इनामी जालसाज को वाराणसी पुलिस ने गुजरात से किया गिरफ्तार
वाराणसी। फर्जी कंपनी बनाकर पांच वर्ष में धन दोगुना करने के नाम पर लोगों से करोड़ों की ठगी करने के मामले में कैंट पुलिस ने आरोपित राजकुमार वर्मा को गुजरात से गिरफ्तार किया। छह माह से उसके पीछे पड़ी पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। आरोपित राजकुमार मूल रूप से लोहता थानांतर्गत भिटारी गांव का निवासी है। मौजूदा समय में वह गुजरात के बलसाड़ के पाड़ी थाना क्षेत्र के शुभम ग्रीन सिटी बगवाड़ा में रह रहा था।
डीसीपी वरुणा जोन आदित्य लांग्हे ने मंगलवार को मीडिया कर्मियों को बताया कि राजकुमार ने सिगरा थानांतर्गत छित्तूपुर में अवेशम इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड नाम से एक कंपनी खोल रखी थी। इस कंपनी का सीएमडी राज कुमार का बड़ा भाई कृष्ण कुमार वर्मा व राज कुमार और उसका एक अन्य भाई राजेश कुमार वर्मा व उसके पिता शिवलाल प्रजापति इस कंपनी के कर्ताधर्ता थे। इस कंपनी से 13 अन्य लोग भी जुड़कर काम करते थे।
कलेक्टिव स्कीम के तहत जमा कराए सौ करोड़
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि लोगों से पांच वर्ष में धन दोगुना करने का लालच देकर कलेक्टिव स्कीम के तहत करीब सौ करोड़ रुपये जमा करा लिए थे। लोगों को विश्वास में लेने के लिए कंपनी में ही फर्जी बांड तैयार कर बांटे, जो बैंकों की तरह ही दिखता था। इसके बाद कंपनी बंद करके सभी भाग गए। निवेशकों के पैसों से तमाम जमीन खरीदी, जिसमें आठ करोड़ 50 लाख रुपये कीमत की जमीन कुर्क की जा चुकी है। बैंकों में जमा 27 करोड़ रुपए निकाल कर दिल्ली व गुजरात में महंगे फ्लैट खरीद लिए। साथ ही प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर, छपरा, गाजीपुर, मीरजापुर, वाराणसी में भी जमीन ली गई।
गैंगस्टर के तहत भी होगी कार्रवाई
अभियुक्त राजकुमार वर्मा पर विभिन्न थानों में लगभग 12 मुकदमे चल रहे हैं। डीसीपी ने बताया कि उपनिरीक्षक सुरेंद्र यादव और कांस्टेबल मनीष बघेल की टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर मंगलवार को उसे जेल भेज दिया। इस मामले के अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। इस गिरोह में शामिल सभी आरोपितों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-