April 21, 2026

अखिलेश यादव का दावा,उत्तर प्रदेश चुनाव में कांग्रेस को नहीं मिलेगी एक भी सीट, बोले- 2017 का अनुभव बहुत खराब-

Spread the love

✒️ *अखिलेश यादव का दावा,उत्तर प्रदेश चुनाव में कांग्रेस को नहीं मिलेगी एक भी सीट, बोले- 2017 का अनुभव बहुत खराब*

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का दावा है कि अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का खाता तक नहीं खुलेगा। इंडिया टुडे के साथ एक इंटरव्यू के दौरान जब उनसे प्रियंका गांधी की रैलियों के बारे में पूछा तो उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि 2017 का अनुभव काफी खराब रहा। इसके अलावा और भी मुद्दों पर उन्होंने बात की।अखिलेश यादव से जब एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी से हाथ मिलाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अब कमरा फुल हो चुका है।अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी किसी भी राष्ट्रीय दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यूपी की जनता राज्य में अब नई सरकार बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि जनता ने तय कर लिया है कि यूपी में योगी सरकार नहीं, योग्य सरकार चाहिए।इससे पहगले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी दौरे को लेकर बयान देने के बाद चौतरफा घिरे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को सफाई दी। अखिलेश ने कहा कि मैं पीएम नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र की कामना करता हूं। मेरा आशय यूपी सरकार के खात्मे से था। अखिलेश यादव ने कहा, ”यूपी में योगी और मोदी का समय अब चला ।

✒️ *ओमिक्रोन को लेकर महाराष्ट्र से आई चिंताजनक खबर, आठ लोग मिले संक्रमित, नहीं किया है विदेश दौरा*

भारत में कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के मामले बढ़ते जा रहे हैं। महाराष्ट्र में आठ और मरीज संक्रमित पाए गए हैं। सात मामले मुंबई और एक वसई विरार में सामने आया है। समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया है कि शुरुआती जानकारी के अनुसार आज संक्रमित पाए गए व्यक्तियों ने किसी अन्य देश की यात्रा नहीं की है, जो चिंता का विषय है। राज्य में नए स्ट्रेन के अबतक कुल 28 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से नौ नेगेटिव आरटी-पीसीआर टेस्ट के बाद डीस्चार्ज हो गए हैं।बता दें कि देश में कोरोना के इस वैरिएंट के कुल 45 मामले सामने आ गए हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने मंगलवार सुबह को जानकारी दी थी कि यहां चार मामले सामने आए हैं। ये सभी विदेश से लौटे हैं। देश की राजधानी में अबतक छह मामले सामने आए हैं। इनमें से एक मरीज ठीक हो गया है। सभी मरीज लोक नायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती हैं।

 

✒️ *रिकार्ड:उत्तर प्रदेश ने सर्वाधिक 18 करोड़ कोरोना वैक्सीन लगाकर बनाया रिकार्ड, छह करोड़ लोगों ने लगवाई दोनों डोज*

उत्तर प्रदेश ने 18 करोड़ से ज्यादा टीके लगाकर रिकार्ड बनाया है। यहां कोरोना से बचाव के लिए कुल 14.74 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जानी है। यानी टीके की पहली और दूसरी डोज मिलाकर कुल 29.48 करोड़ टीके लगाए जाने हैं। अभी तक 11.95 करोड़ लोगों ने वैक्सीन की पहली और छह करोड़ लोगों ने दोनों डोज लगवा ली है। देश में दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र में 12.51 करोड़ टीके और तीसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल में 9.81 करोड़ वैक्सीन लगाई गई है।उत्तर प्रदेश के राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. अजय घई ने बताया कि अभी तक 81 प्रतिशत लोग वैक्सीन की पहली और 41 प्रतिशत लोगों ने दोनों डोज लगवा ली है। टीकाकरण से छूटे 2.79 करोड़ यानी 19 प्रतिशत लोगों को चिन्हित कर वैक्सीन लगाने पर जोर दिया जा रहा है। गांव-गांव टीका लगाने के लिए टीमें भेजी जा रही हैं।आज प्रदेश भर में कुल 16318 टीकाकरण केंद्र बनाए गए और करीब 12 लाख से अधिक लोगों को टीके लगाए गए। ऐसे क्षेत्र जहां पर सभी लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवा ली है, वहां दूसरी डोज लगवाने के पात्र लोगों को चिन्हित कर प्राथमिकता पर टीका लगाया जा रहा है। आशा वर्कर की मदद से घर-घर दस्तक अभियान चलाकर लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

 

✒️ *प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर टिप्पणी के बाद चौतरफा घिरे अखिलेश यादव की सफाई, लंबी उम्र की कामना की*

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के काशी प्रवास पर विवादित बयान देकर चौतरफा घिरे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सफाई दी है। अखिलेश यादव इस समय पीएम मोदी को लेकर दिए एक विवादित बयान की वजह से सुर्खियों में चल रहे हैं। उनका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ तो उन पर चौतरफा हमले शुरू हो गए। इस पर उन्होंने कहा कि उनका तंज तो सरकार पर था न कि पीएम मोदी को लेकर। उन्होंने कहा कि मैं उनकी लंबी उम्र की कामना करता हूं।सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक समाचार चैनल से बातचीत में कहा कि मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया है। मैंने जो कहा था वह सिर्फ यूपी सरकार के लिए था। मेरे कहने का सिर्फ यही अर्थ था कि यूपी सरकार अब जाने वाली है। उसका अंत समय आ गया है। उन्होंने कहा कि मैं तो चाहता हूं की पीएम मोदी हमेशा स्वस्थ्य रहें और उनकी उम्र लंबी रहे। अखिलेश का यह भी कहा कि चुनावी प्रचार के दौरान चौकीदार और चायवाले जैसे बयान भी दिए जा रहे हैं। इन बयानों का भाजपा को कोई फायदा नहीं पहुंचने वाला है

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मोदी और योगी का टाइम पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार रैलियों में जो भीड़ दिख रही है, वह वोट में भी तब्दील होगी। यह लोगों का उत्साह है। ये सभी लोग भाजपा को उखाड़ फेंकना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी लाल टोपी भाजपा के लिए खतरे की घंटी है। उन्हे समझ आ गया है कि उनकी सरकार जाने वाली है।

 

