो उम्मदीवार उसे छुपा लेते थे। लेकिन 2018 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद एमपी-एमएलए कोर्ट की स्थापना हुई और यहां तीन सालों की अवधि में ही इन विधायकों पर आरोप तय कर लिए गए। एडीआर और यूपी इलेक्शन वॉच के मुख्य समन्वयक संजय सिंह ने बताया, मैं राजनीतिक दलों से अपील करता हूं कि वे इन विधायकों को टिकट न दे। हमने सिफारिश की है कि जघन्य अपराधों में आरोप सिद्ध होने के बाद चुनाव लड़ने पर स्थायी तौर से रोक लगाई जाए।
✒️ *ओमिक्रोन संक्रमण के बीच दिल्ली में कोरोना विस्फोट, एक दिन में सामने आए 180 मामले*
ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थिति यह है कि पिछले 24 दिनों में संक्रमण दर चार गुना बढ़ चुकी है। इस वजह से संक्रमण दर 0.29 प्रतिशत पहुंच गई है। इस वजह से आज दिल्ली में कोरोना के 180 नए मामले आए, जो करीब सवा छह माह (191 दिनों) में सबसे अधिक है। कोरोना के ये बढ़ते मामले गंभीर खतरे का संकेत दे रहे हैं। इससे पहले 16 जून को दिल्ली में कोरोना के 212 मामले आए थे। तब संक्रमण दर 0.27 प्रतिशत थी। पिछले 24 घंटे में 82 मरीज ठीक हुए हैं। राहत की बात यह है कि पिछले 24 घंटे में कोरोना से एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। कोरोना के मामले बढ़ने के कारण सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़ती जा रहा है। इस वजह से सक्रिय मरीजों की संख्या 750 से अधिक हो गई है। ऐसे में यदि कोरोना के मामले बढ़ने से सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़ती रही तो मुश्किलें ज्यादा बढ़ सकती है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दिल्ली में कोरोना के अब तक 14 लाख 42 हजार 813 मामले आ चुके हैं। जिसमें से 14 लाख 16 हजार 928 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक मृतकों की कुल संख्या 25,103 है।
✒️ *उत्तर प्रदेश में 2022 में सपा सरकार बनी तो सस्तों दरों पर दी जाएगी बिजली: अखिलेश यादव*
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी की सरकार बनने पर खेती, घरेलू इस्तेमाल और उद्योगों के लिए सस्ती दरों पर बिजली दी जाएगी। सपा प्रमुख ने ट्वीट किया, सपा सरकार में एटा व अन्य जिलों में प्रस्तावित बिजली के कारखाने अगर बन गये होते तो आज यूपी के लोगों को देश की सबसे महंगी बिजली नहीं खरीदनी पड़ती। उन्होंने ट्वीट में कहा कि सपा की सरकार बनने पर खेती, घरेलू इस्तेमाल और उद्योगों को नियमित और सस्ती दरों पर बिजली दी जाएगी।
✒️ *यूपी टीईटी-2021 की 23 जनवरी को होने वाली परीक्षा में बदलेगा अभ्यर्थियों का केन्द्र और अनुक्रमांक*
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2021 (यूपी टीईटी-2021) की 23 जनवरी को होने वाली परीक्षा में अभ्यर्थियों को बदलाव से भी गुजरना पड़ेगा। 28 नवंबर को पेपर इंटरनेट मीडिया पर आउट होने के बाद परीक्षा की सुचिता बरकरार रखने को परीक्षा नियामक आयोग कड़े कदम उठा रहा है।शासन ने परीक्षा नियामक आयोग को निर्देश दिया है कि अभ्यर्थियों को नए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की व्यवस्था करें। किसी भी अभ्यर्थी को पुराने एडमिट कार्ड से एग्जाम सेंटर में एंट्री नहीं दी जाएगी। सभी जिलों में अभ्यर्थियों के परीक्षा केन्द्र भी बदलने का निर्देश दिया है। शासन के निर्देश पर परीक्षा नियामक आयोग ने 12 जनवरी 2022 से सभी अभ्यर्थियों को नया प्रवेश पत्र डाउनलोड करने का इंतजाम कर लिया है। इसके साथ ही इसी 27 दिसंबर तक परीक्षा केंद्रों की सूची एनआईसी लखनऊ को प्रेषित करने का निर्देश दिया गया है। जारी नोटिफिकेशन के अनुसार 23 जनवरी को होने वाली यूपी टीईटी 2021 परीक्षा का रिजल्ट 25 फरवरी 2022 को घोषित किया जाएगा।
✒️ *उत्तर प्रदेश के किसानों को नए साल पर योगी सरकार की तरफ से मिलेगा बड़ा उपहार*
