अमृतसर के बाद कपूरथला में बेअदबी का मामला, दिल्ली के युवक की मॉबलिंचिंग में मौत का दावा
चंडीगढ़. पंजाब के अमृतसर में बेअदबी ( sacrilege in Punjab’s Amritsar) के प्रयास में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के कुछ घंटों बाद कपूरथला जिले (Kapurthala) में स्थानीय लोगों ने एक अन्य युवक की पिटाई कर दी. जिसके बाद अधमरी हालत में पुलिस उसे अस्पताल ले गई थी. दावा किया जा रहा है इस युवक की मौत हो चुकी है लेकिन पुलिस की ओर से अभी इस बात की पुष्टि नहीं की गई है. पंजाब में अमृतसर में बेअदबी की घटना के बाद मॉब लिंचिंग की यह दूसरी घटना है. निजामपुर गांव के निवासियों ने रविवार की तड़के एक गुरुद्वारे से उस युवक को यह आरोप लगाते हुए पकड़ लिया था कि उसने गुरुद्वारे में सुबह लगभग 4 बजे निशान साहिब (सिख ध्वज) का अपमान करते देखा गया था. गुरुद्वारा के कार्यवाहक अमरजीत सिंह ने फेसबुक पर लाइव स्ट्रीम किए गए एक वीडियो में कहा कि जब वह सुबह 4 बजे नितनेम (दैनिक प्रार्थना) के लिए निकले तो उन्होंने देखा कि युवक निशान साहिब का अपमान कर रहा था.
सिंह ने कहा, ‘जब मैंने संदिग्ध को चुनौती दी तो उसने अंधेरे में भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर बाद उसे पकड़ लिया गया.’ गुरुद्वारा के ग्रंथी ने कहा कि संदिग्ध ने केवल इतना बताया कि उसे दिल्ली से भेजा गया था और उसकी एक बहन को भी बेअदबी के लिए दूसरी जगह मार दिया गया है. कपूरथला के एसएसपी एचपीएस खख ने कहा कि बादशाहपुर पुलिस चौकी के पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध को अपनी हिरासत में ले लिया है. हालांकि ग्रामीण इस बात पर जोर दे रहे हैं कि गुरुद्वारे में उनके सामने ही संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की जाए.
क्या है अमृतसर का मामला?
गौरतलब है कि अमृतसर में स्वर्ण मंदिर में शनिवार शाम बेअदबी का प्रयास करने वाले युवक की गुस्साई भीड़ ने पिटाई कर दी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. यह घटना उस समय हुई जब वह व्यक्ति पवित्र स्थल पर सुनहरी ग्रिल फांदकर कृपाण उठाने के बाद उस स्थान के पास पहुंच गया जहां सिख ग्रंथी पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ कर रहा था.
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) कार्यबल के सदस्यों ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया. जब उसे SGPC कार्यालय ले जाया जा रहा था तब गुस्साई भीड़ ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई.


More Stories
दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात बदमाश टिल्लू ताजपुरिया की सुबह-सुबह हुई हत्या-
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और मेरठ पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में एनकाउंटर-
दिल्ली पुलिस के सिपाही की मेरठ में हत्या-