May 13, 2026

यूक्रेन में फंसे छात्रों को लाने के मामले में भाजपा नेता ने की सीएम गहलोत की तारीफ, कहा इस मामले में न हो राजनीति-

Spread the love

*यूक्रेन में फंसे छात्रों को लाने के मामले में भाजपा नेता ने की सीएम गहलोत की तारीफ, कहा इस मामले में न हो राजनीति*

—————————————-

*उद्योग मंत्री रावत ने कहा कि राजस्थान के 1 हजार स्टूडेंट यूक्रेन में फंसे हैं, जिन्हें सुरक्षित वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है*

—————————————-

*केकड़ी_राजस्थान*

राजस्थान विधानसभा में यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों का मुद्दा गरमाया रहा। विधानसभा में सरकार ने इस मसले पर जवाब दिया। राज्य की उद्योग मंत्री शकुंतला रावत ने कहा कि राजस्थान के 1 हजार स्टूडेंट यूक्रेन में फंसे हैं, जिन्हें सुरक्षित वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है। रावत ने कहा कि राजस्थान फाउंडेशन के धीरज श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी बनाया गया है, वे भी लगातार प्रवासी राजस्थानियों और दूतावासों के संपर्क में है। मुख्यमंत्री गहलोत ने इस मामले में प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से भी बातचीत की है। उन्होंने बताया कि यूक्रेन से भारत पहुंचने तक सभी स्टूडेंट्स का खर्चा राज्य सरकार वहन करेगी। उद्योग मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से ईमेल आईडी, हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इन बच्चों का अलग से व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया है, जिनसे संपर्क नहीं हो पाया उनसे भी लगातार संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है। रावत ने कहा कि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डेस्क भी स्थापित की गई है, जिससे उन्हें कोई परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि भारत लौटने के बाद भी बच्चों को घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है, विदेश से लौटने वाले बच्चों ने व्यवस्थाओं को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। मंत्री शकुंतला रावत ने बच्चों के हवाले से कहा कि जितनी बार सरकार के प्रतिनिधियों ने बातचीत की, उतनी बार तो बच्चों के परिजन भी बात नहीं कर पाते थे। उन्होंने कहा कि सभी संभागीय आयुक्त और जिला कलेक्टर को जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार बच्चों के परिजनों से संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे समय-समय पर बच्चों की लोकेशन और वापसी को लेकर अपडेट जानकारी दी जा सके।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत ने यूक्रेन से पोलैंड आए प्रवासी विद्यार्थियों से वीडियो कांफ्रेंस के जरिए बातचीत की है। सीएम ने हालात की जानकारी भी ली है, यही राजस्थान सरकार की हर संभव कोशिश है कि विदेश में पढ़ रहे बच्चों को कोई परेशानी नहीं आए और सभी सकुशल घर वापसी कर सकें। एयर फोर्स के विमानों के जरिए कल से और अधिक संख्या में बच्चों का आना शुरू हो जाएगा।

*इस मामले में राजेंद्र राठौड़ ने की सीएम गहलोत की तारीफ*

उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने यूक्रेन में फंसे बच्चों को लेकर चिंता जताई है। राठौड़ ने कहा कि भारत सरकार ने ऑपरेशन गंगा चलाया, उसके जरिए कई विद्यार्थियों को लाया गया है। हालांकि, इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को धन्यवाद दिया और कहा कि 22 फरवरी से ही सीएम मामले को लेकर सक्रिय हैं। राठौड़ ने कहा कि इस मुद्दे पर किसी को भी राजनीति नहीं करनी चाहिए। उधर, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि यूक्रेन में फंसे बच्चों की वतन वापसी के मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। इसमें हमारी सरकार ने किया, तुम्हारी सरकार ने किया, यह नहीं होना चाहिए। अगर हम सब ने मिलकर किया, यह कहा जाए तो ज्यादा अच्छा होगा। इस मामले में स्पीकर सीपी जोशी ने कहा कि ‘मैं सभी अभिभावकों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि यूक्रेन में फंसे उनके बच्चों को वापस लौटाने के लिए पूरा सदन एकजुट और कृत संकल्प है।