नई दिल्ली. पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) के नतीजों से पहले कांग्रेस (Congress) किसी भी नुकसान से बचने की तैयारी में जुट गई है. खबर है कि पार्टी ने गोवा (Goa) और उत्तराखंड के संभावित विजेता विधायकों को ‘सुरक्षित’ जगहों पर भेजने का फैसला किया है. पंजाब (Punjab), मणिपुर (Manipur), उत्तराखंड और गोवा में मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई है. वहीं, उत्तर प्रदेश में आज 7वें यानि अंतिम चरण के वोट डाले जा रहे हैं. पार्टी संभावित विजेताओं को राजस्थान में रख सकती है. योजना के जानकार पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल के बीच हुई बैठक में संभावित विजेता विधायकों को सुरक्षित करने का मुद्दा उठाया गया था.
रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान कांग्रेस के एक नेता ने गोपनीयता की शर्त पर बताया, ‘पार्टी उत्तराखंड और गोवा में सरकार बनाने की उम्मीद कर रही है और नेतृत्व विधायकों को बचाने को लेकर काफी गंभीर है.’ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी सोमवार को एक दिन के लिए जयपुर पहुंच रही हैं. नेता ने बताया, ‘वे सीएम से मिलेंगी और खासतौर से चुनाव के बाद के प्रबंधन की चर्चाओं से इनकार नहीं किया जा सकता. सीएम दोपहर 1 बजे उन्हें लेने जयपुर एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं.’
गोवा और उत्तराखंड के विधायकों को जयपुर और जोधपुर के होटलों में भेजा जा सकता है. रिपोर्ट के अनुसार, इन गुजरात और मध्यप्रदेश के विधायकों के मामले में भी पार्टी इन स्थानों का इस्तेमाल कर चुकी है. गोवा में मामले के जानकार पार्टी नेताओं ने बताया कि उम्मीदवारों को गोपनीय स्थानों पर बुलाया जाएगा, जहां से उन्हें राज्य के बाहर सुरक्षित स्थानों पर रखा जाएगा. पार्टी के एक अन्य नेता ने कहा, ‘चुनाव के नतीजों के आधार पर विधायकों को राज्य से बाहर रखा जाएगा और जरूरत पड़ने पर उन्हें वापस लाया जाएगा.’
कांग्रेस ने 40 सीटों वाले गोवा में गोवा फॉरवर्ड पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा है. पदाधिकारियों के अनुसार, कांग्रेस चुनाव के बाद महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के साथ भी गठबंधन को लेकर संपर्क में है. कांग्रेस ने मतगणना से पहले पी चिदंबरम और गोवा प्रभारी दिनेश गुंडु राव को प्रदेश में भेजा है. दोनों रविवार को गोवा पहुंचे. इससे एक दिन पहले ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई बड़े नेताओं के साथ बैठक की थी.
एचटी के अनुसार, देहरादून के एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि वे चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद उम्मीदवारों को ‘गुप्त’ स्थानों पर भेज देंगे. उन्होंने कहा, ‘नतीजों के आधार पर हमारे पास प्लान ए, बी और सी तैयार है. अगर स्थिति बनती है, तो हम हमारे विधायकों को राजस्थान या कुछ को अन्य राज्यों में भेज देंगे.’
जयपुर में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दो राज्यों के नए विधायकों को लाने की जिम्मेदारियां राजस्थान विधायकों को सौंपी जाएंगी. सीएम गहलोत को मतगणना के दिन के लिए उत्तराखंड, पंजाब और गोवा का प्रभारी बनाया गया है. पार्टी नेताओं ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे नए विधायकों की जगह तेजी से बदलने के लिए राज्य के नेताओं के साथ मिलकर कम करेंगे.





More Stories
उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के हाईकोर्ट के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी-
बिना OBC आरक्षण के होंगे UP निकाय चुनाव-
8 सवालों से समझें पूरे गुजरात चुनाव का गणित-