✒️ *नए साल-2022 में अलीगढ़ को मिलेगी एअरपोर्ट की सौगात*

अलीगढ़ में नए साल-2022 में अलीगढ़ को हवाई उड़ान की सौगात मिलेगी। जनवरी 2022 के पहले सप्ताह में प्रधानमंत्री अयोध्या में प्रस्तावित श्रीराम इंटरनेशनल एअरपोर्ट का शिलान्यास करेंगे। इसी कार्यक्रम में अलीगढ़ धनीपुर एअरपोर्ट का भी नाम शामिल है। शासन स्तर से अलीगढ़ का नाम शामिल किया गया है। अलीगढ़ प्रशासन से इसके बारे में ब्योरा मांगा गया है। शासन स्तर से ही लाइसेंस की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। डीजीसीए से लाइसेंस के लिए शासन स्तर से वार्ता चल रही है।

 

✒️ *उत्तर प्रदेश की योगी सरकार का महिलाओं को तोहफा, कौशल विकास प्रशिक्षण में 30 फीसदी आरक्षण देने का फैसला*

महिला सशक्तीकरण में एक कदम और आगे बढ़ाते हुए सीएम योगी ने बेटियों को बड़ा तोहफा दिया है। अब दीनदयाल अंत्योदय योजना के अंतर्गत दिए जाने वाले कौशल प्रशिक्षण में महिलाओं को 30 फीसदी आरक्षण देने का फैसला किया गया है। प्रशिक्षण के लिए नए सिरे से 51 संस्थाओं का चयन किया गया है। बड़े शहरों में 240 और छोटे शहरों में 120 पात्रों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।शहरी क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंदों को दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (डीएवाई-एनयूएलएम) के तहत कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के लिए तैयार किया जाता है। राज्य शहरी आजीविका मिशन निदेशालय प्रशिक्षण देने के लिए एजेंसियों से करार करता है। निदेशालय ने नए सिरे से प्रशिक्षण देने के लिए संस्थाओं का चयन कर लिया है। इन्हें वर्ष 2021-22 के लिए इम्पैनल्ड किया गया है। शहरी पात्रों को चयनित करते हुए इनके माध्यम से प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।प्रशिक्षण के लिए चयनित होने वालों में आरक्षण की व्यवस्था भी रहेगी। महिलाओं को न्यूनतम 30 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा अल्पसंख्यक 15 और दिव्यांगों को पांच फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण देने वाली संस्थाओं को इसकी जानकारी मिशन निदेशालय को देनी होगी कि उनके यहां किस वर्ग के कितने लोगों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। निदेशालय स्तर से जरूरत के आधार पर इसका सत्यापन भी कराया जाएगा।

 

✒️ *यूपी टीईटी पेपर लीक में आरोपी शिक्षक निर्दोष ने किया सरेंडर,शामली के गैंग को 5 लाख में बेचा था पेपर*

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक कांड में आरोपी शिक्षक निर्दोष चौधरी ने सोमवार को शामली कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। आरोप है कि निर्दोष ने ही पांच-पांच लाख में अलीगढ़ के गौरव और शामली के गैंग को पेपर उपलब्ध कराया था। एसटीएफ अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। पता करने का प्रयास किया जाएगा कि उसके पास पेपर कहां से आया।यूपी टीईटी परीक्षा से 12 घंटे पहले ही परीक्षा पत्र लीक हो गया था। मेरठ के एक परीक्षार्थी की सूचना पर पेपर लीक होने का खुलासा हुआ। इसके बाद सरकार ने परीक्षा रद कर दी। 40 लोगों की गिरफ्तारी एसटीएफ ने की। इस मामले में शामली के रवि, धर्मेंद्र और मनीष को पकड़ा गया। बबलू निवासी नाला का नाम भी सामने आया। बाद में, शामली से गौरव को पकड़ा गया, जिसने बबलू को पेपर उपलब्ध कराया था। गौरव की धरपकड़ के बाद निर्दोष का नाम सामने आया। पता चला कि उसी ने पेपर पांच-पांच लाख रुपये की रकम लेकर दिया था।वांटेड चल रहे निर्दोष चौधरी ने सोमवार को शामली कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसके बाद एसटीएफ और पुलिस टीम कोर्ट पहुंची। आरोपी का रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू हुई। हाल ही में गिरफ्तार आरोपी गौरव मलान निवासी अलीगढ़ ने बताया था कि उसे पेपर निर्दोष चौधरी पुत्र केहरी सिंह निवासी गोंडा अलीगढ़ ने दिया था। निर्दोष कासगंज के सिकंद्राराव के प्राथमिक स्कूल में सरकारी शिक्षक है।

 

✒️ *शेयर बाजार आज फिर टूटा, सेंसेक्स 166 अंक फिसला निफ्टी भी लाल निशान पर बंद*

दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को शेयर बाजार की शुरुआत लाल निशान पर हुई और कारोबार के अंत तक ये लाल निशान पर कारोबार करता रहा। कारोबार के अंत में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 166.33 अंक की गिरावट के साथ 58,117.09 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का निफ्टी 43.35 अंक फिसलकर 17,324.90 के स्तर पर बंद हुआ।

 

