April 16, 2026

तहरीक-ए-तालिबान ने ई-मेल भेजकर दिल्ली में ब्लास्ट करने की दी धमकी* 

Spread the love

*हाई सिक्योरिटी अलर्ट जारी, कई बाज़ारों में सर्च ऑपरेशन**

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली पर एक बार फिर आतंकी खतरा मंडरा रहा है। तहरीक-ए-तालिबान के इंडिया सेल ने दिल्ली में हमले करने की धमकी दी है। धमकी मिलने के बाद पूरी दिल्ली में हाई सिक्योरिटी अलर्ट जारी कर दिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार देर रात सरोजनी मार्केट समेत कई बाजारों में सर्च ऑपरेशन भी चलाया।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के एक अफसर ने बताया कि तहरीक-ए-तालिबान के नाम से कुछ लोगों को धमकी भरे ई-मेल भेजे हैं, जिनमें दिल्ली में ब्लास्ट करने की बात कही गई है। इन लोगों ने उत्तर प्रदेश पुलिस को इन ई-मेल्स के बारे में शिकायत की। यूपी पुलिस ने तुरंत दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दी। दिल्ली पुलिस ने हमले का इनपुट मिलने के तुरंत बाद संवेदनशील जगहों पर फोर्स बढ़ा दिया।
वहीं, सरोजिनी नगर मार्केट में कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। दिल्ली के कुछ और मार्केट में भी इसी तरह के सर्च ऑपरेशन की खबर है।सरोजिनी नगर मिनी मार्केट ट्रेडर्स एसोशिएशन के अध्यक्ष अशोक रंधावा ने बताया कि सुरक्षा कारणों से बाजार को बंद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘खतरे के मद्देनजर दिल्ली पुलिस को बाजार बंद कराने के आदेश दिए गए हैं।’ हालांकि, दिल्ली पुलिस ने ऐसा कोई आदेश मिलने से इनकार किया है।
दिल्ली पुलिस की तरफ से कहा गया, ‘हमारी टीम सरोजिनी मार्केट में एहतियातन सर्च ऑपरेशन के लिए गई थी. दिल्ली पुलिस के एक अफसर ने बताया कि धमकी भरे मेल करने वाला शख्स तहरीक-ए-तालिबान इंडिया संगठन से जुड़ा है। वहीं, यूपी पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि धमकी भले ही दिल्ली के लिए मिली हो, लेकिन हमने यूपी में भी अलर्ट रहने के लिए कहा है।