देश व विदेश की ख़बर एक नज़र में
✒️ *यूक्रेन ने रूस के पांच विमान और हेलीकाप्टर को मार गिराया, यूक्रेन ने की पुष्टि- रूसी हमले में 7 की मौत*
रूस के ऐलान के बाद यूक्रेन में लगातार स्थिति बिगड़ती जा रही है। यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई जगह हुए धमाकों के बाद यूक्रेन में मार्शल ला लगा दिया गया है। इतना ही नहीं यूक्रेन के नागरिक इन हमलों से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। दरअसल, रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान’ की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा युद्ध को टाला नहीं जा सकता। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार रूस के राष्ट्रपति ने आदेश जारी करते हुए कहा कि अगर यूक्रेन पीछे नहीं हटता है तो जंग होकर रहेगी। पुतिन ने यूक्रेनी सेना को धमकी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द हथियार डाल दें नहीं तो युद्ध को टाला नहीं जा सकता है। वहीं यूक्रेन से लगातार धमाकों की आवाज सुने जाने की खबर आ रही है। सोशल मीडिया पर भी कई लोग अलग-अलग जगहों पर ब्लास्ट का दावा कर रहे हैं।यूक्रेन का कहना है कि रूसी हमले में कम से कम 7 लोग मारे गए हैं, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। समाचार एजेंसी रायटर्स ने इसकी जानकारी दी है।रायटर्स के मुताबिक यूक्रेन के आंतरिक मंत्रालय का कहना है ब्रोवरी और कीव में 1 व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक के घायल होने की खबर मिली है और पूरे यूक्रेन में गोलाबारी हो रही है।रूस और यूक्रेन के बीच हालात को देखते हुए डेनमार्क के विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन की राजधानी कीव में स्थित अपने दूतावास को बंद कर दिया है। रायटर्स के अनुसार, डेनमार्क ने सुरक्षा का हवाला देते हुए दूतावास को बंद किया है।रायटर्स के मुताबिक रूस समर्थित अलगाववादियों ने दावा किया है कि उन्होंने यूक्रेन के लुहान्स्क क्षेत्र में दो शहरों पर कब्जा कर लिया है।
✒️ *रूसी हमले के बाद यूक्रेन का हवाई क्षेत्र बंद, एयर इंडिया के विमान को बीच से ही दिल्ली लौटना पड़ा वापस*
रूस के हमले का सामना कर रहे पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन ने अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने का ऐलान कर दिया है। इस बीच भारतीयों को वापस लाने के लिए कीव गया एयर इंडिया के एक विमान को बीच से ही वापस लौटना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार जैसे ही यूक्रेनी अधिकारियों ने नागरिक विमान संचालन के लिए देश के हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया था एयर इंडिया और केंद्र सरकार ने इसपर विचार करना शुरू कर दिया था, जिसके बाद यह फैसला हुआ। इस बीच कीव से यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस का एक विमान गुरुवार सुबह करीब 7.45 बजे दिल्ली हवाईअड्डे पर उतरा। STIC समूह की निदेशक अंजू वरिया ने बताया कि उड़ान में 182 भारतीय नागरिक थे और उनमें से अधिकांश छात्र थे। बता दें कि यह समूह भारत में यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस के लिए सामान्य बिक्री एजेंट (जीएसए) है। गौरतलब है कि हफ्तों तक चले तनाव के बाद रूस ने गुरुवार को यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान की घोषणा की। जिसके बाद यूक्रेनी अधिकारियों ने “एयरमैन को नोटिस” जारी किया, जिसमें कहा गया था कि यूक्रेन के भीतर नागरिक विमानों की उड़ानें नागरिक उड्डयन के लिए संभावित खतरे के कारण प्रतिबंधित की गई हैं।
✒️ *रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने किया जंग का ऐलान, यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई जगह हुए जोरदार धमाके*
