May 7, 2026

*महापौर पति के तीन स्टाफ की पुलिस हिरासत में पिटाई की जांच शुरू*

Spread the love

वाराणसी। महापौर मृदुला जायसवाल के पति राधाकृष्ण जायसवाल की ऑटोमोबाइल दुकान के तीन स्टाफ की पुलिस हिरासत में बर्बर तरीके से की गई पिटाई के प्रकरण की जांच सीओ चेतगंज अंकिता सिंह को सौंपी गई है। तीनों स्टाफ और इंस्पेक्टर चेतगंज के साथ ही थाने पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों का बयान दर्ज कर रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी जाएगी।

पिपलानी कटरा स्थित राधाकृष्ण जायसवाल की दुकान से लगभग 40 हजार रुपये चोरी होने का मामला सोमवार को सार्वजनिक हुआ था। मंगलवार की देर रात सामने आया कि राधाकृष्ण के तीन स्टाफ को पुलिस पूछताछ के लिए चेतगंज थाने बुलाई और इसके बाद तीनों की बर्बर तरीके से पिटाई गई। तीनों को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर चेतगंज ने बताया कि महापौर के पति ने तीनों स्टाफ पर चोरी की शंका जताई थी तो उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था। तीनों की पिटाई पुलिस ने नहीं की है और इस संबंध में महापौर के पति ही बेहतर तरीके से बता सकते हैं कि किसने क्या कहा। उधर, राधाकृष्ण जायसवाल ने कहा कि उन्हें इस प्रकरण पर कुछ नहीं कहना है। फिलहाल वो तीनों स्टाफ का उपचार करा रहे हैं और उनके स्वस्थ होने तक उनकी देखरेख करेंगे। इस संबंध में एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि सीओ चेतगंज को प्रकरण की जांच सौंपी गई है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।