“`आर्केस्ट्रा में मनचाहे गाने पर डांस को लेकर मारपीट, होमगार्ड की मौत, 8 घायल
जौनपुर।उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल के जौनपुर में आर्केस्ट्रा में मनपसंद गाने पर डांस न करने देने से नाराज दबंगों ने शनिवार की बीती रात जमकर उत्पात मचाया।आर्केस्ट्रा बंद कराने से नाराज दबंग गाली गलौज और जमकर मारपीट की।दबंगों की पिटाई से घायल आयोजक की जिला अस्पताल में मौत हो गई और आठ घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर भेजा गया है।पुलिस इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्याकांड को लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के डमरुआ गांव निवासी अवकाश प्राप्त होमगार्ड 63 वर्षीय इंद्रजीत बिंद के पाही निवास पर उनकी पोती की पहली शादी की सालगिरह का कार्यक्रम चल रहा था।इस मौके पर बेटी पूजा बिन्द की ससुराल मछलीशहर तुलापुर भसौदा से उसके पति सन्तोष बिंद के साथ अन्य रिश्तेदार भी आए थे।देर रात भोजन के बाद दरवाजे पर आर्केस्ट्रा कार्यक्रम चल रहा था।शनिवार की देर रात लगभग साढ़े तीन बजे गांव के कुछ दबंग मनपसंद गीत पर डांस की मांग करने लगे और अश्लील गीने की फरमाइश कर रहे थे।इस पर आयोजक इंद्रजीत ने आर्केस्ट्रा बंद कराने के लिए कहा।इसके बाद दबंगों ने इंद्रजीत और उनके परिजनों,रिश्तेदारों से विवाद करना शुरु कर दिया। दबंगों ने गाली गलौज के बाद लाठी डंडे और तलवार लेकर हमला बोल दिया।दबंगों ने घर में घुसकर परिजनों और रिश्तेदारों पर जानलेवा हमला बोल दिया।महिलाओं ने एक कमरे में बंद होकर किसी तरह जान बचाई।दबंगों ने दर्जनभर वाहनों और टेंट हाउस की कुर्सियों को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।दबंगई का आलम ये था कि लोग एक किलोमीटर दूर तक भागते रहे और दबंग खदेड़ कर पीटते रहे।कुछ लोगों ने तो तालाब में कूद कर जान बचाई।इस हमले में इंद्रजीत और उनकी 58 वर्षीय पत्नी कलावती,35 वर्षीय दामाद सन्तोष बिंद,30 वर्षीय राहुल बिंद,18 वर्षीय अजीत बिंद,25 वर्षीय शैलेन्द्र बिंद गम्भीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे सिकरारा थानाध्यक्ष विवेक तिवारी और 112 नम्बर पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल ले गए।जहां चिकित्सकों ने इंद्रजीत को मृत घोषित कर दिया।हत्या के बाद गांव में तनाव फैल गया।मौके पर एएसपी ग्रामीण शैलेंद्र सिंह, सीओ सदर रणविजय सिंह सहित कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गयी।
वहीं इस मामले में एसपी देहात शैलेंद्र सिंह ने मीडिया को बताया कि मारपीट की घटना में 8 लोग घायल हुए हैं,जिसमें से इलाज के दौरान एक होमगार्ड की मृत्यु हो गई है।परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।इसमें जो 8 नामजद अभियुक्त थे उनमें से 6 को गिरफ्तार कर लिया गया है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।“`

More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-