November 6, 2026

आनलाइन खरीदारी करते समय ध्‍यान रखें, आफर के चक्‍कर में आप कहीं ठगी का तो शिकार नहीं हो रहे-

Spread the love

आनलाइन खरीदारी करते समय ध्‍यान रखें, आफर के चक्‍कर में आप कहीं ठगी का तो शिकार नहीं हो रहे-

 

प्रयागराज- वर्तमान समय में आनलाइन खरीदारी का क्रेज है। विभिन्‍न कंपनियों के माध्‍यम से घर बैठे सामान मंगवाने की सुविधा है। हालांकि आनलाइन खरीदारी में साइबर अपराधियों का पैठ भी बढ़ गया है। असली और नकली के चक्‍कर में फंसकर लोग ठगी के शिकार हो रहे हैं। आफर का लालच भी देकर ठगी हो रही है। इसलिए खरीदारी से पहले अच्‍छी तरह जांच-परख लें कि आप कहीं साइबर अपराधियों के चंगुल में तो नहीं फंस रहे हैं।

 

साइबर अपराधियों ने डाक्टर समेत चार को ठगा : साइबर अपराधियों ने अलग-अलग झांसा देकर प्रयागराज के चार लोगों को ठग लिया है। इनमें एक स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के डाक्टर राजेश कुमार भी हैं। भुक्तभोगियों ने जार्जटाउन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। डाक्‍टर राजेश ने पुलिस को बताया कि टीवी, एसी, बेड समेत कई सामान 26 हजार रुपये में बिक रहा था। इसे खरीदने के दौरान धोखाधड़ी करके उनसे 47 हजार रुपये की ठगी की गई। तुलारामबाग निवासी कुंवर सूर्य प्रताप सिंह से ओएलएक्स पर बाइक बेचने के दौरान अपराधी ने 47 हजार की ठगी की। अल्लापुर निवासी श्रीकृष्ण से पेटीएम के जरिए 99 हजार और देवेंद्र कुमार से एनी डेस्क एप डाउनलोड करवाकर 20 हजार की ठगी की गई।

 

महिला के खाते से उड़ाए सवा पांच लाख रुपये : धोखाधड़ी करके प्रयागराज शहर में भावापुर करेली निवासी दीक्षा पाल के खाते से किसी ने सवा पांच लाख रुपये उड़ा दिए गए। इससे परेशान दीक्षा ने करेली थाने में रणवीर कुमार शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनका खाता बैंक आफ इंडिया गोरखपुर में हैं। उस खाते से रणवीर ने फर्जी ढंग से सवा पांच लाख रुपये निकाले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

आनलाइन सूदखोरों के चंगुल में फंस गई महिला : मोबाइल एप से आनलाइन लोन लेना एक महिला को भारी पड़ गया। छह हजार रुपये का लोन लेने के बाद महिला ने आनलाइन सात हजार दो सौ रुपये दिया, लेकिन उससे 24 सौ रुपये और मांगा जा रहा है। पैसा नहीं मिलने पर लोन देने वाले शख्स ने महिला से गाली-गलौज की और आपत्तिजनक फोटो भेजकर बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। इससे परेशान महिला ने करेली थाने में नवीन शर्मा नामक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

 

मोबाइल एप से लिया था लोन : करेली थाना क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता ने पुलिस ने बताया कि उसने मोबाइल एप से लोन लिया था। इसके बाद जब उसके पास पैसा आ गया तो आनलाइन सात हजार रुपये से अधिक भेज दिया। मगर उससे और अधिक पैसे की मांग की जा रही है। यह भी आरोप है कि नवीन ने उसका मोबाइल हैक कर लिया। उसकी फोटो से छेड़छाड़ करके आपत्तिजनक बनाकर उसे ही भेज रहा है। वह पिछले 15 दिनों से परेशान है। आरोपित गाली-गलौज करते हुए धमकी दे रहा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि यह एक तरह से आनलाइन सूदखोरी जैसा मामला है। फिलहाल प्रकरण की जांच की जा रही है।