उत्तर प्रदेश के किसानों को नए साल में बड़ा उपहार मिल सकता है। योगी सरकार लघु सिंचाई विभाग की दर्जनों योजनाओं को जल्द शुरू कराने जा रही है।सरकार ने 122 करोड़ की लागत से चेकडैम व तालाब तैयार कराएं हैं। साथ ही 100 करोड़ की 227 नई परियोजनाओं की शुरुआत होगी। इन योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अगले दस दिन में कराने की तैयारी है।उत्तर प्रदेश सरकार का दावा है कि 122 करोड़ से लघु सिंचाई विभाग की लगभग 354 योजनाओं का काम पूरा हो चुका है। बुंदेलखंड सहित प्रदेश के 391 गांवों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। बुंदेलखंड पैकेज से ही 33 करोड़ की लागत से चैकडैम तैयार कराए गए हैं। इसी पैकेज में करीब 50 करोड़ की लागत से तैयार तालाब निर्माण और जीर्णोद्धार की 126 योजनाएं भी शामिल हैं।लगभग 100 करोड़ की लागत से 227 नई लघु सिंचाई योजनाओं की शुरुआत भी सरकार कर सकती है। इन योजनाओं से 257 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। इनमें जिला योजना के तहत प्रदेश भर में करीब 53 करोड़ की लागत से 139 चैकडैमों का निर्माण व लगभग 30 करोड़ की लागत से 88 तालाबों का निर्माण और जीर्णोद्धार कराया गया है।गौरतलब है कि यूपी में गहराते भूजल संकट को दूर करने के लिए लघु सिंचाई विभाग ने तेजी से कार्य कराया है। वर्षा जल का संचयन, सतही जल के कम उपभोग के साथ जल संरक्षण की विधाओं को प्रोत्साहित करके भूजल संवर्धन के बड़े प्रयास किए गए हैं। सरकार किसानों को सिंचाई की सुविधाओं से संपन्न कर खेती-किसानी के साथ प्रदेश आगे बढ़ाना चाहती है।
✒️ *उत्तर प्रदेश में सहायक अध्यापक भर्ती में छूटे छह हजार पदों पर होगी नियुक्ति, 28 को जारी होगी चयनित की सूची*
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग में 69000 सहायक शिक्षकों की भर्ती में छूटे छह हजार पद पाने के लिए संघर्ष कर रहे अभ्यर्थियों की सीएम योगी आदित्यनाथ से भेंट का बड़ा असर हो गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ से इनको भर्ती का आश्वासन मिलने के बाद अब 28 दिसंबर को चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी होगी। इतना ही नहीं इन सभी को छह जनवरी 2022 को नियुक्ति पर भी जारी कर दिया जाएगा। सरकार नई भर्ती के स्थान पर उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को रिक्त पदों पर समायोजित करेगी।बेसिक शिक्षा विभाग 17000 पदों के लिए नया विज्ञापन जारी करेगा, जिसमें सभी अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। बेसिक शिक्षा मंत्री डा. सतीश द्विवेदी ने स्वीकारा कि 69000 शिक्षक भर्ती में गड़बड़ी हुई थी, लगभग 6000 पदों पर आरक्षित वर्ग के उन अभ्यर्थियों को अगले माह नियुक्ति मिलेगी, जो आरक्षण में विसंगति होने पर भर्ती की चयन सूची से बाहर हो गए थे।उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा परिषद की 69 हजार सहायक अध्यापक भर्ती के तहत छूटे हुए छह हजार पदों पर अब भर्ती की जाएगी। इन छह हजार पद पर अभ्यर्थियों के चयन की सूची 28 दिसम्बर को जारी की जाएगी। इसके बाद जरूरी औपचारिकता पूरी करने के बाद इन सभी छह हजार को छह जनवरी 2022 को नियुक्ति पत्र भी जारी किया जाएगा। बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सतीश द्विवेदी ने बताया कि 69000 सहायक अध्यापक भर्ती में आरक्षण की प्रक्रिया में विसंगति से प्रभावित आरक्षित वर्ग के करीब छह हजार अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी। इसके अतिरिक्त 17000 रिक्त पदों पर नई भर्ती होगी।
✒️ *सीबीआईसी के इतिहास में कानपुर में सबसे बड़ी बरामदगी, बक्सों में भरकर रिजर्व बैंक भेजे जा रहे नोट*
उत्तर प्रदेश के कानपुर में बड़े इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर पर छापेमारी की कार्रवाई जारी है। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के इतिहास में कानपुर में इत्र कारोबारी पीयूष जैन के यहां से अब तक 150 करोड़ रुपये की नकदी की बरामदगी कीर्तिमान बन गई है। इससे पहले कभी इतनी नकदी किसी छापे में नहीं मिली। अभी नोटों की गिनती चल रही है। इससे बरामदगी करीब 170 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
✒️ *शुरुआती तेजी से फिसला बाजार, सेंसेक्स 190 अंक टूटा, निफ्टी 17000 के स्तर पर आया*
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई लेकिन ये तेजी कायम न रह सकी।कारोबार के अंत में दोनों सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान पर बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 190.97 अंक की गिरावट के साथ 57,124.31 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि एनएसई का निफ्टी 68.85 अंक की गिरावट के साथ 17,003.75 के स्तर पर बंद हुआ।