✒️ *नगर निगम के वाट्सएप ग्रुप पर राजनेताओं का प्रचार, पार्षदों ने जताई आपत्ति*

शिकवा-शिकायतों और सुझावों के लिए बनाए गया नगर निगम का वाट्सएप ग्रुप राजनीति का अड्डा बनता जा रहा है। यहां राजनेताओं और उनके दलों का प्रचार-प्रसार किया जाता है आज जवाहर भवन में आयोजित जनसंवाद बैठक में पार्षदों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। कहा, ये ठीक नहीं हो रहा। निगम अधिकारियों को इस पर तत्काल एक्शन लेना चाहिए। इसके अलावा पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं गिनाते हुए सुझाव भी दिए।अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पार्षदों ने सभी वार्डों में वैंडिंग जोन, खाली पोल पर नई एलईडी, एलईडी की मरम्मत करने वाले गैंग के पास पर्याप्त सामान, वार्ड में सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाने, वार्ड में पैचवर्क कराने, सीवर लाइन के मैनहाल सड़क से ऊंचे करने, स्वीकृत निर्माण कार्यों का वर्क आर्डर जारी करने, बिना पार्षदों के संज्ञान में डाले ठेकेदारों द्वारा सड़क निर्माण शुरू न कराने, वार्डों में आचार संहिता से पूर्व सभी जनहित निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराने, बंदरो को पकड़ने, वार्डों में जल निगम द्वारा खोदी गई सड़कों को ठीक कराने, रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के मानक और गुणवत्ता की चेकिंग कराने, गौंडा रोड पर ट्यूबवेल निर्माण और निगम की संपत्ति पर कब्जा राेकने, खराब ट्यूबवेल रिबोर कराने, सफाई कर्मचारियों की शत प्रतिशत उपस्थिति, वार्ड 32 में निगम की संपत्ति पर कब्जा रोकने, वर्षा ऋतु के पूर्व नालों की सफाई आदि बिंदुओं पर सुझाव दिए। नगर आयुक्त गौरांग राठी जनसंवाद बैठक में आईं पार्षदो की शिकायतों व सुझावों की समीक्षा करते हुए एक हफ्ते में संबंधित पार्षद से संपर्क कर समस्या का समाधान सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।

 

✒️ *अलीगढ़ स्‍मार्ट सिटी : 45 करोड़ की लागत से चमकेंगे शहर के चार चौराहे, बढ़ेगा आकर्षण*

अलीगढ़ शहर के चार प्रमुख चौराहों को स्मार्ट बनाने के लिए 45 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इन चौराहों के 50 मीटर दायरे में चौड़ीकरण कराया जाएगा, अंडरग्राउंड विद्युत केबल, लाइटिंग व अन्य कार्य भी होंगे। पूरा बजट स्मार्ट सिटी के फंड से दिया जाएगा। चौराहों के सुंदरीकरण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को दी गई है। जल्द ही इस पर काम शुरू किया जाएगा।स्मार्ट सिटी के तहत शहर के 20 चौराहों का सुंदरीकरण होना था। सेंटर प्वाइंट के बाद तस्वीर महल चौराहे पर काम शुरू करा दिया गया। बाकी किसी चौराहे पर काम नहीं हो सका है। अब शहर की सीमा से सटे चार चौराहों के सुंदरीकरण की योजना तैयार की गई है। इनमें सासनीगेट, एटा चुंगी, सूतमिल और क्वार्सी चाैराहा है। स्मार्ट सिटी ने चौराहों के सुंदरीकरण का कार्य खुद न कर लोक निर्माण विभाग को दिया है। इसके लिए 45 करोड़ रुपये भी लोक निर्माण विभाग को दिया जाएगा। स्मार्ट सिटी के सीइओ व नगर आयुक्त गौरांग राठी ने इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को एक पत्र भेजकर शहर के चार मुख्य चौराहों को स्मार्ट बनाने की बात कही है।

 

✒️ *अलीगढ़ मंडल के चारों जिलों में फिर शुरू होंगे कोविड कंट्रोल रूम, डीएम प्रतिदिन करेंगे मॉनीटिरिंग*

अलीगढ़ मंडल के चारों जिलों में एक बार फिर से कोविड कंट्रोल रूम सक्रिय किए जाएंगे।निगरानी समितियों को सक्रिय कर नियमित रूप से समीक्षा भी होगी। यह निर्देश आज मडंलीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर गौरव दयाल ने दिए। इसके साथ ही कहा कि 70 प्रतिशत से अधिक पूरी हो चुकी परियोजनाओं को महीने के अंत तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए।कमिश्नरी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने कहा कि विभिन्न विकास कार्यक्रमों के कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त कराना सुनिश्चित करें। निकट विधान सभा चुनाव के चलते नियमित विभागीय कार्यों को पूर्ण करने में ज्यादा वक्त नहीं मिलेगा। उन्होंने मंडल के सभी सीडीओ को निर्देशित किया है कि वे नियमित समीक्षा करते हुए प्रत्येक दशा में शत-प्रतिशत विभागीय लक्ष्य हासिल करायें। उन्होंने कोविड-19 के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन के दृष्टिगत कहा है कि कोविड-19 कंट्रोल रूम सक्रिय रहें और निगरानी समितियों को सक्रिय कर नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार कार्यवाही की जाये एवं बाहर से आने वालों की जांच सुनिश्चित की जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी जिलों में कोविड कन्ट्रोल रूम तत्काल प्रभाव से सक्रिय कर दिए जाएं एवं लोगों को कोरोना के नए वेरिएंट से बचाव के बारे में भी जागरूक किया जाय। उन्होंने कहा कि कोरोना का नया वैरिएन्ट जो कि पहले से काफी अधिक खतरनाक है। अभियान चलाकर सभी लोगों का कोविड वैक्सीनेशन कराएं। उन्होंने सभी डीएम को निर्देशित किया वे स्वयं इसकी रोजाना मॉनिटरिंग करें। इस दौरान डीएम सेल्वा कुमारी जे., डीएम हाथरस रमेश रंजन,डीएम कासगंज हर्षिता माथुर, डीएम एटा अंकित अग्रवाल आदि मौजूद थे।

 

✒️ *अलीगढ़ के शराब माफिया ऋषि को आंबेडकरनगर, मुनीश को वाराणसी और अनिल को नैनी जेल भेजा*

अलीगढ़ जहरीली शराब प्रकरण में शराब माफिया की मुसीबत और बढ़ गई है। शासन के आदेश पर मंगलवार सुबह मुख्य आरोपित ऋषि शर्मा, उसके भाई मुनीश शर्मा व अनिल चौधरी को जिला कारागार से पूर्वांचल की अलग-अलग जेलों में शिफ्ट कर दिया गया। इनमें ऋषि को आंबेडकर नगर जेल, मुनीश को वाराणसी सेंट्रल जेल व अनिल को प्रयागराज की नैनी जेल भेजा गया है।मई व जून 2020 में जहरीली शराब पीने से जिले में 104 लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित जवां निवासी ऋषि शर्मा, उसके भाई मुनीश शर्मा, बेटे कुनाल व खैर निवासी अनिल चौधरी समेत 86 लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। इस मामले में ऋषि की पत्नी पूर्व ब्लाक प्रमुख रेनू शर्मा भी आरोपित थीं। जेल में रेनू की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके चलते जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज भर्ती कराया गया। यहां तीन दिसंबर की देररात मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया। लेकिन, स्वजन ने हत्या का आरोप लगाया है। इसे लेकर ऋषि व अनिल के माता-पिता नौ दिसंबर से आंबेडकर पार्क के बाहर धरना दे रहे हैं। उनकी मांग है कि पूरे प्रकरण की सीबीआइ जांच कराई जाए। इधर, रेनू की मौत के बाद ऋषि ने भी दीवानी न्यायालय में पेशी के दौरान चीखते हुए खुद को निर्दोष बताया था और पुलिस प्रशासन पर साजिश का आरोप लगाया। पूरे प्रकरण पर शासन की ओर से निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत तीनों को मंगलवार सुबह कड़ी सुरक्षा में अलग-अलग जेलों के लिए रवाना कर दिया गया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि शासन के आदेश पर प्रधासनिक आधार पर मंगलवार सुबह ऋषि-मुनीश व अनिल को अलग-अलग जेलों में शिफ्ट किया गया है।