रूस और यूक्रेन के बीच लगातार बढ़ता ही जा रहा है। दोनों देशों के बीच हालात युद्ध के करीब पहुंच चुके हैं। इसी बीच रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान’ की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा युद्ध को टाला नहीं जा सकता। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार रूस के राष्ट्रपति ने आदेश जारी करते हुए कहा कि अगर यूक्रेन पीछे नहीं हटता है तो जंग होकर रहेगी। पुतिन ने यूक्रेनी सेना को धमकी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द हथियार डाल दें नहीं तो युद्ध को टाला नहीं जा सकता है।रूसी राष्ट्रपति के ऐलान के बाद यूक्रेन के विदेश मंत्री की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा यूक्रेन अपना बचाव करेगा और जीतेगा। पुतिन ने अभी-अभी यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू किया है। यूक्रेन के शांतिपूर्ण शहरों पर हमले हो रहे हैं, यह आक्रामकता का युद्ध है। दुनिया पुतिन को रोक सकती है और उसे भी करना चाहिए। अब कार्रवाई करने का समय है।
✒️ *रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच शेयर बाजार में भूचाल, सेंसेक्स 2000 अंक से ज्यादा टूटा, निफ्टी भी धराशायी*
रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष के चलते भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को भूचाल आ गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के सूचकांक सेंसेक्स ने गुरुवार को 1850 अंक की भारी गिरावट के साथ कारोबार की शुरूआत की। हालांकि, कुछ देर बाद इसमें कुछ सुधार दिखा और सूचकांक 1430 अंक की गिरावट के साथ 55,802 के स्तर पर आ गया। लेकिन ये राहत कुछ देर ही दिखाई दी। फिलहाल, सेंसेक्स 2014 अंक टूटकर 55,217 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। बता दें कि इस गिरावट के चलते निवेशकों के आठ लाख करोड़ रुपये से ज्यादा डूब गए हैं।दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी पर भी युद्ध का असर दिखाई दे रहा है और यह 414 अंकों की भारी गिरावट के साथ 16,648 के निचले स्तर पर खुला। फिलहाल, निफ्टी 609 अंक की गिरावट लेते हुए 16,453 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। बाजार खुलने के साथ ही लगभग 270 शेयरों में तेजी आई है, जबकि 1853 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई और 79 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। जहां एक ओर सेंसेक्स के सारे 30 शेयर लाल निशान पर रहे, वहीं निफ्टी में यूपीएल, टाटा मोटर्स, इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील और आईसीआईसीआई बैंक सबसे ज्यादा घाटे में थे। जबकि नेस्ले मामूली लाभ के साथ एकमात्र बढ़त वाला शेयर था।
✒️ *शेयर बाजार धराशायी: कुछ ही मिनटों में निवेशकों के आठ लाख करोड़ डूबे, यहां जानें इस गिरावट के तीन प्रमुख कारण*
रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष ने नया मोड़ तब ले लिया जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने सैन्य अभियान की घोषणा कर दी।इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी हुआ और गुरुवार को बाजार खुलने के साथ ही धराशायी हो गया। कुछ ही मिनटों के भीतर ही निवेशकों को लगभग आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।गौरतलब है कि बीते कारोबारी सत्र में बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 255.68 लाख करोड़ रुपये था, लेकिन गुरुवार को आई भारी गिरावट के कारण ये 248.09 लाख करोड़ रुपये से भी नीचे पर आ गिरा। फिलहाल, बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 1800 अंक टूटकर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं।