✒️ *पिस्टल दिखाकर कार सवारों ने टीचर से लूटे 95 हजार, पुलिस जाँच में जुटी*
थाना लोधा क्षेत्र के गांव दुनाई निवासी अवधेश कुमार शर्मा एक वर्ष से जलालपुर के संकल्प एंक्लेव कॉलोनी में रहते हैं और रोजाना खैर के खुशीराम महाविद्यालय में पढाने जाते हैं।शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह खैर जाने के लिए नादा पुल पर वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी कार सवार तीन लोगों ने खैर तक लिफ्ट देकर कार में बैठा लिया और लोधा में टीचर की कनपटी पर पिस्टल सटा दी और कार को ल्होसरा स्थित कोल्ड वाले रास्ते पर ले जाकर 95 हजार रुपये लेकर धमकी देते हुए कार से उतार कर फरार हो गये। पीड़ित ने तुरंत कंट्रॉल रुम पर लूट की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित ने अज्ञात कार लुटेरों के खिलाफ तहरीर दे दी है। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। 2 दिन पूर्व भी कार सवार बदमाश गोंडा क्षेत्र के एक युवक से ₹50000 लूट कर भागने का मामला सामने आया है मामले की जांच की जा रही है।
✒️ *जवां क्षेत्र में बाइक सवार, खड़े टेंपो से टकराया, मौके पर मौत*
जिला बुलंदशहर के थाना छतारी के गांव जलालपुर निवासी देवेंद्र (40 वर्षीय) पुत्र केहरी सिंह शुक्रवार की दोपहर बाइक से किसी काम से अलीगढ़ आ रहा था इसी दौरान जमा क्षेत्र के बरौली मोड़ पर खड़े टेंपो में उसकी बाइक टकरा गई और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घरवाले काफी संख्या में राहगीर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया मृतक की जेब से मिले मोबाइल से उसके परिजनों को सूचना दे दी सूचना मिलने पर मृतक के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
✒️ *अलीगढ़ मिनी एयरपोर्ट के पास अवैध निर्माण सहित चार पर एडीए ने लगाई सील*
अवैध निर्माण के खिलाफ एडीए का अभियान जारी है।एडीए की टीम ने धनीपुर स्थित मिनी एयरपोर्ट के निकट सहित चार अवैध निर्माणों को सील किया। अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह ने बताया कि टीम प्रथम कार्यवाही कुलदीप विहार में राकेश उर्फ लोटा द्वारा बिना नक्शे के 500 वर्ग गज क्षेत्रफल में किए जा रहे अवैध निर्माण को सील कर की। यहां तीन फ्लैट भी अवैध रूप से बनाए जा रहे थे। इसके बाद टीम ने केपी सिंह द्वारा जीटी रोड धनीपुर मिनी एयरपोर्ट के पास 350 वर्ग गज क्षेत्र में बिना नक्शे किए जा रहे अवैध निर्माण को सील किया। इसके बाद टीम ने मधु देवी द्वारा शिवशक्ति धर्मकांटा के जीटी रोड पर 200 वर्ग मीटर क्षेत्र में बेसमेंट व भूतल पर किए गए निर्माण को सील किया। इसके बाद जीटी रोड पर लोट्स हास्पिटल के पास विकास कुमार द्वारा 200 वर्ग गज में किए गए निर्माण को सील किया।
✒️ *अलीगढ़ एसवी कालेज में भी सीटों से ज्यादा प्रवेश पर विरोध शुरू, भेदभाव के आरोप*
अलीगढ़ के श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय में एडमिशन प्रक्रिया में धांधली का मामला संज्ञान में आने पर काफी छात्र व अभिभावक एसवी कालेज पहुंच गए। जहां छात्रों के स्वजनों ने कालेज प्रशासन पर प्रवेश प्रक्रिया में एससी छात्रों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। वहीं अभिभावकों ने इसकी सूचना भाजपा जिलामंत्री एडवोकेट संजू बजाज को भी दे दी। प्रकरण की सूचना पाकर संजू बजाज कार्यकर्ताओं के साथ कालेज पहुंच गए। जहां प्रकरण की जानकारी की तब पता चला कि विश्वविद्यालय द्वारा हाल ही में 33 प्रतिशत सीटें प्रत्येक कालेज में बढ़ाई गई है जिसकी प्रवेश प्रक्रिया सभी कालेजों द्वारा शुरू कर दी गई है। वहीं एसवी कालेज में 33 प्रतिशत की बढ़ी हुई सीटों पर मनमाने तरीके कम मेरिट वाले सामान्य वर्ग के छात्रों के एडमिशन में वरीयता देकर एससी व ओबीसी के अधिक मेरिट वाले पात्र छात्रों का सूची में नाम न आने व कालेज प्रशासन द्वारा एडमिशन न देने का मामला तूल पकड़ गया।
✒️ *जनहित एवं शीर्ष प्राथमिकता वाली परियोजनाओं को किसी भी स्तर पर लंबित ना रखा जाए:डीएम*
