April 21, 2026

शिक्षकों ने मतगणना में लगी ड्यूटी का बहिष्कार करने का निर्णय लिया

Spread the love

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संघटक महाविद्यालयों के शिक्षकों ने मतगणना में लगी ड्यूटी का बहिष्कार करने का निर्णय लिया

आक्टा आमसभा की आपात बैठक आक्टा अध्यक्ष डॉ एस पी सिंह की अध्यक्षता में ऑनलाइन सम्पन्न हुई जिसमें इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संघटक महाविद्यालयों के शिक्षकों की मतगणना में लगी ड्यूटी का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। सभी महाविद्यालयों में इस समय स्नातक और परास्नातक की अतिरिक्त कक्षाएं चल रही है। कुछ विभागों में शिक्षकों की भी कमी है, कई शिक्षक राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम करा रहे हैं और अनेक नए शिक्षक ओरियंटेशन और रिफ्रेशर कोर्स में भाग ले रहे हैं। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार के पत्र के अनुसार शनिवार को भी महाविद्यालय खुले हुए हैं और लगातार ऑफलाइन और ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं, जल्द ही परीक्षाएं होने वाली है इसलिए यह संभव नहीं है कि शिक्षक पठन-पाठन और महाविद्यालय के महत्वपूर्ण कार्य छोड़कर अपनी ड्यूटी करें। मतगणना में उन्हीं शिक्षकों की ड्यूटी लगी है जिन शिक्षकों ने सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में अपनी ड्यूटी को निष्ठा पूर्वक किया था और वे लगभग एक सप्ताह अपनी कक्षाएं नहीं ले सके थे।
सेक्टर मजिस्ट्रेट में और फिर मतगणना में उन वरिष्ठ शिक्षकों की भी ड्यूटी लगाई गई है जो कुछ ही महीने या कुछ वर्ष में सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उन शिक्षकों की भी ड्यूटी असिस्टेंट प्रोफेसर के पद नाम से आई है, इन शिक्षकों का वेतनमान सचिव के स्तर का है परंतु ड्यूटी सेक्टर मजिस्ट्रेट और मतगणना पर्यवेक्षक में लगी। बैठक में एक मत से सभी सदस्यों ने यह प्रस्ताव पारित किया कि पद और वेतनमान के अनुरूप ड्यूटी नहीं लगने का भी ऑक्टा विरोध करेगा।

जिन शिक्षकों ने सेक्टर मजिस्ट्रेट की ट्रेनिंग में भाग लिया था और ड्यूटी की थी वह मुख्य विकास अधिकारी के व्यवहार से अत्यंत दुखी और आक्रोशित थे। ट्रेनिंग में सीडीओ ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटओं को धमकी देते हुए कहा था कि यदि जरा भी गलती हुई तो ‘कौवा बना दूंगा’, ‘पटक कर मारूंगा’, ‘गोली मार दूंगा’ जैसे अभद्र और असंसदीय शब्दों का प्रयोग तथा अमर्यादित आचरण किया था। बातचीत में सीडीओ ने ऑक्टा महासचिव के साथ भी अभद्रता से बात की और यह धमकी दी कि जो भी शिक्षक ट्रेनिंग में नहीं आएगा उसके खिलाफ एफ आई आर किया जाएगा। आक्टा मुख्य विकास अधिकारी के व्यवहार के विरोध स्वरूप भी ड्यूटी का बहिष्कार करेगा और इसकी शिकायत राज्य निर्वाचन तथा मुख्य निर्वाचन आयोग को भी करेगा।

बैठक में एकमत से यह कहा गया कि शिक्षकों का कार्य पठन-पाठन करना है चुनाव ड्यूटी करना नहीं है। पठन-पाठन की कीमत पर जबरदस्ती डरा धमकाकर शिक्षकों से चुनाव ड्यूटी कराना उनका अपमान करना है। इसलिए सभी शिक्षक एकमत से मतगणना में लगी ड्यूटी का विरोध करेंगे। बैठक में उपाध्यक्ष डॉक्टर संघ सेन सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ वेद प्रकाश मिश्र, संयुक्त सचिव डॉ अमित पांडे, डॉ अजय श्रीवास्तव, पूर्व महासचिव डॉ उमेश प्रताप सिंह, डॉ धीरज चौधरी, डॉ संजय कुमार निगम सहित सभी महाविद्यालयों के शिक्षक शिक्षिकाओं ने अपने मत व्यक्त किए। सभा का संचालन महासचिव अमित सिंह ने किया।