✒️ *हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक मैसेज के लिए एडमिन नहीं होंगे जिम्मेदार*
यदि आप भी किसी व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन हैं तो आपके लिए राहतभरी खबर है। केरल हाईकोर्ट ने अपने एक फैसले में कहा है कि किसी भी व्हाट्सएप ग्रुप में आने वाले किसी भी आपत्तिजनक मैसेज के लिए ग्रुप एडमिन परोक्ष रूप से जिम्मेदार नहीं होगा। कोर्ट ने यह फैसला एक मामले की सुनवाई के बाद सुनाया।दरअसल मार्च 2020 में ‘फ्रेंड्स’ नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में एक वीडियो शेयर किया गया था जिसमें यौन कृत्यों में शामिल बच्चों को दिखाया गया था। इस ग्रुप को भी याचिकाकर्ता ने ही बनाया था और वही एडमिन थे। याचिकाकर्ता के अलावा दो अन्य भी एडमिन थे जिनमें से एक आरोपी था पहले आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 67 बी (ए), (बी) और (डी) और यौन अपराध से बच्चों के संरक्षण अधिनियम की धारा 13, 14 और 15 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में एडमिन होने के नाते याचिकाकर्ता को भी आरोपी बनाया गया जिसके बाद याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।कोर्ट ने कहा कि एक व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन के पास अन्य सदस्यों पर एकमात्र विशेषाधिकार यह है कि वह ग्रुप से किसी भी सदस्य को हटा सकता है या एड कर सकता है। किसी व्हाट्सएप ग्रुप का कोई सदस्य ग्रुप में क्या पोस्ट कर रहा है, इस पर उसका कोई नियंत्रण नहीं है। वह किसी ग्रुप के मैसेज को मॉडरेट या सेंसर नहीं कर सकता है।जस्टिस कौसर एडप्पागथ ने कहा कि आपराधिक कानून में परोक्ष दायित्व केवल तभी तय किया जा सकता है, जब कोई कानून ऐसा निर्धारित करे और फिलहाल आईटी एक्ट में ऐसा कोई कानून नहीं है। उन्होंने कहा कि एक व्हाट्सएप एडमिन आईटी अधिनियम के तहत मध्यस्थ नहीं हो सकता है।
✒️ *केंद्रीय विद्यालयों में अब इस आयु तक के बच्चों को मिलेगा कक्षा एक में प्रवेश*
केंद्रीय विद्यालयों में सत्र 2022-23 से कक्षा एक में छह से आठ साल तक के बच्चों को प्रवेश मिलेगा। पिछले सत्र तक आयु सीमा पांच से सात तक की थी। केवी संगठन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में कक्षा एक में प्रवेश के लिए निर्धारित बच्चों की आयु सीमा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। कक्षा एक के साथ ही कक्षा दो के लिए भी आयु सीमा छह से आठ वर्ष तक ही निर्धारित की गई है। इसी तरह कक्षा तीन में सात से नौ वर्ष, कक्षा चार में आठ से 10, पांच में नौ से 11 वर्ष, छह में 10 से 12 वर्ष, सात में 11-13 वर्ष, आठ में 12-14 वर्ष, नौवीं में 13-15 वर्ष और 10वीं में 14-16 वर्ष तक की आयु सीमा निर्धारित की गई है। यह व्यवस्था इसी सत्र से लागू कर दी गई है। नई शिक्षा नीति में दिए गए प्राविधानों को केंद्रीय विद्यालयों में लागू किए जाने के साथ ही अब एनसीईआरटी के सिलेबस में भी बदलाव की चर्चा चल रही है। शिक्षा नीति में प्राइमरी शिक्षा को कक्षा नर्सरी से कक्षा दो तक किया गया है। ऐसे में इन पांच कक्षाओं के लिए अलग सिलेबस और कक्षा तीन से पांच, पांच से आठ और नौवीं से 12वीं तक के लिए अलग-अलग सिलेबस तैयार किया जा रहा है। नौवीं से 12वीं में सेमेस्टर व्यवस्था लागू की जाएगी।
✒️ *अटक सकता यूपीटीईटी का परिणाम, तय समय पर नहीं जारी हुई संशोधित आंसर की*