जिला मजिस्ट्रेट सेल्वा कुमारी जे. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, डिफेंस कॉरिडोर, राजकीय हवाई पट्टी, हरदुआगंज तापीय परियोजना कासिमपुर के संबंध में बैठक का आयोजन किया गया। डीएम ने कहा कि शासन की शीर्ष प्राथमिकता वाली परियोजनाओं को लंबित ना रखा जाए। उन्होंने कहा कि जनहित की बड़ी परियोजनाओं की मॉनिटरिंग सीधे मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन द्वारा की जाती है, ऐसे में लापरवाही क्षम्य ना होगी। स्थानीय स्तर पर लंबित मामलों को भी नजरअंदाज न करते हुए विकास कार्यों को उनके लक्ष्य तक पहुंचाया जाए।राज्य विश्वविद्यालय की विद्युत विभाग से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, विश्व बैंक को निर्देशित किया गया कि वह प्रबंध निदेशक दक्षिणांचल विद्युत, आगरा से समय प्राप्त कर समस्या का निराकरण कराएं। डिफेंस कॉरिडोर में दो हाईटेंशन लाइनों के हटाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने की जानकारी देते हुए विद्युत विभाग द्वारा बताया गया कि जल्द ही कार्य प्रारंभ हो जाएगा। हरदुआगंज तापीय परियोजना के लिए संपर्क मार्ग निर्माण के संबंध में मयंक मांगलिक प्रबंध निदेशक तापीय परियोजना को निर्देशित किया गया कि वह बजट आवंटन के लिए शासन को पत्राचार करें। वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
✒️ *यूपी स्टेट लीगल सर्विस अर्थोरिटी के मेंबर सेक्रेटरी बने न्यायिक अधिकारी संजय सिंह*
अलीगढ़ में तैनात मोटरयान दुर्घटना प्रतिकर न्यायाधिकरण के अध्यक्ष व पीठासीन अधिकारी संजय सिंह (प्रथम) को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। अब वह यूपी स्टेट लीगल सर्विस अर्थोरिटी के मेंबर सेक्रेटरी बनाए गए हैं।रजिस्ट्रार जनरल आशीष गर्ग की तरफ से इस संबंध में निर्देश जारी किए गए। न्यायिक अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि पूरे प्रदेश में मेंबर सेक्रेटरी की एक ही पोस्ट होती है। यह अर्थोरिटी पूरे प्रदेश के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कंट्रोलिंग अर्थोरिटी है। उन्होंने बताया कि मई 2019 में एडीजे के रूप में अलीगढ़ में ज्वाइन किया था। इसके बाद 2020 में डीजे के पद पर प्रमोशन होने के बाद मोटरयान दुर्घटना प्रतिकर न्यायाधिकरण पीठासीन अधिकारी का पद संभाला था। पिछली पांच अदालतों में 750 मोटर व्हीकल क्लेम के मुकदमे निस्तारण कराते हुए मृतकों के परिजनों व घायलों को करीब 50 करोड़ का प्रतिकर दिलवाया गया था। इसके चलते अलीगढ़ पूरे प्रदेश में अव्वल रहा था। इस उपलब्धि पर न्यायिक अधिकारी संजय सिंह को बीते दिनों राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।
✒️ *उत्कृष्ट पराली प्रबंधन के लिए डीएम सेल्वा कुमारी जे. हुईं सम्मानित*
उत्कृष्ट पराली प्रबन्धन के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लोक भवन, लखनऊ में आयोजित किसान सम्मान दिवस में जनपद अलीगढ़ की जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में उप कृषि निदशक द्वारा प्रमाण पत्र प्राप्त कर जिलाधिकारी अलीगढ़ को हस्तगत किया गया । डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक,जिला कृषिअधिकारी, समस्त एसडीएम एवं सम्बन्धित कर्मचारियों के योगदान की प्रशंसा करते हुये पुरस्कार किसान बंधुओं को पराली प्रबन्धन में उनके योगदान के लिए समर्पित किया।
✒️ *अलीगढ़ में साथा चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू, किसानों को ऐसे मिलेगा फायदा*
अलीगढ़ कासिमपुुर में साथा चीनी मिल का इस साल का पेराई सत्र शुरू हो गया। एडीएम वित विधान जायसवाल व एसडीएम कोल संजीव ओझा ने शुभारंभ फीता काट कर किया। एडीएम वित ने बताया इस बार छह लाख कुंतल गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा गया है। जो पिछले सत्र के लक्ष्य से एक लाख कुंतल अधिक है। पिछले सत्र में साथा चीनी मिल ने शासन की तरफ से मिले पांच लाख कुंतल गन्ना पेराई के लक्ष्य का पीछा करते हुए 4.52 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की थी। मिल आए दिन की तकनीकी खराबी व ईधन के अभाव से जूझती रहीं, जिससे लक्ष्य पूरा न हो सका। जिसके चलते प्रबंधन को मिल से गन्ने को साबितगढ़ आदि मिलों को डायवर्ड करना पडा था।कार्य दायी कंपनी बालाजी सोल्यूशन के एमडी दीपक यादव ने बताया कंपनी की तरफ से 350 टैक्नीशियनों की टीम मशीनों पर बारीकी से नजर रखेगी। जिससे किसानोें को समस्या का सामना नहीं करना पड़े। मिल प्रबंधन की तरफ से बताया जा रहा है अभी मिल को चलने में एक हफ्ता का समय लग सकता है। इस दौरान मिल के महाप्रबंधक राम शंकर, जिला गन्ना अधिकारी डा. सुभाष यादव ,महेश गर्ग ,मिल के कर्मचारी एवं अधिकारियों केे साथ अन्य गन्ना किसान भी मौजूद रहे।