 

✒️ *अलीगढ़ घंटाघर ऋषि शर्मा के माता-पिता के धरने पर पहुंची पूजा शकुन पांडेय*

शराब माफिया ऋषि शर्मा के माता-पिता घंटाघर पर न्याय की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। मंगलवार को अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव एवं निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर अन्नपूर्णा भारती पूजा शकुन पांडेय रेनू शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में जेल में हुई मौत के बाद उनके परिजनों द्वारा चलाए जा रहे धरने पर पहुंचीं। कहा कि माफिया को संरक्षण देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। आबकारी विभाग से लेकर जिले के कई अधिकारी माफिया को संरक्षण देते रहे। रेनू शर्मा के परिवार से उनके बच्चों तक को जेल भेज दिया गया जबकि इस घटना की जांच गंभीरता से होनी चाहिए थी।

 

✒️ *गंदगी करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने चलाया अभियान- कड़ी हिदायत और 8,400 वसूला जुर्माना*

शहर की सफाई व्यवस्था को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए प्रयासरत नगर आयुक्त गौरांग राठी ने अनावश्यक गंदगी और बार-बार कूड़ा डालकर अलीगढ़ की सफ़ाई व्यवस्था को ख़राब करने वाले लोगों के विरुद्ध अब कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।नगर आयुक्त ने अपने सभी अधीनस्थों को ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनकी फोटोग्राफी वीडियोग्राफी कराते हुए उनके विरुद्ध नगर निगम अधिनियम और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत सख्ती से पेश आने के निर्देश दिए हैं जबकि नगर आयुक्त के निर्देश पर मंगलवार को नगर निगम के स्वास्थ्य महकमे ने किशनपुर चौराहे से मीनाक्षी पुल तक सड़क के दोनों साइडों पर गंदगी कूड़ा करकट सड़क नाले नाली में डालने ट्रैफिक बाधित करने वाले 21 लोगों पर कार्यवाही करते हुए आठ हजार चार सौ रुपये जुर्माना लगाया और कड़ी चेतावनी दी।नगर आयुक्त गौरांग राठी ने कहाकि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शहर के हर एक नागरिक को अपनी सोच को स्मार्ट बनाना होगा अपने शहर को अपना घर समझे। कूड़ा कूड़ेदान में डालें सड़क नाले व पटरी पर अतिक्रमण न करें एक बार कूड़ा उठ जाने के बाद दोबारा थोड़ा ना फेंकने को अपनी आदत बनाने की कोशिश यदि शहर का हर एक नागरिक करें तो निश्चित रूप से शहर की सफाई व्यवस्था में रिकॉर्ड सुधार होगा।इस दौरान यहां किशनपुर से मीनाक्षी पुल तक चले अभियान में प्रवर्तन प्रभारी कर्नल निशीथ सिंघल,स्वच्छता निरीक्षक रमेश चंद सैनी और डॉ. रामजी लाल आदि साथ थे।

 

✒️ *जनहित से जुड़ी वार्ड पार्षदों की समस्याओं पर नगर आयुक्त ने अफसरों को दिए प्रभावी कार्यवाही के निर्देश*

अलीगढ़ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व नगर आयुक्त गौरांग राठी की पहल पर वार्ड पार्षद की जनहित से जुड़ी समस्याओं पर त्वरित कार्यवाही किए जाने के लिए आयोजित जनसंवाद बैठक के तहत मंगलवार को अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त की अध्यक्षता में जन संवाद बैठक जवाहर भवन में सम्पन्न हुई।इस दौरान जन संवाद बैठक में अधिकांश पार्षदों द्वारा शहर के सभी वार्ड में वैंडिंग जोन, खाली पोल पर नई लाइट के कनेक्शन लगाने,लाइट मरम्मत गैंग के पास पर्याप्त सामान न होने,वार्ड में सफ़ाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाने,वार्ड में पैच वर्क कराने,सीवर लाइन के मैनहॉल सड़क से काफी नीचे बने होने, स्वीकृत निर्माण कार्यो वर्क आर्डर जारी करने,बिना पार्षदों के संज्ञान में ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण शुरू करने,वार्डों में आचार संहिता से पूर्व सभी जनहित निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने,महानगर से आतंकी बंदरो को पकड़ने,पार्षद वार्ड में जल निगम द्वारा खोदी गई सड़कों को ठीक करने,रैन वाटर हर वेस्टिंग मानक और गुणवत्ता की चेकिंग,नगर निगम पार्षद व्हाट्सएप ग्रुप में राजनीतिक प्रचार प्रसार पर रोक लगाने,गौंडा रोड पर ट्यूबवेल निर्माण,गौंडा रोड पर नगर निगम की संपत्ति पर कब्जा होने, ट्यूबवेल रिबोर होने,सफाईकर्मी की संख्या बढ़ाये जाने,सफ़ाई कर्मचारियों की शत प्रतिशत उपस्थिति,वार्ड 32 में नगर निगम की संपत्ति पर दिन प्रति कब्जा होने,नगर निगम सम्पति की बाउंड्री वाल लगाने,वार्ड में हैंडपंप रिबोर कराने,वार्ड में आतंकी कुत्तो को पकड़ने,वार्डो को गड्डा मुक्त बनाने, मानक के अनुसार सफ़ाई कर्मचारी, शाह जमाल क़ाबिस्तान की बाउंड्री वाल निर्माण,नामित पार्षदो के निर्माण कार्य संबंधी पत्र पर कार्यवाही न होने की समस्या के साथ साथ वर्षा ऋतु के पूर्व नालों की सफाई की समस्या और सुझाव को बताया।जनसंवाद मे उपसभापति डॉ.मुकेश शर्मा,पार्षद वीरेंद्र सिंह,विजय तौमर, दिनेश गुप्ता,पुष्पेंद्र जादौन,संजय शर्मा,अलका गुप्ता,लतेश चौधरी, रंजीत चौधरी,सुरेंद्र कुमार,नरेंद्र कुमार, नीलेश उपाध्याय,संतोष,नरेंद्र सैनी, हेमंत गुप्ता,सायरा बानो,मुहम्मद शाकिर,अनीस मियां,विजय,नईम अख्तर,मधु रानी,मुहम्मद हाफ़िज़, पार्षद पति असलम,नफीस शाहीन, फिरोज खां,अमीरा मुनव्वर,सददाम हुसैन,रुखसाना,नामित पार्षद संजय पंडित,दिनेश जादौन,राजेन्द्र चौहान, ललित सांवरिया,प्रवीण आर्य,पंकज सक्सेना और रश्मि पंकज के अलावा उप नगर आयुक्त राजकिशोर प्रसाद, सहायक नगर आयुक्त ठाकुर प्रसाद, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय,अधिशासी अभियंता निर्माण अशोक कुमार भाटी,सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह,विजय गुप्ता, तरुण पाठक व एहसान रब मौजूद रहे।

