*पूर्व मंत्री रामभुआल निषाद की पत्नी के दोनों असलहों के लाइसेंस होंगे निरस्त*
देवरिया: रुद्रपुर से सपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री रामभुआल निषाद की पत्नी मीरा देवी के दोनों असलहों के लाइसेंस निरस्त होंगे। मदनपुर थानाध्यक्ष बीबी राजभर ने इस संबंध में रिपोर्ट एसपी को भेज दी है। दोनों असलहों के साथ पूर्व मंत्री रामभुआल निषाद के चुनाव प्रचार करने का वीडियो वायरल होने पर मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद यह कार्रवाई शुरू की गई है।
गोरखपुर के दवनाडीह गांव के रहने वाले पूर्व मंत्री रामभुआल निषाद रुद्रपुर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी हैं। उनकी ससुराल तरकुलवा थानाक्षेत्र के जमुनी गांव में है। उनकी पत्नी मीरा देवी ने अपने मायके जमुनी गांव के पते पर रायफल व डबल बैरल बंदूक का लाइसेंस जारी कराया है। इन असलहों को चुनाव में जमा नहीं किया गया है। सपा प्रत्याशी रामभुआल निषाद दोनों असलहों के साथ मदनपुर कस्बे में चुनाव प्रचार कर रहे थे, जिसका वीडियो वायरल होने पर जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया। पुलिस ने रामभुआल निषाद समेत 53 समर्थकों के विरुद्ध आदर्श आचार संहिता, आपदा अधिनियम व दो के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। यह कार्रवाई मदनपुर थानाध्यक्ष बीबी राजभर की तहरीर पर हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों असलहे तरकुलवा थाने के जमुनी गांव के पते पर जारी हुए हैं। रुद्रपुर से सपा प्रत्याशी रामभुआल निषाद की पत्नी के नाम से रायफल व डबल बैरल बंदूक का लाइसेंस देवरिया से जारी किए गए हैं, जिसके साथ वह चुनाव प्रचार कर रहे थे। दोनों असलहों के लाइसेंस निरस्त किए जाने के संबंध में कार्रवाई की जा रही है।





More Stories
यूपी विद्युत नियामक आयोग ने 8 मई को बुलाई बड़ी बैठक –
यूपी में 4 मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान से पहले भारत-नेपाल की सीमा को किया जाएगा सील-
सीआईएसएफ की परीक्षा में पकड़े गए दो मुन्ना भाई-