✒️ *शीतलहरी में गौवंशों की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये जाएं, लापरवाही क्षम्य न होग़ी:डीएम*
जिला मजिस्ट्रेट सेल्वा कुमारी जे. की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में अस्थायी पशु आश्रय स्थलों में संरक्षित गौवंश संरक्षण एवं भरण-पोषण के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक आहुत की गयी। डीएम ने डीपीआरओ, बीडीओ, ईओ, एडीओ समेत पशु चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि शीतलहरी में गौवंशों की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये जाएं। इस कार्य में लापरवाही क्षम्य न होगी। उन्होंने अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कहा कि यदि कहीं से कोई शिकायत प्राप्त होती है तो दोषी व्यक्ति को दण्डित किया जाएगा। सीडीओ अंकित खण्डेलवाल ने बताया कि जनपद में 161 गौशालाओं के लिए नोडल अधिकारी नामित किये गये हैं। वह निरन्तर निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ ही समस्याओं व शिकायतों का प्रभावी निराकरण भी सुनिश्चित कराएं। सीडीओ ने कहा 33 ऐसे अस्थाई गौ आश्रय स्थल जो अपरिहार्य कारणों से संचालित नहीं हो रहे थे, उन्हें सक्रिय कर संचालित किया जाए। डीपीआरओ को निर्देशित किया गया कि वह ग्राम प्रधानों का सहयोग प्राप्त कर समुचित व्यवस्थाओं के साथ कम से कम 25-25 गौवंशों के संरक्षण के लिए नवीन गौशालाएं संचालित कराएं।बैठक में एसडीएम खैर, इगलास, गभाना, पीडी डीआरडीए भाल चन्द त्रिपाठी, डीपीआरओ धनंजय जायसवाल, जिला कृषि अधिकारी राम प्रवेश, समस्त बीडीओ एवं ईओ उपस्थित रहे।
✒️ *स्वीप अभियान के तहत समस्त विद्यालयों के छात्र छात्राओं द्वारा ’’प्रभात फेरी’’ के माध्यम से मतदाताओं को किया गया जागरूक*
जनपद में संचालित स्वीप एक्टिविटी के तहत विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया। उन्होंने सभी मतदाताओं बुजुर्ग, युवा एवं महिलाओं को देश के विकास के लिए अपने योगदान करने के लिए प्रेरित किया। स्लोगन ’’बूढ़े हो या जवान-सभी मिलकर करें मतदान’’ के माध्यम से जागरूक करते हुए पूर्ण ईमानदारी, समझदारी एवं पारदर्शिता के आधार पर मतदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि मतदाताओं के द्वारा चुना हुआ श्रेष्ठ व्यक्ति ही देश को चलाता है और देश का विकास भी करता है। मतदाता जागरूकता अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय हाई स्कूल पिपलोठ के द्वारा मतदाता जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई और मतदाताओं को जागरूक किया गया साथ ही कन्या उच्चतर माध्यमिक कॉलेज छर्रा द्वारा प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त विद्यालयों एवं विकासखण्डों में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई जिसमें मतदाताओं को मतदान के लिए शत प्रतिशत मतदान करने के लिए जागरूक किया गया।
✒️ *वाइस आफ मंगलायतन में विद्यार्थियों ने बिखेरा जलवा*
इगलास मंगलायतन विश्वविद्यालय में सिंगिंग प्रतियोगिता “वाइस आफ मंगलायतन” के फिनाले का आयोजन हुआ। मुख्य अथिति प्रसिद्ध गायक दिनेश चौधरी थे। विशिष्ठ अतिथि भक्ति साधना व राज चौहान थे। कुलपति प्रो. केवीएसएम कृष्णा ने कहा कि मंगलायतन हमेशा से ही योग्य छात्रों की कदर करता रहा है और छात्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। प्रतियोगिता में विजयी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का आयोजन एमयूएससी के तत्वाधान में हुआ। प्रतियोगिता के दौरान मनमोहक व जोश से भरी प्रस्तुतियों ने लोगों का दिल जीत लिया। फाइनल राउंड में आठ विद्यार्थी पहुंचे जिनमें से प्रथम यश चतुर्वेदी, दूसरे अलीना, अहमद व तीसरे पायदान पर आरती कुमारी रहीं। संयोजन प्रो. सिद्धार्थ जैन का रहा। संचालन सलोनी, लकी, मयंक व सोनल ने किया। इस मौके पर कुलसचिव समरवीर सिंह, जाइंट रजिस्ट्रार डा. दिनेश शर्मा, लव मित्तल, डा. पूनम रानी, देबाशीष चक्रवर्ती, श्वेता भारद्वाज, डा. हिरा फातिमा, डा. निशा खान, बिलास पालके आदि थे।
✒️ *मण्डलायुक्त की अध्यक्ष्ता में अलीगढ़ विकास प्राधिकरण की 79 वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न*