 

✒️ *अलीगढ़ पुलिस की नाकामी से कांग्रेस को उठानी पड़ी क्षति: विवेक बंसल*

उप्र असंगठित कामगार कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष एवं महानगर कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के पूर्व अध्यक्ष नाहर सिंह कठेरिया का शव बरामद होने पर कांग्रेसियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कांग्रेस हरियाणा प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि लापता कांग्रेस नेता को खोजने में पुलिस नाकाम रही। समय रहते कांग्रेस नेता ने जान को खतरा बताया था, लेकिन पुलिस सक्रिय नहीं हुई। पुलिस की असंवेदनशीलता के कारण कांग्रेस का सिपाही चला गया।कांग्रेस नेता नाहर सिंह कठेरिया का अतरौली के पालीमुकीपुर से मंगलवार को पुलिस ने शव बरामद किया। इससे कांग्रेसियों का गुस्सा भड़क गया। कांग्रेसियों ने अतरौली से लेकर पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस के खिलाफ विरोध प्रकट किया। विवेक बंसल ने कहा कि नाहर सिंह की हत्या दु:खद एवं पीड़ादायक है। पुलिस की कार्यवाही पर प्रश्न उठाते कहा कि तीन माह पूर्व नाहर सिंह ने नामज़द लोगो के खि़लाफ़ अपनी जान का खतरा बताते हुये पुलिस में रिपोर्ट की थी, लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट पर कोई ध्यान नहीं दिया। शिथिलता बरती जिसके चलते कांग्रेस पार्टी का एक जुझारू सिपाही चला गया । इस हत्याकाण्ड में पुलिस की शिथिलता की जांच होना अति आवश्यक है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ठा. संतोष सिंह ने कहा कि पुलिस इस पूरे प्रकरण में लापरवाह बनी रही। समय पर पुलिस जागती तो हत्या नहीं होती। आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। कैलाश वाल्मीक, अध्यक्ष सलाउददीन वसी, अरविन्द शर्मा, शीलू चंदेल, काजी अनवर बब्बू, डा. शेरपाल सविता, डा. धर्मेंद्र लोधी, सागर सिंह तौमर, कौशल कुमार गौतम, ब्रजेश शर्मा, पिंकू बघेल मौजूद रहे।

 

✒️ *रोटरी क्लब अलीगढ़ मानसी ने आयोजित की सरवाइकल कैंसर जागरूकता सेमिनार*

रोटरी क्लब मानसी अलीगढ़ ने डॉ नीति गोयल की अध्यक्षता में लाल बाहदुर शास्त्री कन्या महाविद्यालय में सरवाईकल कैंसर जागरूकता सेमिनार लगाया।इसमें काउंसलर डॉ अल्पना वार्ष्णेय,डॉ जॉली वार्ष्णेय,डॉ सुरभि माहेश्वरी,डॉ सुरभि अग्रवाल,मुख्य वक्ता विशेष रूप में उपस्थित हुए।मुख्य वक्ता डॉ अल्पना वार्ष्णेय ने कहा कि महिलाओं में पाए जाने वाले सबसे ज्यादा कैंसर सरवाईकल (बच्चेदानी का कैंसर) व ब्रेस्ट कैंसर भारत में पाए जाते हैं। भारत में पूरी दुनिया के 27 प्रतिशत मरीज हैं। इनमें 20 प्रतिशत हर वर्ष बढ़ते हैं। इनमें 50 प्रतिशत मृत्यु दर होती है। उन्होंने कहा कि सरवाईकल कैंसर के लिए हर लड़की जोकि आठ से 16 वर्ष की है, उसे टीका जरूर लगवाना चाहिए।डॉ सुरभि माहेश्वरी ने बताया कि लड़कियों एव महिलाओं को प्रतिदिन 3 गिलास दूध,, आयरन के लिए हरी पतेदार सब्जियां, खजूर ,गुड़ खाना चाइये एव घर पर खाना लोहे की कढ़ाई में बनाना चाहिए।लाल बहादुर शास्त्री कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ आभा वार्ष्णेय ने सभी का आभार व्यक्त किया।मातृ छाया हॉस्पिटल की टीम द्वारा छात्रओं का निशुल्क हेमोग्लोबिन चेकअप किया गया।कार्यक्रम में सचिव सुनीता वार्ष्णेय, कोषाध्यक्ष पारुल गर्ग , अंशु अग्रवाल,गुंजन भारद्वाज, अंजू अग्रवाल,शशि पवार,रुचि माहेश्वरी, डॉ मीनाक्षी कुदेशिया, ज्योति माथुर,राखी सक्सेना, रेखा सक्सेना, मनोज शर्मा,धैर्य शर्मा,सोनाली ठाकुर,कुलदीप कुमार,गौरव राजपूत,योगेश कुमार आदि मौजूद रहे।

 

✒️ *वॉरियर क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित वॉरियर क्रिकेट सीरीज*