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2021 एक बार फिर चर्चा में है। पहले यह परीक्षा पर्चा लीक होने पर रद होने के कारण थी, अब तय समय पर परिणाम जारी न होने की आशंका को लेकर सुर्खियों में है। आशंका जताई जा रही है कि तय तारीख पर रिजल्ट जारी नहीं हो सकता है।उत्तर प्रदेश परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने जब परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया था, तब चुनाव आचार संहिता नहीं लगी थी। ऐसे में पूर्व घोषित कार्यक्रम के मुताबिक 25 फरवरी को परिणाम घोषित करने के लिए शासन से अनुमति मांगी, लेकिन बुधवार शाम तक अनुमति नहीं मिली थी। ऐसे में बुधवार को जारी होने वाली संशोधित उत्तरमाला (आंसर की) भी जारी नहीं हो सकी। अंतिम उत्तर कुंजी डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को पीएनपी की आधिकारिक वेबसाइट updeled.gov.in पर जाना होगा।पीएनपी ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के मुताबिक यह परीक्षा 23 जनवरी को दो पालियों में कराई। इसके बाद निर्धारित समय पर उत्तरमाला जारी कर अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी गई। इसके बाद विषय विशेषज्ञों की समिति के माध्यम से आपत्तियों का निस्तारण कर संशोधित उत्तरमाला तैयार की गई। परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार संशोधित उत्तरमाला वेबसाइट पर 23 फरवरी को जारी की जानी थी।अब प्रदेश में विधानसभा चुनाव के कारण आचार संहिता लगी है। वैसे तो यह पात्रता परीक्षा है, लेकिन आचार संहिता के चलते कोई प्रश्न न खड़ा हो, इस कारण सचिव ने शासन से परिणाम घोषित करने के लिए अनुमति मांगी। शासन में अनुमति की फाइल विचाराधीन है। समाचार लिखे जाने तक अनुमति नहीं मिल सकी थी। सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने बताया कि शासन से अनुमति मिलने पर परिणाम घोषित किया जाएगा।
✒️ *पुरोहितों और बुजुर्ग संतों के हित में बड़ा कदम, पुरोहित कल्याण बोर्ड गठित करेगी यूपी सरकार*
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पुरोहितों और बुजुर्ग संतों के हित में बड़ा कदम उठाएगी। सरकार प्रदेश में ‘पुरोहित कल्याण बोर्ड’ गठित करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट के माध्यम से यह जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट में यह भी कहा है कि हम संस्कृत के हर विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों के लिए विशेष छात्रवृत्ति की व्यवस्था करने जा रहे हैं।कथा व्यास शास्त्री शिवाकांत महाराज ने बीते दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर पुजारियों, पुरोहितों के हित में उनके सम्मुख यह मांगें रखी थीं। मुख्यमंत्री की ओर से मांगों को स्वीकार करते हुए पुरोहित कल्याण बोर्ड का गठन करने और संस्कृत विद्यालयों के छात्रों के लिए विशेष छात्रवृत्ति की घोषणा करने पर शिवाकांत महाराज ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों रायबरेली में जनसभा को संबोधित करते हुए ऐलान किया था कि चुनावी नतीजों के आने के बाद बीजेपी सरकार पुरोहित कल्याण बोर्ड का गठन करेगी। उन्होंने मंच से ऐलान किया कि संस्कृत पढ़ने वाले छात्रों को विशेष छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये छात्र आगे चलकर राष्ट्र और समाज निर्माण में अपना योगदान देंगे। सीएम योगी ने कहा कि बीजेपी की डबल इंजन की सरकार में खुशहाली व तरक्की के नए अवसर खुले हैं। उच्च व रोजगारपरक शिक्षा से प्रदेश के युवाओं के जीवन मे नव प्रभात लाना डबल इंजन की भाजपा सरकार का लक्ष्य है।
✒️ *ईवीएम के अंतिम राउंड से पहले मतपत्रों की गिनती करनी होगी पूरी नहीं तो रोक दी जाएगी मतगणना*
