युवाओं के लिए CM योगी ने किया बड़ा ऐलान, अगले 100 दिन में 10 हजार सरकारी नौकरी का मिलेगा तोहफाl
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार यहां अपने सरकारी आवास पर प्रदेश के समस्त चयन आयोगों/बोर्डों के अध्यक्षों के साथ एक बैठक में यह अपेक्षा की कि सभी सेवा चयन बोर्ड 100 दिनों का लक्ष्य तय करते हुए 10,000 से अधिक प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान करने की कार्रवाई करें.
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार यहां अपने सरकारी आवास पर प्रदेश के समस्त चयन आयोगों/बोर्डों के अध्यक्षों के साथ एक बैठक में यह अपेक्षा की कि सभी सेवा चयन बोर्ड 100 दिनों का लक्ष्य तय करते हुए 10,000 से अधिक प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान करने की कार्रवाई करें. उन्होंने कहा कि एक सत्र से जुड़ी सभी भर्ती परीक्षाएं उसी सत्र में सम्पन्न हों.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को सरकारी नौकरी से जोड़ने एवं उन्हें रोजगार प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है. राज्य सरकार ने बीते 05 वर्षों में प्रदेश के युवाओं को साढ़े चार लाख सरकारी नौकरियों से जोड़ा है. पहले की तरह प्रदेश सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत से ही युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान करने के लिए सभी चयन आयोगों/बोर्डों को 100 दिवसीय, 06 महीने एवं वार्षिक लक्ष्यों को तय करने के निर्देश दिए हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में आरक्षण के नियमों का पालन किया जाए. भर्ती के विज्ञापन में आरक्षण के नियमों का स्पष्ट उल्लेख हो. भर्ती प्रक्रिया को शुचितापूर्ण, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं भ्रष्टाचारमुक्त बनाने के लिए परीक्षा एजेंसी के चयन एवं परीक्षा केन्द्रों के चयन में विशेष सावधानी बरती जाए. परीक्षा केन्द्रों को निर्धारित करने में शासकीय विद्यालयों को वरीयता दी जाए.
सीएम योगी ने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि कोई भी दागदार छवि वाला केन्द्र, परीक्षा केन्द्र न बने. परीक्षा केन्द्र निर्धारण में अभ्यर्थियों की सहूलियतों का ध्यान रखा जाए. अभ्यर्थियों का वेरीफिकेशन तय समय में पूर्ण किया जाए. उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं को पालीवाल समिति की अनुशंसाओं के अनुरूप करने के निर्देश दिए. साथ ही कहा कि भर्ती परीक्षाओं को सम्बन्धित संस्थाएं शासन, सम्बन्धित विभाग एवं जिला प्रशासन के साथ संवाद एवं समन्वय बनाते हुए पूरी करें.
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया की अवधि को कम करने के सार्थक प्रयास किए जाएं तथा नियुक्ति प्रक्रिया को सरल एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए. भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए. साक्षात्कार पैनल में सदस्यगणों के अतिरिक्त अनुभव प्राप्त व्यक्तियों को भी शामिल किया जाए. उन्होंने कहा कि मृतक आश्रितों की भर्ती प्रक्रिया को बेहतर एवं संवेदनापूर्ण तरीके से निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए.
बैठक के दौरान उ0प्र0 लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष, उ0प्र0 अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष, उ0प्र0 उच्चतर शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष, माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष, उ0प्र0 पुलिस सेवा भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष मौजूद थे.





More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-