आज गोपीराम पालीवाल में संचालित होने वाली वॉरीअर क्रिक्रेट अकादमी द्वारा एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई | पत्रकारवार्ता में वरियार क्रिकेट एकेडमी के सचिव रिंकू दीक्षित ने बताया कि जिसमें आगामी 16 दिसंबर से 19 दिसंबर 2021 तक गाेपीराम पालीवाल इंटर कालेज के क्रीड़ा मैदान पर अलीगढ डिस्ट्रीक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्ववधान में वॉरियर क्रिक्रेट अकादमी द्वारा वरियर क्रिकेट सीरीज – सीजन 2 (2021) आयोजन किया जा रहा है जिसमें 2 टीमों के बीच 5 मेचों की सीरीज रंगीन किट में खेली जाएगी | अकेडमी के सक्रिय सदस्य व राज्यपाल पुरस्कृत राहुल कुमार भाटी ने बताया विजेता टीम को सीरिज ट्रॉफी , तथा विजेता टीम के सदस्यों को प्रमाण पत्र व शील्ड सहित मैन ऑफ द मैच , मैन ऑफ दी बॉलर , आदि वर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा | इस पत्रकार वार्ता के दौरान मेघराज सिंह , गौरव राजपूत , त्रिवेंद्र सिंह , प्रशान्त चौधरी , यश वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे ।

 

✒️ *आगामी विधान सभा सामान्य निर्वाचन में कार्मिकों की ड्यूटी हेतु पोर्टल पर डाटा फीड किये जाने को लेकर सीडीओ ने की वर्चुल बैठक*

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सेल्वा कुमारी जे. के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी अंकित खंडेलवाल द्वारा विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के निर्वाचन हेतु कार्मिक डाटा फीडिंग के संबंध में वर्चुल बैठक कर डाटा फीडिंग की समीक्षा की गई। समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी श्री खंडेलवाल विधानसभा सामान्य निर्वाचन – 2022 के निर्वाचन हेतु सभी संबंधित विभागीय नोडल अधिकारियों के द्वारा कार्मिकों का डाटा फीडिंग संतोषजनक न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कल शाम 04 बजे तक सभी अपने कार्मिकों का डाटा फीड कराना सुनिश्चित करें।

 

✒️ *युवाओं ने गीता जयंती पर धर्मगुरूओं को गीता की भेंट*

गीता जयंती के अवसर पर शहर के विभिन्न युवाओं ने अपने धर्म के प्रति आस्था दिखाते हुए शहर में मठ मंदिरों के धर्म गुरुओं को गीता भेंट की, एंव युवाओं को भगवत गीता पढ़ने के लिये जागरुक भी किया। आज गीता जयंती के शुभ अवसर पर शहर के युवाओं ने अपने धर्म की ओर आगे कदम बढ़ाते हुए भगवत गीता के प्रति लोगों को जागरूक किया। जिसमें संजय अग्रवाल ने बताया कि भागवत गीता हम सभी को प्रातः स्नान कर मंदिर या घर में अपने भगवत गीता का स्मरण करना चाहिए। वहीं दूसरी ओर जतिन रामभक्त ने गीता जयंती के उपलक्ष में आज गौशाला जाकर गायों को चारा खिलाकर गीता जयंती मनाई। युवा टीम के मुखिया मनोज कश्यप ने अपने सभी साथियों से भगवत गीता पढ़ने के लिए आग्रह किया और कहा कि भागवत गीता पढ़ने से अपने धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ती है। इस युवाओं की मुख्य टीम में मौजूद संजय अग्रवाल ,जतिन रामभक्त, मनोज कश्यप, दीपक अग्रवाल, नीरज कुशवाह, रोहित कुमार, पंकज लोधी, शानू, मनीष सिंह, रोहित रॉय आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

 

✒️ *रामकुमार अग्रवाल के आकस्मिक निधन पर कांग्रेसियों ने शोक सभा का किया आयोजन*

वरिष्ठ कांग्रेस नेता व अखिल भारतीय कांग्रेस कमैटी के हरियाणा प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल के सहयोगी रामकुमार अग्रवाल के आकस्मिक निधन पर शोक प्रकट करने के लिये एक शोक सभा अयोध्या कुटी मैरिस रोड पर हुई।शोक सभा मे उपस्थित कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिये प्रार्थना की। विवेक बंसल ने अपने उदगार व्यक्त करते हुये कहा कि रामकुमार अग्रवाल एक कांग्रेसी होने के साथ साथ मेरे काफी करीबी सहयोगी थे। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी ही नहीं मुझे भी काफी क्षति पहुंची है।शोक सभा में उपस्थित कांग्रेसजनों में वीरेन्द्र पाराशर, डा राकेश सारस्वत,अशोक सिंह शोक्की,योगेश अग्रवाल, ज्ञानप्रकाश सक्सैना, महानगर कांग्रेस कमैटी के अध्यक्ष सलाउददीन वसी, शाहरुख खान,शाहिद शेख, रामवीर सिंह बघेल एड, धर्मेन्द्र वशिष्ठ,अमजद हुसैन, जफरूददीन गददी,आमिल हुसैन,साबिर अहमद, अविनाश शर्मा,आनंद बघेल, मोहम्मद अनवार, अतर सिंह, आदि उपस्थित थे।

 

✒️ *स्वीप अभियान के अन्तर्गत विद्यालयों में कराई गयी निबन्ध प्रतियोगिता*

स्वीप अभियान के तहत जनपद में विभिन्न तरीकों से मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है। मतदाता अधिक से अधिक मतदान करें इसके लिए 14 दिसम्बर को जनपद के समस्त स्कूलों एवं विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के माध्यम से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत में निबन्ध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसका शीर्षक ’’मजबूत लोकतंत्र के लिए वोटर की भूमिका’’ रहा।जिला निवार्चन अधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने सभी अर्ह मतदाताओं से मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राज्य है जहां पर हर व्यस्क व्यक्ति जो 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुका हो, वह अपने वोट का प्रयोग करने के लिए स्वतंत्र है। देश के हर मतदाता की सरकार बनाने में अहम भूमिका होती है।सरकार बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति का वोट मूल्यवान होता है। मतदाता के एक वोट से सरकार बनती और बिगड़ती है। प्रत्येक व्यक्ति को निष्पक्ष तरीके से मतदान करना चाहिए और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाहिए।जिला विद्यालय निरीक्षक डा0 धर्मेन्द्र शर्मा ने बताया कि मतदाता जागरूकता के तहत इगलास तहसील के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कजरौठ एवम् अतरौली तहसील के वीरांगना अवंती बाई राजकीय महाविद्यालय समेत अन्य विद्यालयों में निबन्ध प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया जिसमें महाविद्यालय के प्राचार्य, प्रोक्टर मजीदा खान, वरिष्ठ प्रधानाध्यापक डॉक्टर संजीव कुमार वार्ष्णेय, डॉक्टर कल्पना वार्ष्णेय, डॉ राहुल कुमार और एनएसएस प्रभारी डॉ हेमंत कुमार उपस्थित रहे।