प्रशासन ने मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू करा दिया है। मतगणना के दौरान निर्वाचन आयोग से निर्धारित किए गए नियमों का पालन किया जाएगा। विधानसभा वार बने पंडालों में ईवीएम व मतपत्रों के वोटों की गिनती एक साथ सुबह आठ बजे शुरू होगी, लेकिन ईवीएम के अंतिम राउंड से पहले हर हाल में मत पत्रों की गिनती करनी होगी। अगर मत पत्रों की गिनती अंतिम राउंड तक पूरी नहीं हो पाती है तो फिर ईवीएम के वोटों की गिनती रोक दी जाएगी। इसके बाद पहले पूरे मत पत्र गिने जाएंगे। फिर ईवीएम का अंतिम राउंड खत्म होगा। इसके साथ ही प्रत्याशी मतगणना से 48 घंटे पहले मतगणना हाल में मौजूद रहने वाले एजेंट की सूची निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उपलब्ध कराएंगे।जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 3134 बूथ हैं। 10 फरवरी को इन सभी बूथों पर मतदान संपन्न हो चुका हैं। जिले की सातों विधानसभा सीटों पर इस बार कुल 27.65 लाख मतदाताओं में से 17.19 लाख ने अपने अधिकार का प्रयोग किया। इनमें 9.21 लाख पुरुष, 7.97 लाख महिला व 16 अन्य मतदाताओं ने वोट डाले। यह कुल मतदाताओं का 62.17 फीसद था। मतदान के बाद सभी ईवीएम को विधानसभा वार धनीपुर मंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया है। मतगणना के लिए विधानसभा क्षेत्रवार पंडाल होंगे। सात पंडाल बनेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 14 टेबल लगेंगी। इस हिसाब से 98 टेबल लगेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक-एक एआरओ की टेबल होगी। सुबह आठ बजे से मतगणना की शुरुआत होगी। मतपत्र व ईवीएम के वोटों की गिनती एक साथ शुरू होगी। एआरओ टेबल पर मत पत्र गिने जाएंगे। वहीं, अन्य टेबल पर ईवीएम के वोट गिने जाएंगे। ईवीएम के अंतिम राउंड से पहले हर हाल में मत पत्रों की गिनती करनी होगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि सर्विस मतदाताओं के मत पत्रों को स्कैन भी किया जाएगा। वहीं, बुजुर्ग, दिव्यांग व कार्मिक मतदाताओं की गिनती सीधे ही शामिल हाेगी।
✒️ *अलीगढ़ डीएस की कैंटीन में बिना कालेज ड्रेस के नहीं घुस सकेंगे छात्र, गेट पर ब्लैक कैट सिक्योरिटी*
अलीगढ़ डीएस डिग्री कालेज में मंगलवार को बाहरी तत्वों की ओर से छात्रों की पिटाई के प्रकरण में बुधवार को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को लेकर प्राचार्य, प्राक्टोरियल टीम व पुलिस अफसरों के बीच मैराथन चर्चा की गई। इसके तहत फैसला किया गया है कि कालेज की कैंटीन में बिना कालेज ड्रेस के किसी छात्र-छात्रा को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। साथ ही मुख्य गेट पर गन से लैस ब्लैक कैट सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहेंगे। कालेज प्रशासन का मानना है कि कैंटीन पर बेवजह की भीड़ भी विवादों का कारण बनती है। इस पर अंकुश लगाया जाएगा।कालेज में पुलिस की गाड़ियों की आवाजाही के बीच सन्नाटा छाया रहा। छात्र-छात्राएं मुख्य गेट से सीधे कक्षाओं में और कक्षाओं से निकलकर सीधे गेट के बाहर गए। कालेज के किसी पार्क या मैदान में ग्रुप बनाकर बैठक नहीं लगी। चीफ प्राक्टर डा. मुकेश भारद्वाज ने बताया कि कालेज के मुख्य गेट को बदलने व बाउंड्री को ऊंचा कराने पर भी विचार किया गया है। कालेज में नया वाहन पार्किंग स्थल भी तैयार करने पर चर्चा हुई है। मगर इन सब कामों को करने में थोड़ा समय लगेगा। प्रबंध समिति के साथ भी बैठक कर इन बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। अभी कालेज में परीक्षाएं चल रही हैं, परीक्षाओं के बाद बिना कार्ड किसी को गेट के अंदर नहीं आने दिया जाएगा। प्राचार्य आरके वर्मा ने बताया कि बंदूकधारी सिक्योरिटी गार्ड मुख्य गेट पर तैनात होंगे। साथ ही कालेज में कुछ चेक प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। जहां विद्यार्थियों की पहचान की पड़ताल होगी। बताया कि पुलिस के संपर्क में चीफ प्राक्टर प्रतिदिन रहेंगे। पुलिस विभाग की ओर से कालेज के बाहर पूरी चौकसी रखने का आश्वासन मिला है।
