September 10, 2026

*बहू द्वारा दहेज प्रताड़ना के लगाये गये सभी आरोप बेबुनियाद – बृजलाल*

Spread the love

यूपी के पूर्व डीजीपी एंव राज्य अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के अध्यक्ष बृजलाल ने बहू अनीता द्वारा लखनऊ के महिला थाने में कल दर्ज करायी गयी एफआईआर के संबंध में कहा है कि उनकी बहू के सभी आरोप बेबुनियाद हैं। उनका कहना है कि बहू आजाद ख्याल की है और शादी के बाद से ही उसकी बेटे के साथ नही बन रही थी।
बृजलाल के अनुसार बहू 12 मार्च 2018 को मायके चली गयी थी और तबसे वहीं हैं, उसे वापस लाने का प्रयास किया गया। परिवारीजन भी कई बार आए लेकिन मामला हल नही हुआ। उनका कहना है कि दोनो पक्ष तलाक के लिए तैयार हैं और इस पर बातचीत भी चल रही थी कि बहू ने एफआईआर दर्ज करा दी।
एफआईआर में बहू द्वारा किडनी ट्रांसप्लांट के लिए दबाव डाले जाने के बारे में बृजलाल का कहना है कि किडनी सिर्फ रक्त संबधों में ली जाती है। उनका कहना है कि वे तो 8 मार्च 2018 को ही दिल्ली में किडनी ट्रांसप्लांट करा चुके हैं इसलिए यह आरोप भी पूरी तरह से झूठा हैं।
बताते चलें कि गोरखपुर के बशारतपुर मेडिकल रोड की रहने वाली अनीता कुमारी ने बृजलाल व परिवारीजनो पर दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज करायी है। अनीता की 9 फरवरी 2018 को बृजलाल के बेटे अपूर्व कृष्ण से शादी हुई थी। महिला थाना प्रभारी शारदा चौधरी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।