June 27, 2026

सेना का बयान- वापस नही ली जाएगी अग्निपथ योजना-

Spread the love

*सेना का बयान- वापस नही ली जाएगी अग्निपथ योजना, उपद्रवी नहीं बन सकेंगे अग्निवीर, भर्ती की अधिसूचना जारी, वरीयता और सम्मान दोनों मिलेगा*

 

केंद्र की अग्निपथ योजना के खिलाफ देश के कई हिस्सों में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बाद रक्षा मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें साफ कर दिया गया कि अग्निपथ योजना वापस नहीं ली जाएगी और यह भी कि सभी भर्तियां इसी स्कीम के तहत होंगी. 25 हजार अग्निवीरों का पहला बैच दिसंबर में आर्मी जॉइन कर लेगा. लेफ्टिनेंट जनरल अनिल पुरी ने कहा कि अग्निपथ के विरोध में कोचिंग इंस्टीट्यूट चलाने वालों ने छात्रों को भड़काकर प्रदर्शन कराया है. उन्होंने कहा कि अग्निवीर बनने वाला शपथपत्र देगा कि उसने कोई प्रदर्शन नहीं किया है न तोड़फोड़ की. बिना पुलिस वेरिफिकेशन के कोई सेना में शामिल नहीं होगा.

 

पुरी ने कहा कि युवा फिजिकली तैयार हों, ताकि वह हमारे साथ जुड़कर ट्रेनिंग कर सकें. हमने इस योजना को लेकर हाल में हुई हिंसा का अनुमान नहीं लगाया था. सशस्त्र बलों में अनुशासनहीनता के लिए कोई जगह नहीं है. सभी को लिखित में देना होगा कि वे किसी भी तरह की आगजनी/हिंसा में शामिल नहीं थे.

 

इस दौरान भारतीय नौसेना की ओर से कहा गया कि 21 नवंबर से पहला नौसैनिक अग्निवीर बैच ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, आईएनएस चिल्का, ओडिशा में पहुंचना शुरू हो जाएगा. इसके लिए महिला और पुरुष दोनों अग्निवीरों को जाने की अनुमति होगी. भारतीय नौसेना के पास वर्तमान में विभिन्न भारतीय नौसेना के जहाजों पर 30 महिला अधिकारी हैं. वाइस एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि हमने तय किया है कि अग्निपथ योजना के तहत महिलाओं की भी भर्ती होगी जिन्हें युद्धपोतों पर भी तैनात किया जाएगा.

 

वहीं इंडियन एयरफोर्स ने अग्निवीरों की भर्ती की गाइडलाइन जारी कर दी है. तीनों सेनाओं में सबसे पहले एयरफोर्स ने ही गाइडलाइन जारी की है. इसके अनुसार अग्निवीरों को अपनी 4 साल की नौकरी पूरी करनी होगी. इससे पहले वह फोर्स नहीं छोड़ सकेंगे. ऐसा करने के लिए उन्हें अधिकारी की सहमति लेनी होगी. अग्निवीरों की भर्ती को लेकर सबसे बड़ा पेंच छुट्‌टी और अवार्ड का था. एयरफोर्स ने साफ किया है कि अग्निवीर सभी सैन्य सम्मान और पुरस्कार के हकदार होंगे. इन्हें साल में तीस दिन की छुट्‌टी भी दी जाएगी. इसके अलावा बीमार होने पर डॉक्टर की सलाह पर सिक लीव भी मिलेगी.