गर्ल्स हास्टल के वाशरूम में हिडेन कैमरा का राज खुला तो छात्राओं ने छोड़ा हास्टल-
प्रयागराज:- प्रयागराज शहर में म्योहाल चौराहे से कचहरी जाने वाली सड़क पर बने गर्ल्स हास्टल में स्पाई कैमरा बरामद होने के बाद यहां रहने वाली छात्राएं दहशत में हैं। उनके लिए यह किसी वज्रपात से कम नहीं है। पांच छात्राओं ने हास्टल भी छोड़ दिया है, जबकि एक-दो दिन में यहां से अपना सामान समेटकर कई और छात्राएं चली जाएंगी। फौरी तौर पर कई छात्राएं अपनी सहेलियों के रूम में चली गई हैं।
दो मंजिले मकान में नीचे है गर्ल्स हास्टल : आरोपित आशीष खरे का दो मंजिला मकान है। नीचे वाले तल पर उसने गर्ल्स हास्टल खोल रखा है। ऊपर वाले तल पर खुद रहता है। मकान बेहद खूबसूरत है। मुख्य गेट के बाहर बोर्ड लगाया है कि यहां छात्राओं को कम दाम पर किराए पर कमरे दिए जाते हैं। बेहतर मकान, सभी सुविधाएं और कम दाम पर कमरा मिलने की वजह से छात्राएं यहां रहना पसंद करती थीं।
चार रूम में आठ छात्राएं रहती थीं, अब खाली हो रहा हास्टल : यहां कुल पांच रूम हैं। चार में आठ छात्राएं रहती हैं, जबकि एक खाली है। गुरुवार को आशीष खरे के इस पूरे मायाजाल का भंडाफोड़ हो गया। मामला सामने भी नहीं आता, अगर कमरा लेने आई छात्रा हंगामा न करती। वजह यह थी कि बाथरूम में स्नान करने गई छात्रा ने बाहर निकलकर अन्य छात्राओं को बताया कि शावर से एक कैमरेनुमा वस्तु गिरी है तो सभी वहां पहुंच गईं। कमरा देखने आई छात्रा ने बताया कि यह स्पाई कैमरा है। इससे रिकार्डिंग की जाती है। यह सुनते ही यहां रहने वालीं छात्राओं के चेहरे का रंग उड़ गया। दो-तीन तो रोने लगीं। कमरा देखने आई छात्रा ने हंगामा शुरू कर दिया। पलभर में मामला पुलिस तक पहुंच गया। इस घटना के बाद इस हास्टल की पांच छात्राएं यहां से अपना सामान समेटकर निकल गईं, जबकि तीन ने अपनी सहेलियों के यहां शरण ले ली है।
120 से अधिक हैं गर्ल्स हास्टल : प्रयागराज शहर में छोटे-बड़े 120 हास्टल हैं। इसमें से कई गलियों में चल रहे हैं। कई के बारे में तो पुलिस को सूचना तक नहीं है कि उनके क्षेत्र में इस तरह के हास्टल हैं। चार-पांच कमरे में चलने वाले इस हास्टल के बारे में मोहल्ले वालों तक को जानकारी नहीं होती है। जब कहीं कोई घटना होती है तब पता चलता है कि यहां हास्टल चल रहा था। इसके पीछे वजह यह है कि अगर भवन स्वामी इसे हास्टल बताएंगे तो बिजली का बिल और भवन, पानी का टैक्स कामर्शियल हो जाएगा। इस वजह से इसे छिपाया जाता है।
पुलिस को गर्ल्स हास्टल की सूचना नहीं दी जाती : गर्ल्स हास्टल के संबंध में पुलिस अफसरों का सख्त निर्देश है कि इसकी जानकारी संबंधित थाने और चौकी में दी जानी चाहिए ताकि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर उचित कदम उठाया जा सके। वहीं कुछ लोग अपने फायदे के लिए इन निर्देशों को दरकिनार कर देते हैं।
राजापुर के फैयाज ने लगाया था कैमरा : आरोपित आशीष खरे से पूछताछ में पता चला कि शावर में फैयाज नामक युवक ने कैमरा लगाया था। वह राजापुर क्षेत्र का रहने वाला है। शावर में कैमरा लगाते हुए उसकी वीडियो फुटेज भी पुलिस के हाथ लगी है। अब उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि उसने कई जगह पर भी इस तरह के गुप्त कैमरे को लगाया होगा। उसके पकड़े जाने के बाद सभी परतें खुलेंगी।





More Stories
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-
शराब के साथ चार अभियुक्त गिरफ्तार-
शुआट्स के कुलाधिपति, कुलपति समेत 11 के खिलाफ चार्जशीट फाइल-