July 10, 2026

पूर्व विधायक विजय मिश्र की करोड़ों की संपत्ति ईडी जब्त करेगा, भदोही व प्रयागराज में अचल संपत्ति चिह्नित-

Spread the love

पूर्व विधायक विजय मिश्र की करोड़ों की संपत्ति ईडी जब्त करेगा, भदोही व प्रयागराज में अचल संपत्ति चिह्नित-

 

प्रयागराज- माफिया व पूर्व सांसद अतीक अहमद के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अब पूर्व विधायक विजय मिश्रा पर शिकंजा कस रहा है। ईडी पूर्व विधायक विजय मिश्रा की करोड़ों रुपये की संपत्ति को जब्त करेगा। अभी तक की छानबीन में भदोही से लेकर प्रयागराज तक उसकी कई अचल संपत्ति को चिह्नित किया गया है। इस संबंध में जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांगी जा रही है, ताकि राजस्व विभाग से अभिलेखों की पुष्टि करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

प्रयागराज में मकान, भूखंड व फ्लैट चिह्नित : सूत्रों की मानें तो ज्ञानपुर भदोही के पूर्व विधायक विजय मिश्रा के अलावा उनके सहयोगियों और करीबियों के भी आर्थिक स्रोत के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। परिवार के नाम खरीदी गई चल व अचल संपत्ति का पूरा ब्योरा खंगाला जा रहा है। अब तक की तफ्तीश में विजय की प्रयागराज के अल्लापुर, हंडिया और भदोही समेत कई जगह संपत्ति के बारे में पता चला है। इसमें मकान, भूखंड और फ्लैट शामिल हैं, जिनकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है।

 

ईडी ने विजय मिश्रा पर मनी लांड्रिंग का केस दर्ज किया था : केंद्रीय जांच एजेंसी पूर्व विधायक विजय मिश्रा, परिवार के सदस्यों और कारोबार में सहयोग करने वालों के बैंक खातों और उसमें जमा राशि की डिटेल भी खंगाल रही है। पिछले वर्ष ईडी ने पूर्व विधायक विजय मिश्रा के खिलाफ मनी लांड्रिंग का केस दर्ज किया था। इसके बाद आगरा जेल में बंद पूर्व विधायक का बयान दर्ज किया गया था, जिसमें संपत्तियों के बारे में पूछताछ की गई थी। इनकम टैक्स व अन्य विभागों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया गया था। इसी क्रम में करोड़ों रुपये की संपत्ति को चिह्नित करने की बात कही गई है।