September 30, 2026

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के छात्र ने महिला शिक्षक को भेजा अश्लील मैसेज; निलंबित-

Spread the love

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के छात्र ने महिला शिक्षक को भेजा अश्लील मैसेज; निलंबित

 

 

प्रयागराज: इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में कार्यरत एक महिला अतिथि प्रवक्ता को आनलाइन क्लास के दौरान अभद्र मैसेज भेजने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। शिक्षिका की तरफ ये लिखित शिकायत मिलने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। आरोपित छात्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित भी कर दिया गया। चीफ प्राक्टर प्रोफेसर हर्ष कुमार ने छात्र को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।

 

प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा स्थित बाबा का पुरवा गांव निवासी महेश चंद्र मिश्र का पुत्र जितेश प्रकाश मिश्र इलाहाबाद विश्वविद्यालय में स्नातक द्वितीय वर्ष का छात्र है। उस पर यह आरोप है कि वह अतिथि प्रवक्ता को अभद्र मैसेज करता है। शनिवार को अतिथि प्रवक्ता ने लिखित शिकायत की। शिक्षिका ने आरोप लगाया कि जितेश आनलाइन कक्षा के दौरान उनके वाट्सएप पर अशिष्ट मैसेज भेजता है। साथ ही अन्य छात्रों को भी इंटरनेट मीडिया विशेषकर वाट्सएप के माध्यम से अफवाहें फैलाने का काम करता है। जितेश की हरकत से वह मानसिक तौर पर प्रताड़ित हो रही हैं।

 

इस मामले में चीफ प्राक्टर ने नोटिस जारी कर कहा है कि यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता एवं अपराध की श्रेणी में आता है। लिहाजा चीफ प्राक्टर प्रो. हर्ष कुमार ने उसको तत्काल प्रभाव से विश्वविद्यालय से निलंबित कर दिया। चीफ प्राक्टर ने नोटिस जारी कर कहा है कि 19 अप्रैल को अभिभावक के साथ अपराह्न दो से तीन बजे के बीच चीफ प्राक्टर कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित रूप से यह कारण बताएं कि ऐसा कृत्य क्यों किया। इस कृत्य के लिए क्यों न उसको विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया जाए।