✒️ *अलीगढ़ में मतदाताओं के उत्पीड़न की शिकायत लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे बसपाई एडीएम सिटी से भिड़े*
अलीगढ़ में मतदाताओं के उत्पीड़न की शिकायत लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे बसपाई एडीएम सिटी राकेश पटेल से भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर गरमागरमी हुई। बसपा जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह का आरोप है कि एडीएम सिटी जातिगत भावना से काम कर रहे हैं। उन्होंने इनकी शिकायत डीएम के अलावा प्रेक्षक व चुनाव आयोग से भी की। डीएम के हस्तक्षेप के बाद एडीएम वित्त एवं राजस्व ने मामले की सुनवाई करते हुए बसपाइयों का ज्ञापन लिया। वहीं, एडीएम सिटी ने सभी आरोपों का सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि बसपाई जो शिकायत लेकर आए थे, उसका समाधान किया। बसपा जिलाध्यक्ष व्यक्तिगत आरोप लगा रहे थे, यह गलत है। चुनाव आयोग के नियमों के तहत ही चुनाव संपन्न कराया गया है। बसपा जिलाध्यक्ष रतन दीप सिंह ने बताया कि बुधवार को दोपहर बसपा का एक प्रतिनिधि मंडल डीएम से मिलने कलक्ट्रेट गया था। अवकाश पर होने के कारण डीएम ने उन्हें एडीएम सिटी से मिलने की सलाह दी। वह एडीएम सिटी से मिलने गये। यहां उन्होंने विधानसभा चुनावों में पार्टी को वोट देने वाले मतदाताओं के उत्पीड़न व धमकाए जाने, चुनाव प्रभावित करने के लिए महिलाओं तक पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की शिकायत की, लेकिन एडीएम सिटी ने बिना बात सुने ही प्रतिनिधि मंडल के एक साथ आने पर आपत्ति जताई। जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो गलत शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि यह पहला मौका नहीं हैं, जब उनके पार्टी के पदाधिकारियों के साथ भेदभाव किया गया है। इससे पहले मतदान के बाद अगले दिन वह और बरौली विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी नरेंद्र शर्मा धनीपुर मंडी में ईवीएम स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए जगह देखने गए थे, लेकिन एडीएम सिटी ने अंदर जाने की अनुमति नहीं दी, जबकि वहां सपा के लोग अंदर मौजूद थे। मतदान वाले दिन उनके घर पर पुलिस व सेक्टर मजिस्ट्रेट लगा दिए गए थे। उन्हें रेाकने की कोशिश की गई। अब इन मामलों की शिकायत उन्होंने चुनाव आयोग, प्रेक्षक व डीएम से की जाएगी।
✒️ *यूपी में अब मेडिकल स्टोर पर सीसीटीवी कैमरे लगाना जरूरी, नशीली दवाओं बिक्री पर रखी जाएगी सख्त नजर*
किशोरों को नशीली दवाओं के इस्तेमाल से दूर रखने के लिए नई पहल की गई है। अब उत्तर प्रदेश की दवा की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। समय-समय पर जिलों में औषधि निरीक्षकों द्वारा मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी। अगर बिना डाक्टर के पर्चे के शेड्यूल एच-वन और एक्स की दवाएं देते कोई मेडिकल स्टोर पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जल्द से जल्द सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) के निर्देश पर यह कदम उठाए जा रहे हैं।उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में डीएम की अध्यक्षता में 14 सदस्यीय कमेटी का गठित की गई है। इसमें स्वास्थ्य, पुलिस, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, आबकारी व समाज कल्याण विभाग आदि के अधिकारी शामिल हैं। यह संयुक्त एक्शन कमेटी बनाई गई है। ऐसे मेडिकल स्टोर जो शेड्यूल एच-वन व एक्स की दवाएं बेच रहे हैं, उनकी कड़ी निगरानी सीसीटीवी कैमरे की मदद से होगी।दरअसल, कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों को दर्द से बचाने के लिए जो दवाएं दी जाती हैं, उनमें मारफीन होती है। नशे के लिए इसका प्रयोग किया जाता है। डाक्टर मरीज को पर्चे पर निश्चित डोज लिखता है। वहीं मेडिकल स्टोर से बिना पर्चे के किशोर चोरी छिपे इसकी अत्याधिक मात्रा का सेवन नशे के लिए करते हैं। ऐसे में शिकंजा कसने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