 

✒️ *भाकियु ने प्रशासन के अनुरोध पर जनजागृति पैदल यात्रा स्थगित कर थानाध्यक्ष को दिया ज्ञापन*

भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) के जिलाध्यक्ष हरियाणा प्रदेश प्रभारी जितेंद्र शर्मा के आह्वान पर आज़ प्रस्तावित क्वार्सी चौराहे से अम्बेडकर पार्क तक जनजागृति पैदल यात्रा का आयोजन पूर्व ब्लाक प्रमुख जवां रेनू शर्मा के परिजन द्वारा दिए जा रहे धरने के समर्थन में सुनिश्चित था लेकिन प्रशासन द्वारा अनुरोध करने पर व जनता की असुविधा न हो यह सोचते हुए थानाध्यक्ष क्वार्सी को अपने पूर्व में दिए गए ज्ञापन जो तीन सूत्रीय मांगों के संदर्भ में था जिसमें प्रमुख सीबीआई जांच थी उसका स्मृति पत्र पुनः महामहिम राज्यपाल महोदय को सम्बोधित थानाध्यक्ष क्वार्सी को दिया गया तथा थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि आपकी मांगों को ऊपर पहुंचा दिया जाएगा इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनहरी यादव, किसान बेरोजगार मजदूर यूनियन के संयोजक डॉ किशोर सिंह, तहसील अध्यक्ष प्रवीण कुमार, ब्लाक अध्यक्ष शिवचरण, तहसील महासचिव संतोष कुमार शिवकुमार, ग्राम सभा अध्यक्ष अभयपुर बदन सिंह, ग्राम अध्यक्ष खुशीपुरा शिवकुमार आदि मौजूद रहे।

 

✒️ *भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष ने अपने परिवारजनों के साथ दीपोत्सव मनाया*

बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में दिव्य काशी, भव्य काशी की अवधारणा को साकार करते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के शुभावसर पर आज भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष प्रमेन्द्र पाल सिंह गुड्डू ने अपने परिवारजनों के साथ दीपोत्सव मनाया। अपने घर को दीपों से सजाया। प्रमेन्द्र ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण हम सभी के लिए अद्भुत क्षण है। हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। काशी हिन्दू धर्म के आस्था का केंद्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

 

✒️ *अलीगढ़ में उच्च स्तर पर मनाया जाएगा जांबाज पूर्व सैनिक सेवा समिति द्वारा 16 दिसंबर 2021 को विजय दिवस का कार्यक्रम*

अलीगढ़ में विजय दिवस के 50 वर्ष पूरे होने पर जांबाज पूर्व सैनिक सेवा समिति उत्तर प्रदेश द्वारा स्वर्णिम विजय दिवस कार्यक्रम 16 दिसंबर दिन बृहस्पतिवार को जीवन ज्योति मेडिकल कॉलेज लोधा में प्रातः 11:00 बजे से 2:00 बजे तक बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम उच्च स्तर पर मनाया जा रहा है जिसमें 1971 युद्ध की चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी।अतः सभी पूर्व सैनिकों से वीर नारियों से विनम्र निवेदन है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं ।

 

✒️ *अर्पित मिस्टन व नंदनी बनी मिस फ्रेशर*

इगलास। मंगलायतन विश्वविद्यालय के प्रबंधन एवं वाणिज्य संस्थान (आईबीएमसी) द्वारा नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। शुभारंभ कुलपति प्रो. केवीएसएम कृष्णा, कुलसचिव बिग्रेडियर समरवीर सिंह, प्रो. जयंती लाल जैन, प्रो. उल्लास गुरूदास, प्रो. दिनेश शर्मा ने संयुक्तरूप से दीप प्रज्वलित कर किया।कुलपति ने भविष्य में आगे बढ़ने के प्रेरणा देते हुए कहाकि देश, समाज एवं उद्योग जगत की प्रगति में प्रबंधन की विशेष भूमिका रहती है। हमें व्यक्तिगत स्वार्थों से उठकर राष्ट्रहित में कार्य करना है। छात्र-छात्राओं द्वारा रैंप वाक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। बीकाम आनर्स के अर्पित गर्ग मिस्टर फ्रेशर, बीबीए की नंदनी माहेश्वरी मिस फ्रेशर चुनी गई। बीबीए के फरहान अहमद मिस्टर ईव, सरोज गावर मिस ईव एवं मिस्टर टैलेंट प्रेम माहौर व मिस टैलेंट अक्षिता सक्सैना रही। आयोजन प्रो. राजीव शर्मा, डा. निशा खान, डा. अर्पित मोहन, डा. असलन अहमद का सहयोग रहा। प्रश्नोत्तरी में प्रो. अनुराग शाक्य, विकास वर्मा, नियति शर्मा निर्णाायक की भूमिका में रहे। संचालन डा. निशा खान, सारा खान, विशाल प्रताप सिंह, दया शंकर ने किया। इस मौके पर प्रो. सौरभ कुमार, प्रो. अंकुर अग्रवाल, विशाल, राहुल, अभिषेक, चितरंजन, रिषभ, निकिता, गुंजन, ज्योति, महक, लक्ष्मी, दानिश, अभिषेक लवानिया, शुभी, जैरी, सचिन, विजेता, अखिलेश, समर आदि थे।

 