मण्डलायुक्त गौरव दयाल की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में अलीगढ़ विकास प्राधिकरण बोर्ड की 79 वीं बैठक का आयोजन किया गया। मण्डलायुक्त ने कहा कि अलीगढ़ विकास प्राधिकरण को केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के साथ अलीगढ़ के विकास के लिए कदम से कदम मिलाने की आवश्यकता है। जनपद में औद्योगिक विकास की अपार सम्भावनाएं विद्यमान हैं। ख्यामई में नया औद्योगिक आस्थान विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास चण्डौस एवं टप्पल क्षेत्र में इंडस्ट्री डवलपमेंट की सम्भावनाएं तलाश की जाएं।बैठक में ऑल इण्डिया इंस्टीट्यूट फॉर लोकल सेल्फ गर्वमेंट की टीम लीडर संतोष चौधरी ने अलीगढ़ के मास्टर प्लान-2031 को एलईडी स्क्रीन पर विधिवत दर्शाया। मण्डलायुक्त ने कहा कि अलीगढ़ के संगठनात्मक एवं संरचनात्मक विकास और जन आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए आधारभूत नागरिक अवस्थापना सुविधाएं विकसित किये जाने की आवश्यकता है। मण्डलायुक्त ने प्राधिकरण बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रवर्तन कार्य में तेजी लाकर प्राधिकरण की आय को बढ़ाने के लिए हर सम्भव प्रयास किए जाएं। जनपद अलीगढ़ स्मार्ट सिटी योजना में भी आच्छादित है, ऐसे में प्राधिकरण को बेहतर ढ़ंग से कार्य करने के लिए सुनियोजित ढ़ंग से कार्ययोजना तैयार करनी होगी। बोर्ड बैठक में एसीएन कॉलेज छेरत की कृषि भूमि को सामुदायिक सुविधाओं के उपयोग पर 25 एकड़ भूमि होने पर ही स्वीकृति देने के निर्देश दिये गये। प्राधिकरण सचिव ए0एस0 तोमर ने बताया कि गत बैठक में दिये गये निर्देशों के क्रम में प्राधिकरण के अभिलेखों को सीडी व डीवीडी के स्थान पर हार्ड ड्राइव में संरक्षित कर लिया गया है। बैठक में प्राधिकरण के 17 सेवानिवृत्त पेंशनभोगी एवं 07 पारिवारिक पेंशनर्स के सेवा सम्बन्धी देयकों का लाभ दिये जाने पर सहमति व्यक्त की गयी। बैठक में उपाध्यक्ष अलीगढ़ विकास प्राधिकरण गौरांग राठी, एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल, ओएसडी अंजुम बी., उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान, बोर्ड के सदस्य चौ0 देवराज सिंह समेत अन्य अधिकारीगण एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।
✒️ *बूथों पर सुशासन दिवस मनाएगी भाजपा*
भारतीय जनता पार्टी जिला अलीगढ़ भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती 25 दिसंबर 2021 को सुशासन दिवस के रूप में जिले के सभी बूथों पर बनाएगी। जिला अलीगढ़ में 28 सौ से अधिक बूथ हैं।भारतीय जनता पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ समितियों के साथ बैठक कर सुशासन दिवस मनाएंगे। भाजपा की सरकार में किए गए विकास कार्यों के आधार पर भारतीय जनता पार्टी 2022 में उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ पुनः सरकार बनाएगी। इसी संकल्प के साथ भाजपा के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र के सामने पुष्प अर्पित कर सुशासन दिवस मनाएंगे.साथ ही इस मौके पर अलीगढ़ में 30 दिसंबर 2021 को गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर भी बूथ पदाधिकारियों के साथ बैठकें की जाएंगी। भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं में गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा को लेकर उत्साह है। भाजपा के कार्यक्रम की सूचना जिला मीडिया प्रभारी आशीष कुमार ने दी।
✒️ *युवा मोर्चा की कल निकलेगी विशाल वाहन रैली*
पूर्व प्रधानमंत्री मंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती पर भाजपा युवा मोर्चा शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर युवा मोर्चा महानगर अलीगढ द्वारा कल शनिवार को प्रातः 11.30 बजे से अटल युवा संकल्प यात्रा के अवसर पर बाइक रैली का आयोजन किया जायेगा।जिसके सम्बन्ध में शुक्रवार को दुबे पड़ाव स्थित भाजयूमो महानगर कार्यालय में भाजयुमो महानगर अध्यक्ष अमन गुप्ता द्वारा पदाधिकारियो के साथ आवश्यक बैठक कर रणनीति तैयार की गई जानकारी देते हुए भाजयूमो अध्यक्ष अमन गुप्ता ने बताया कि अटल युवा संकल्प यात्रा का कोल विधानसभा का प्रभारी भाजयुमो महानगर मंत्री शशांक पण्डित और शहर विधानसभा प्रभारी भाजयूमो महानगर मंत्री अक्षय सिंह को बनाया गया है उन्होने बताया कि बाइक रैली में युवा मोर्चा महानगर के सभी पदाधिकारियों सहित भाजयूमो के मंडल अध्यक्ष व मंडलो के सभी पदाधिकारियों उपस्थित रहेंगे,अमन गुप्ता ने बताया कि बाइक रैली में 800 मोटरसाइकिलों के साथ दो हजार युवा शामिल होंगें बाइक रैली ठीक 11.30 बजे रामलीला मैदान से शुरू होगी जो कि मदार गेट,फूल चौराहा,रेलवे रोड माल गोदाम दुबे पड़ाव होते हुए रामघाट रोड से समद रोड से निकलकर सेंटर पॉइंट अटल चौक पर समापन होगी।
