प्रतापगढ़ में पुलिस टीम पर हमला, दो सिपाही जख्मी, ग्रामीणों के विवाद को सुलझाने गई थी पुलिस-
प्रयागराज- यूपी के प्रतापगढ़ में पुलिस टीम पर हमला किया गया। इस हमले में दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के उसरौली गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना पर विवाद सुलझाने पुलिस टीम पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। दो सिपाही घायल हो गए़, जबकि दूसरी ओर मारपीट में दोनों पक्षों से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने सीएचसी भेजा।
पुलिस टीम पर हमला के पांच आरोपित गिरफ्तार : पुलिस टीम पर हमले में 15 नामजद व 70 अज्ञात के विरुद्ध जानलेवा हमला, बलवा, सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पांच आरोपितों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
चुनावी रंजिश में दो पक्षों में मारपीट की सूचना पर पहुंची थी पुलिस : बता दें कि उसरौली गांव में चुनावी रंजिश को लेकर पवन कनौजिया व राजबहादुर सरोज के पक्ष में कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। सूचना पर दारोगा सचिन कुमार सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप करके विवाद शांत कराना चाहा। इस पर ग्रामीण उग्र हो गए और लाठी डंडा लेकर पुलिस कर्मियों को दौड़ा लिया और पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में पट्टी कोतवाली के सिपाही सौरभ यादव व रामरतन घायल हो गए। पुलिस टीम पर हमले की सूचना मिलने पर कोतवाल नंदलाल सिंह भारी मात्रा में पुलिस बल के साथ उसरौली गांव पहुंचे और हल्का बल प्रयोग करके स्थिति पर काबू पाया।
मारपीट में कई जख्मी : उधर दोनों पक्ष में हुई मारपीट राजबहादुर पक्ष के राजबहादुर सरोज, भगवंता प्रसाद व फूलचंद और प्रधान पक्ष के पवन कनौजिया, प्रीति कनौजिया व चमेला देवी घायल हो गई। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी पट्टी भेजा। पुलिस ने हमला करने के आरोपित पवन कनौजिया, सूरज कनौजिया, राजबहादुर सरोज, फूलचंद सरोज, भगवंता प्रसाद सरोज को गिरफ्तार कर लिया।
15 नामजद व 70 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज : दारोगा सचिन कुमार की तहरीर पर पुलिस ने राजबहादुर पुत्र कामता प्रसाद, भगवंता प्रसाद पुत्र लोढू, भगंवता के बेटे फूल चंद्र व करमचंद और दूसरे पक्ष के पवन कनौजिया पुत्र सालिकराम, पवन के भाई सूरज, रोहित तिवारी पुत्र प्रमोद तिवारी, आशीष यादव पुत्र रामसुख, वीरेंद्र पुत्र अमरनाथ सहित 15 लोग नामजद व 70 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपितों की तलाश में उनके घर व संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
बोले, पट्टी के कोतवाल : पट्टी के कोतवाल नंदलाल सिंह का कहना है कि चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्ष में विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर बवालियों ने हमला कर दिया था। इसमें दो सिपाही घायल हो गए। बवालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पांच आरोपितों को जेल भेज दिया गया।

More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-