✒️ *इगलास में हुई रालोद व सपा की संयुक्त प्रेस वार्ता*

इगलास। किसान, गरीब, मजदूर सहित पूरे प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार से परेशान है। इस बार प्रदेश में एकतरफा वोट पड़ेगा। 23 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस समारोह पर होने वाली संकल्प रैली भाजपा उखाड़ो अभियान है। यह बातें रैली के लिए तैयार किए गए कैंप कार्यालय पर प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व सांसद चौ. बिजेंद्र सिंह ने कहीं। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के कार्यकर्ता व टिकटार्थी रैली को एतिहासिक बनाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने लोगों से रैली में पहुंचने का आव्हान किया। रालोद के प्रदेश मीडिया प्रभारी सुनील लाेढ़ा ने बताया कि रैली को रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. जयंत सिंह व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव संबोधित करेंगे। वहीं, आगे की रुपरेखा व नई घोषणा भी होगी। तन-मन धन से कार्यकर्ता रैली को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। यहां की जनता भाजपा की चालाकियों का मुंह तोड़ जबाब देगी। जिलाध्यक्ष कालीचरन सिंह ने कहा कि सभी वर्ग के लोग हमसे जुड रहे हैं, हम भाजपा वालों की तरह किराए की भीड़ी नहीं जुटा रहे। यहां की एतिहासिक रैली से पूरे प्रदेश में संदेश जाएगा। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष चौ. रामबहादुर सिंह, संजीव सूर्यवंशी, सुंदर सिंह, सुरेंद्र सिंह, राज सिंह, रामकुमार नागर, रिजवान सिद्दीकी, धीरज डागुर, वीरेंद्र सिंह, बिजेंद्र सिंह, सुभाष सिंह, प्रेमपाल अहेरिया, रणधीर सिंह, रवेंद्र सिंह आदि थे।

 

✒️ *ग्राम उत्कर्ष समारोह के लिए बसें की रवाना*

इगलास। लखनऊ में 15 दिसंबर को ग्राम उत्कर्ष समारोह का आयोजन किया गया है। जिसमें ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, एडीओ पंचायत, पंचायत सहायक, एकाउंटेंट भाग लेंगे। मुख्य अतिथि सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ होंगे। मंगलवार को कस्बा में ब्लाक मुख्यालय से विधायक राजकुमार सहयोगी ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।विधायक ने बताया कि कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सचिवालय का शुभारंभ किया जाएगा, सीएम प्रोत्साहन पुरस्कार योजना से प्रधान सम्मानित होंगे, श्रेष्ठ कार्य करने वाली पंचायतों को सम्मान मिलेगा। इस मौके पर कमल चौधरी, पंकज चौधरी, डिग्गा चौधरी, प्रधान संगठन अध्यक्ष लोकेंद्र चौधरी, बंसी चौधरी आदि थे।

 

✒️ *इगलास में हुई ब्लाक स्तरीय खेल प्रतियोगिता*

इगलास। ब्लाक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन लाल बहादुर शास्त्री कालेज के मैदान पर किया गया। वक्ताओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है सिर्फ आवश्यक्ता है तो उन्हें उचित मार्गदर्शन की।मुख्य अतिथि तहसीलदार सौरव यादव, विशिष्ट अतिथि कोतवाल रिपुदमन सिंह, मांडलिक मंत्री राजेश कटारा रहे। कारेका, हस्तपुर, ब्यौहरा, नगला नहचला के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां दी। अतिथियों द्वारा ध्वाज रोहण व हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। दौड़ प्राथमिक बालिका/बालक वर्ग 50 मीटर में साक्षी, सुमित, 100 मीटर में मुस्कान, विनीत, 200 मीटर में मुस्कान, प्रशांत, 400 मीटर में मुस्कान, विनीत। जूनियर वर्ग बालिका/बालक वर्ग 100 मीटर में शिवानी, गुलशन, 200 मीटर में रिया, जुबेर, 400 मीटर में ज्योति, गुलशन, 600 मीटर में सरस्वती, प्रेम सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, कबड्डी, तश्तरी फेंक प्रतियोगिता भी हुई। विजेता मौहरेनी व उप विजेता ब्यौंही की टीम रही। विजेताओं काे सम्मानित किया गया। संयोजक एबीएसए अखिलेश प्रताप सिंह, सह संयोजक ब्लाक व्यायाम शिक्षक नीरज सिंह थे। अध्यक्षता प्रधानाचार्य डा. संजय सिंह व संचालन नितेंद्र सिंह ने किया। निर्णायक मंडल में प्रज्ञवीर सिंह, धर्मेंद्र कुमार, भानु प्रताप सिंह, उमेश कुमार, अंजली कौशिक, गुड़िया, भूपेंद्र, देवराज थे। इस मौके पर जितेंद्र सिंह, शैलेंद्र, मनीष कुमार, राकेश, अमित कुमार, राजकुमार, दिगंबर, उदल सिंह, सौरव, रति शर्मा, अशोक कुमार आदि थे।

 

✒️ *इगलास पुलिस ने बरामद किया 30 किलो गांजा व टैंपो*

इगलास। कोतवाली पुलिस की टीम ने रात्रि में चैकिंग के दौरान एक युवक को 30 किलो गांजा व टैंपो के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं उसके दो साथी भाग जाने में सफल रहे।कोतवाल रिपुदमन सिंह ने बताया कि सोमवार की देर रात्रि को बेसवां चौकी की एसआइ विनीत कुमार, एसआइ सचिन कुमार, सिपाही उमेश चंद्र, हरेंद्र सिंह, देवेंद्र शर्मा, सागर कुमार द्वारा बेसवां चौराहे पर चैंकिंग की जा रही थी। इस दौरान राया की ओर से आ रहे एक टैंपो को चैक किया गया। पुलिस को देखकर टैंपो में बैठे दो युवक फरार हो गए। एक युवक को टीम ने दबोच लिया। टैंपो से 30 किलो गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार युवक ने अपना नाम योगेंद्र उर्फ गोली पुत्र पन्नालाल निवासी गांव मिर्जापुर बताया। वहीं, भागे हुए साथियों के नाम विष्णु पुत्र राकेश व विकास पुत्र शिशुपाल निवासीगण मिर्जापुर बताए। आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवाल ने बताया कि आरोपित को जेल भेजा गया है। टैंपो को सीज किया गया है। आरोपित वृंदावन से गांजा लेकर आए थे। बाजार में इसकी कीमत 4.5 लाख रुपये है। पुलिस टीम ने सप्लाई करने से पहले ही माल को बरामद कर लिया ।