✒️ *मारपीट के मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज*
खैर कोतवाली क्षेत्र के गांव अर्राना में 2 माह पूर्व हुई मनरेगा के काम को लेकर मारपीट के मामले में पीड़ित ने गांव के ही 8 लोगों के खिलाफ मारपीट का कराया मुकदमा दर्ज। जानकारी के अनुसार गांव अर्राना निवासी रामवीर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 माह पूर्व मनरेगा के काम को लेकर गांव के ही नामजद लोगों से झगड़ा हो गया था जिसको लेकर नामजद लोग घर में घुस आए और मारपीट कर मेरी पत्नी का दांत तोड़ दिया, और मोके से भाग गए। पीड़ित ने बताया कि मेरे द्वारा उसी दौरान पुलिस को तहरीर दी गई थी लेकिन मेरी तहरीर पर पुलिस ने कोई कार्यवाही नही की। पीड़ित उसके बाद कोर्ट गया और कोर्ट ने मुकदमा के आदेश कर दिए। आज शुक्रवार को कोतवाली खेर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर गांव के ही नामजद संजय, धर्मपाल, मुकेश, राहुल, देवेंद्र, गजेंद्र, शीलू, गोविंदा के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली इंस्पेक्टर प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है मारपीट करने वाले नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।
✒️ *विवेक बंसल के समक्ष दर्जनों महिला एवं पुरुष कांग्रेस पार्टी में हुए शामिल*
जयगंज रोड स्थित मोहल्ला सराय बीबी में महानगर कांग्रेस कमैटी के सचिव आजम कुरैशी के कार्यालय पर एक बैठक हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रदेश के प्रभारी विवेक बंसल के समक्ष दर्जनों महिला एवं पुरुषों ने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की घोषणा की I इस अवसर पर विवेक बंसल ने कहा कि आप आज कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं इस बात की मुझे बेहद ख़ुशी है और इस बात से हम लोगों का हौसला बढ़ा है कि कांग्रेस पार्टी का कारवां दिन ब दिन आगे बढ़ता ही जा रहा है Iमहानगर अध्यक्ष सलाउद्दीन वसी ने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वाले सभी लोगों का माल्यार्पण करके स्वागत किया I इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों में अलीगढ़ सह प्रभारी मुकेश धनगर, वरिष्ठ युवा नेता सलमान इम्तियाज़, आमिर मुंतज़िर, रईस कुरैशी, मुरसलीन कुरैशी, मोहम्मद अल्ताफ राजा, अनस मोहम्मद, चंदन कुरेशी, सद्दाम कुरेशी, मोहम्मद आरिफ कुरेशी, मोहम्मद मारूफ, सुल्तान कुरैशी, टीपू कुरेशी आदि थे I
✒️ *भाजपा युवा मोर्चा निकलेगा अटल युवा संकल्प यात्रा*
खैर में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में बतौर मुख्यातिथि भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और खैर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी प्रमेन्द्र पाल सिंह गुड्डू रहे। उन्होंने बताया कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 25 दिसंबर को जयंती के अवसर पर ‘अटल युवा संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया जाना है। जिसके अंतर्गत प्रत्येक मण्डल पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बाईक रैली निकलेंगे। खैर विधानसभा क्षेत्र में 6 मण्डल- खैर नगर, खैर देहात, गौमत, जट्टारी, टप्पल और चंडौस हैं। भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष प्रमेन्द्र पाल सिंह गुड्डू ने बताया कि यात्रा को लेकर युवाओं में भारी उत्साह है और बड़ी संख्या में बाइकों के साथ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के आरम्भ और समापन पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया जाएगा। इस दौरान अटल जी की जयंती के अवसर पर एक विचार गोष्टी का आयोजन भी होगा जिसमें उनके बारे में युवाओं को विस्तार से बताया जाएगा। इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष गौमत परमानंद कुशवाहा, अनमोल शर्मा, संदीप शर्मा, सोनू अत्तरी, सौरभ कंसल, हरीश शर्मा, मनोज कुमार सुमित कुमार, विवेक शर्मा आदि उपस्थित रहे।