✒️ *पीलीभीत में किस मुद्दे पर गिरा मुस्लिम वोट, मुस्लिम महिलाओं ने किसका किया समर्थन*
यूपी मेें हुए चौथे चरण के मतदान में पीलीभीत में मुस्लिम आबादी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुस्लिम मतदाताओं का रुख टटोलने के लिए जागरण टीम ने पोलिंग बूथ से बाहर निकल रहे मुस्लिम मतदाता से बातचीत की। मतदाता सरफराज खान से मुद्दे पूछे तो उन्होंने कहा हम गाड़ी चलाने वाले लोग हैं। पेट्रोल, डीजल बहुत महंगा है। टोल टैक्स की मार अधिक है। वाहनों के चालान बड़ी संख्या में हो रहे हैं। सरफराज के साथ हामी भरते हुए एक बुजुर्ग मुस्लिम मतदाता बोल पड़े कि बेरोजगारी और महंगाई बहुत बढ़ गई है। दबी जुबान से ही सही लेकिन मुस्लिम परिवार ने सत्ता परिवर्तन की इच्छा जाहिर की।मतदाताओं का रुझान जानने रामलुभाई साहनी महिला महाविद्यालय स्थित बूथ पर पहुंचे। बूथ पर सिविल लाइन नार्थ से एक युवा मुस्लिम दंपती मतदान करने जा रहा था। पूछा गया किस मुद्दे पर वोट करने जा रहे हैं तो महंगाई का दर्द छलक आया।हमने राशन मिलने की बात कही तो महिला तपाक से बोल पड़ी जितना गल्ला दिया उतना निचोड़ लिया। बूथ से बाहर निकले तो कुछ मुस्लिम युवा मतदाता खड़े मिल गए। चुनावी रुझान जाना तो शिक्षा की बदहाली पर बात करने लगे।साहिल खान बोले नौकरी नहीं मिल रही। मुद्दसर खां और हस्सान खान ने कहा कि जनपद में उच्च शिक्षा का बेहतर प्रबंध न होने से निराशा हुई है।
✒️ *कोरोना की लहर कम होते ही अमरनाथ यात्रा की तैयारी तेज, बाबा के भक्तों में खुशी*
कोविड की लहर कम होते देख जम्मू में अमरनाथ यात्रा की तैयारी शुरू हो गई है। इससे शिवभक्तों में खुशी है। जिले से करीब पांच हजार श्रद्धालु बाबा अमरनाथ की यात्रा में जाते हैं। इससे यहां भी शिव भक्तों ने तैयारी शुरू कर दी है। कोरोना के चलते लगातार दो साल से अमरनाथ यात्रा नहीं हो पा रही थी।ओम श्री अमरनाथ सेवा मंडल के उपाध्यक्ष पंकज वाष्र्णेय का कहना है कि जून के अंत में या फिर जुलाई के पहले सप्ताह में बाबा अमरनाथ की यात्रा शुरू हो जाती है। दो महीने पहले से ही रजिस्ट्रेशन आदि की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। इसके लिए तमाम कागजी कार्रवाई करनी होती है। श्रद्धालुओं को समय से सूचना मिल जाती है तो वो तैयारी में जुट जाते हैं। प्रसन्नता की बात है कि इस बार जम्मू में अमरनाथ यात्रा को लेकर तैयारी तेज हो गई है। श्राइन बोर्ड से जुड़े अधिकारियों ने यात्रा को लेकर मार्ग आदि का निरीक्षण भी करना शुरू कर दिया है। पंकज वाष्र्णेय ने बताया कि अमरनाथ यात्रा में बुनियादी सुविधाएं बढ़ाए जाने की तैयारी है। यात्रा को सुलभ करने के लिए पड़ाव स्थलों का विस्तार करने पर ध्यान दिया जा रहा है। क्योंकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पड़ाव स्थल सबसे बड़ा सहारा बनते हैं। बताया गया है कि श्रीनगर में 2800, रामवन के चंद्रकोट में 3200 और जम्मू के मजीन में 3000 श्रद्धालुओं की क्षमता वाले आधुनिक पड़ाव स्थलों का निर्माण किया जाएगा। पंकज ने बताया कि कोरोना अब काफी कम है, इससे पूरी संभावना है कि इस बार यात्रा जरूर होगी। दो साल से श्रद्धालु बाबा के दर्शन नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए इस बार लाखों की संख्या में बाबा के भक्त पहुंचेंगे।साभार

More Stories
आज आसमान में ऐसा खगोलीय नजारा देखा जा रहा जिसमें सूरज के चारों ओर सतरंगी इंद्रधनुषीय घेरा बना हुआ-
चीन के बीजिंग में अस्पताल में आग-
कोरोना के नए वैरिएंट के कारण संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे-