राजस्थान के सीमावर्ती बाड़मेर जिले में पाकिस्तान सीमा से सटे दो गांवों में बुधवार देर शाम धातु के टुकड़े कथित रूप से गिरने से सनसनी फैल गयी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ये विमान के टुकड़े प्रतीत हो रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना से किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है।
बींजराड़ पुलिस थाना क्षेत्र में पोशाल गांव एवं रतासर गांव में बुधवार शाम तेज धमाके की आवाज के साथ आग के गोले के रूप में आकाश से धातु के अलग-अलग टुकड़े गिरे। भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के चलते इस घटना से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि मामले की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। बाड़मेर जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें भी घटना की जानकारी मिली है, लेकिन इस मामले में वायुसेना या किसी भी एजेंसी से कोई जानकारी नहीं मिलने के कारण वह आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कह सकते।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती दो गांवों में सिलेण्ड्रीकल धातु के टुकड़े गिरे हैं, जो संभवत: किसी लड़ाकू विमान के हो सकते है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है जिसके बाद ही आधिकारिक तौर पर कुछ कहा जा सकता है।

More Stories
सिरोही मोहब्बत नगर में 26 वा वार्षिकोत्सव बड़े हर्षोल्लास पूर्वक सम्पन्न हुआ- विजय परमार
गड्ढे मे फंसकर अनियंत्रित कार रेलवे ट्रैक पर चढ़ी, युवक की मौत-
अनियंत्रित बोलेरो सड़क पर रखे ईंट से टकराई सात घायल-