April 16, 2026

तेलंगाना के शख्स ने बना दी लकड़ी की ट्रेडमिल, बिना बिजली के करती है काम

Spread the love

हैदराबाद. अपनी फिटनेस के लिए सजग जो लोग ट्रेडमिल खरीदने और घर पर लगाने की योजना बना रहे हैं, वे तेलंगाना के एक शख्स के डिजाइन किए गए इसके पर्यावरण के अनुकूल विकल्प पर एक नजर डाल सकते हैं. इस व्यक्ति का लकड़ी के ट्रेडमिल को डिजाइन करने और बनाने का एक वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट पर सभी उसकी तारीफ कर रहे हैं. उनके अभिनव प्रयास ने राज्य के आईटी मंत्री के.टी. रामाराव का भी ध्यान खींचा है. इस आदमी के अभिनव प्रयोग से चकित के.टी. रामाराव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ट्रेडमिल के वीडियो को रीट्वीट किया. उन्होंने राज्य के प्रोटोटाइप सेंटर, टी-वर्क्स को भी एक नोट के साथ टैग किया और उनसे इस आदमी को अपने साथ जोड़ने और इस तरह के लकड़ी के ट्रेडमिल बनाने में मदद करने का आग्रह किया.

17 मार्च को ट्विटर यूजर अरुण भगवथुला ने एक वीडियो शेयर किया और इस वीडियो को कैप्शन दिया, ‘अद्भुत ट्रेडमिल जो बिना बिजली के काम करती है.’ अभी तक वायरल वीडियो में दिख रहे शख्स की पहचान सामने नहीं आई है. 45 सेकेंड के इस क्लिप वीडियो को अब तक 1,36,000 से ज्यादा बार देखा जा चुका है. वायरल हो रहे वीडियो में एक आदमी को ट्रेडमिल को बनाने के लिए अपने बढ़ईगीरी के कौशल का उपयोग करते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में वह आदमी आसानी से दिखाता है कि ये ट्रेडमिल कैसे काम करता है. वह लकड़ी के हैंडल को पकड़ता है और अपने पैरों को उन हिस्सों पर चलाता है, जिन्हें एक कन्वेयर बेल्ट की तरह जोड़ा गया है. सबसे बड़ी बात ये है कि लकड़ी की ट्रेडमिल बिना किसी बिजली के उपयोग के चलती है.

तेलंगाना के शख्स ने बना दी लकड़ी की ट्रेडमिल, बिना बिजली के करती है काम

वायरल होने के बाद से ही सोशल मीडिया यूजर्स उनकी स्किल्स और क्रिएटिव सोच से प्रभावित नजर आए. एक यूजर ने इस ट्रेडमिल को एक महान नवाचार बताया, जबकि दूसरे लोगों ने ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों को अधिक सहायता देने की बात कही. हालांकि कुछ लोगों ने दावा किया कि ये लकड़ी का ट्रेडमिल देखने में भले ही अच्छा है, लेकिन ये एक मशीन के रूप में बेहतर काम नहीं करेगा. कुछ ऐसे भी यूजर्स थे जिन्होंने यह भी टिप्पणी की कि हैदराबाद के कुछ जिमों में बिजली के बिना काम करने वाले ट्रेडमिल पहले ही लगाए जा चुके हैं.