✒️ *आदर्श भारती इंटर कॉलेज कुलवा में जिला स्तरीय युवा पड़ोस संसद का हुआ आयोजन*
नेहरू युवा केंद्र द्वारा आदर्श भारती इंटर कॉलेज कुलवा में जिला स्तरीय युवा पड़ोस संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा नीति पर प्रकाश डाला गया। विभिन्न योजनाओं के बारे में भी युवाओं को विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में जनपद के लगभग 1000 युवाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महेन्द्र कुमार, विद्यालय प्रबन्धक जुगेंद्र पाल सिंह, परियोजना निदेशक भाल चंद्र त्रिपाठी, युवा अधिकारी तन्वी, जिला युवा कल्याण अधिकारी हरिप्रेम, जिला व्यायाम परीक्षक राष्ट्रवर्धन लोधी, क्षेत्रीय प्रचारक अधिकारी नीरज भट्ट, राजेन्द्र पाल सिंह, कंचन सिंह, लेखा एवं कार्यक्रम सहायक महिपाल सिंह, धनंजय उपाध्याय ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर किया।जिला युवा अधिकारी तन्वी ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2014 में लागू की गई राष्ट्रीय युवा नीति के अंतर्गत युवाओं को केंद्र गतिविधियों व केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक करने व युवाओं को राष्ट्र की मुख्य धारा में जोडने का संकल्प लिया गया था। इसी के अंतर्गत प्रति वर्ष देश के प्रत्येक जिला पर जिला युवा पडोस संसद का आयोजन किया जाता रहा है। इस अवसर पर विजय कुमार प्रधानाचार्य, रामजनम मौर्य, ज्ञान प्रकाश ऋषिकेश, भानुप्रकाश, गिरेन्द्र कुमार पी टी आई, जिले के सभी विकास खंडों के स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विनय शर्मा, जवाहर सिंह, अतुल प्रताप सिंह, गौरव, प्रवीण कुमार, विशाल, रिंकू, प्रद्युम्न, प्रीति, ललिता, निशा, सुषमा आदि का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन प्रिंस प्रताप सिंह ने किया।
✒️ *सेंटर पॉइंट (अटल चौक) चौराहे पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई की प्रतिमा का अनावरण कल*
भारत रतन पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेई के जन्म दिवस के अवसर पर अलीगढ़ नगर निगम वार्ड नंबर 52 जनकपुरी क्षेत्र के सेंटर प्वाइंट चौराहे का नामअटल चौक रखे जाने पर और स्व अटल बिहारी बाजपेई की प्रतिमा का अनावरण किया जाने पर, जिसके लिए क्षेत्रीय पार्षद पुष्पेंद्र कुमार सिंह जादौन पूर्व उपसभापति नगर निगम द्वारा कार्यकारी व बोर्ड के माध्यम से प्रस्ताव पास करा कर व शीर्ष जनप्रतिनिधियों, क्षेत्रीय जनता, समस्त व्यापारी बंधुओं और नगर निगम अधिकारी व कर्मचारीयो के सहयोग से उक्त कार्य करने में सफलता हुई। उक्त कार्य करने में सफल हुए क्षेत्रीय पार्षद पुष्पेंद्र सिंह जादौन द्वारा अपने वार्ड क्षेत्र सेंटर प्वाइंट को अटल चौक नाम दिए जाने, स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा का अनावरण होने पर और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा झंडा लगने पर समस्त उच्च जनप्रतिनिधि समस्त पार्षद गण ,समस्त भारतीय जनता पार्टी संगठन कार्यकर्ता, पदाधिकारी व व्यापार मंडल के समस्त पदाधिकारी व व्यापारी भाइयों क्षेत्रवासियों और मुख्य रूप से मीडिया कर्मियों का विशेष धन्यवाद दिया इन सभी के सहयोग व प्रयासों से उक्त कार्य ऐतिहासिक कार्य अलीगढ़ शहर के लिए समस्त वार्डों में एक ऐतिहासिक कार्य संपन्न हो सका।
✒️ *इगलास में शराब की दुकान से हुई चोरी*
इगलास कस्बा खैर निवासी दिवाकर गौड़ का कस्बे में मुख्य चौराहे के समीप अंग्रेजी शराब का ठेका है। गुरुवार की रात्रि को सेल्समैन ठेका बंदकर गए थे। शुक्रवार की सुबह जब सेल्समैन ठेके पर पहुंचे तो दुकान की छत कटी हुई थी। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौका निरीक्षण किया। दिवाकर गौड़ ने बताया कि चाेर दुकान के अंदर से बिक्री के रखे 21 हजार रुपये व दो महंगी शराब की बोतल चोरी करके ले गया है। चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। दुकान के अंदर एक ही चोर ने छत काटकर प्रवेश किया था। घटना के संबंध में कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है।





More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-