June 27, 2026

उत्तर-मध्य भारत में भीषण गर्मी और लू के थपेड़े, जानें अन्य जगहों पर कैसा रहेगा मौसम-

Spread the love

उत्तर-मध्य भारत में भीषण गर्मी और लू के थपेड़े, जानें अन्य जगहों पर कैसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली: उत्‍तर और मध्य भारत में मार्च में ही गर्मी से लोगों के पसीने छूटने शुरू हो चुके हैं. दक्षिण भारत तो गर्मी के लिए जाना ही जाता है. तेज धूप के कारण सुबह 10 बजे के बाद घर बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है. पूरे दिन गर्म हवाएं चल रही हैं. कई राज्यों में अध‍िकतम तापमान 40 ड‍िग्री सेल्‍स‍ियस पहुंच गया है. उत्तर और मध्य भारत में मार्च के महीने में तापमान का 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाना इस बात का परिचायक है कि भीषण गर्मी पड़ने वाली है.

 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 4-5 दिनों में पश्चिमोत्‍तर, मध्‍य और पश्चिमी भारत में गर्म हवाएं चलने की चेतावनी दी है. वहीं, पूर्वोत्‍तर भारत में हल्‍की बारिश होते रहने की संभावना जताई है. महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा, पश्चिम राजस्‍थान, गुजरात, व पश्चिमी मध्‍य प्रदेश में पारा 40-41 डिग्री सेल्सियस छूने लगा है. आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमोत्‍तर और मध्‍य भारत के ज्‍यादातर इलाकों में अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान के धीरे-धीरे बढ़ने के आसार हैं. इसमें 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है.

दक्षिण पंजाब, दक्षिण हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, पश्चिमी मध्‍य प्रदेश, झारखंड, राजस्‍थान, उत्‍तर मध्‍य महाराष्‍ट्र और मराठवाड़ा में 29-31 मार्च तक गर्म हवाएं चलने के आसार हैं. अगले तीन दिनो में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और गुजरात में भी गर्म हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य महाराष्ट्र पर और आस-पास के इलाके में बना हुआ है. इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के रूप में उत्तर पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है.

अगले 24 घंटों के दौरान, पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम और अलग-अलग जगहों पर तेज बारिश हो सकती है. इसले अलावा कर्नाटक, केरल के कुछ हिस्सों के साथ-साथ तमिलनाडु के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश देखी जा सकती है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर और मध्य भारत के लोगों को गर्मी से अभी राहत नहीं मिलेगी. यानी आने वाले दिनों में बारिश के संकेत नहीं हैं. उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पंजाब, ​हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र समेत दक्षिण भारत में इस बार गर्मी कहर बरपाएगी.